निगम अधिकारियों ने साइकिल से किया वार्ड का दौरा
सफाई और सुलभ शौचालयों का लिया जायजा
भिलाईनगर। शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और जमीनी हकीकत जानने के लिए नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पहल की। स्वास्थ्य अधिकारी और जनसंपर्क अधिकारी के नेतृत्व में पूरी टीम ने किसी सरकारी वाहन के बजाय साइकिल से बैकुंठधाम वार्ड का सघन निरीक्षण किया।
इस दौरान टीम ने वार्ड का मुख्य मार्गों के साथ-साथ तंग गलियों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था और सुलभ शौचालयों की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से जावेद अली स्वास्थ्य अधिकारी, तिलेश्वर साहू जनसंपर्क अधिकारी, वीरेंद्र बंजारे सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, भोला साहू पार्षद प्रतिनिधि
एवं सुपरवाइजर विनोद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे ।
साइकिल से भ्रमण करते हुए निरीक्षण दल ने क्षेत्र में स्थित सुलभ शौचालय का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने शौचालय में पानी की उपलब्धता, लाइटिंग और नियमित सैनिटाइजेशन की स्थिति को देखा। उन्होंने सफाई सुपरवाइजर को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
"साइकिल से निरीक्षण करने का मुख्य उद्देश्य उन गलियों तक पहुंचना था जहाँ गाड़ियां आसानी से नहीं जा पातीं। इसके साथ ही ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक नियंत्रण एवं आर्थिक बचत उद्देश्य है। साथ ही इससे सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का पता चला है। कमियों को दूर करने के लिए सुपरवाइजर्स को तत्काल निर्देश दिए गए हैं।"
दौरे के दौरान पार्षद प्रतिनिधि भोला साहू की मौजूदगी में अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात की और उनसे सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। नागरिकों ने अधिकारियों को अपनी समस्याएं रखीं, जिसके त्वरित निराकरण के लिए सहायक स्वास्थ्य अधिकारी वीरेंद्र बंजारे को जिम्मेदारी सौंपी गई।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक और जमीनी निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।













Leave A Comment