निगम ने बाधित सड़क को व्यवस्थित किया
भिलाईनगर। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव एवं सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा पावर हाउस चौक क्षेत्र में अवैध रूप से सड़क किनारे लगाए गए ठेला, खुमचा एवं अस्थायी अतिक्रमणों पर बेदखली कार्यवाही की गई। निगम की बेदखली टीम ने मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात बाधित करने वाले अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित कराया।
कार्यवाही के दौरान निगम अधिकारियों ने ठेला संचालकों एवं दुकानदारों को समझाइश देते हुए सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि अवैध रूप से ठेला एवं गुमटी लगाए जाने से यातायात प्रभावित होता है तथा दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। नगर निगम की टीम ने पावर हाउस चौक क्षेत्र में कई स्थानों से अतिक्रमण हटाते हुए मार्ग को सुगम बनाया। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी भी दी गई। नगर निगम भिलाई द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी रखने की बात कही गई है।











Leave A Comment