श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित सास ने सुशासन तिहार में अपनी बहु का भी बनवाया श्रमिक कार्ड
0- त्वरित रूप से श्रमिक कार्ड बनने पर सास-बहु के चेहरों पर आई मुस्कान, शासन का जताया आभार
बालोद. सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण इलाकों में लोगों को सीधे और बेहद आसान तरीके से मिल रहा है। इसका एक जीता-जागता उदाहरण बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखड के ग्राम संजारी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में देखने को मिला है, जहाँ एक ही परिवार की दो पीढ़ियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला है।
शिविर में पहुॅची ग्राम अतरगांव की रहने वाली सुनीति देवांगन पिछले कई सालों से शासन की योजनाओं का लाभ ले रही हैं। साल 2016 में उनका श्रम कार्ड बना था, जिसके जरिए उन्हें अपनी बेटी की शिक्षा के लिए दूसरी कक्षा से लेकर 12वीं तक नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिला। इतना ही नहीं, बेटी के 18 वर्ष पूरे होने पर उन्हें नोनी सशक्तिकरण योजना का भी फायदा मिला। अब इसी कड़ी में जब सुनीति देवांगन की बहू का श्रमिक कार्ड नहीं बना था, तो वे उसे लेकर सीधे सुशासन तिहार के तहत आयोजित ग्राम संजारी के शिविर में पहुंची। शिविर में उनकी बहु श्रीमती श्वेता ने बताया कि आज वे सुशासन शिविर में अपनी सास के साथ पहुंची है। यहाँ उसने श्रमिक कार्ड के लिए आवेदन किया और तुरंत ही उनका श्रमिक कार्ड बनकर तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के शिविर में आने से हमारा काम बहुत जल्दी हो गया, जो देखकर बहुत अच्छा लगा। हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं जो ऐसी योजनाएं चला रहे हैं और हम सबको इसका लाभ दे रहे हैं। सुशासन तिहार के शिविरों के माध्यम से बिना किसी देरी के, मौके पर ही सरकारी दस्तावेज और कार्ड बन जाने से ग्रामीणों में भारी उत्साह है। शासन की इस त्वरित सेवा और पारदर्शी व्यवस्था की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।










Leave A Comment