ब्रेकिंग न्यूज़

 कांग्रेस शासनकाल का 'माफिया राज' भूले नहीं हैं छत्तीसगढ़ के लोग : भाजपा

-प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय पीसीसी अध्यक्ष बैज के बयान पर जमकर बरसीं, कहा : भूपेश सरकार में अपराधियों को मिलता था 'शाही संरक्षण'
-'​कांग्रेस के शासनकाल में शांत प्रदेश बन गया था अपराध गढ़, भाजपा सरकार कड़ा अभियान चलाकर कायम कर रही है कानून का राज'
 ​रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए इसे पूरी तरह से हास्यास्पद और 'खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे' जैसा व्यवहार बताया है। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि जिस दल ने अपने 5 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को अपराधियों, जुआरियों, सटोरियों और माफियाओं का 'सुरक्षित गढ़' बना दिया था, आज वही कांग्रेस कानून-व्यवस्था पर उपदेश दे रही है। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस शासनकाल के उस काले दौर को भूली नहीं है जब अपराध और भ्रष्टाचार को सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त था।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ​श्रीमती पाण्डेय ने   कहा कि बैज को अपनी याददाश्त दुरुस्त करनी चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में ​कोयला माफिया, रेत माफिया और शराब माफिया की मुख्यमंत्री निवास तक सीधी पहुँच होती थी। ​हजारों करोड़ का शराब घोटाला, कोयला घोटाला और महादेव सट्टा ऐप का काला कारोबार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के आशीर्वाद से फला-फूला, जिसके आरोपी और अधिकारी आज भी जेल की हवा खा रहे हैं। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि ​राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में सरेआम गैंगवार, फिरौती और अपहरण की घटनाएं रोज की बात बन चुकी थीं। बिलासपुर में सरेआम गोलीबारी और दुर्ग-भिलाई में गैंगस्टर्स का खुलेआम घूमना कांग्रेस राज की 'कानून व्यवस्था' का असली चेहरा था। बैज द्वारा पुलिस और प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप पर कड़ा प्रहार करते हुए श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 5 साल राजनैतिक प्रतिशोध की पराकाष्ठा थे। भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करना, उन्हें जेलों में ठूँसना और असहमति की आवाज को दबाना भूपेश बघेल सरकार का एकमात्र एजेंडा था। यहाँ तक कि कांग्रेस ने अपने ही दल के वरिष्ठ नेताओं और झीरम घाटी के शहीदों के परिवारों के साथ न्याय नहीं किया और जांँच को दबाए रखा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ​श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना रही है। पेंड्रा, रायपुर और देवभोग सहित जहाँ भी अप्रिय घटनाएँ हुई हैं, पुलिस ने बिना किसी राजनैतिक दबाव के तत्परता से काम करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है। सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाले और दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ हमारी पुलिस लगातार 'बुलडोजर' और धरपकड़ की कार्रवाई कर रही है। नशे के सौदागरों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर उनके नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार में जो जुआ, सट्टा और अवैध रेत उत्खनन सत्ता के संरक्षण में चलता था, आज उस पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि दरअसल कांग्रेस अपनी  ​खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रही है। छत्तीसगढ़ में जब से भाजपा की सुशासन वाली सरकार आई है, जनता ने राहत की साँस ली है। कांग्रेस अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए हर घटना को लेकर ओछी राजनीति करने का कुत्सित प्रयास कर रही है। बैज को झूठी बयानबाजी करने के बजाय पहले अपनी पार्टी के उस अतीत के लिए छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगनी चाहिए, जिसमें उन्होंने शांत प्रदेश को अपराध का टापू बना दिया था।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english