अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ ने गांधी जयंती पर चलाया स्वच्छता अभियान

-अंतःकरण की शुद्धि के साथ बाह्य स्वच्छता का लिया संकल्प
रायपुर ।: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ रायपुर के कार्यकर्ताओं द्वारा एक विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम गायत्री शक्तिपीठ, दावड़ा कॉलोनी परिसर में पूरी तल्लीनता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
युवा प्रकोष्ठ प्रभारी श्री आशीष राय ने बताया कि इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने गायत्री शक्तिपीठ दावड़ा कॉलोनी परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान करते हुए कचरे की सफाई की और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इस सेवा कार्य में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आने वाले दिनों में अपने घर, गली, मोहल्ले, परिसर और कार्यस्थलों को निरंतर स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया।
मीडिया प्रभारी प्रज्ञा प्रकाश निगम ने बताया कि युवा कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित प्रबुद्धजनों ने इस अवसर पर गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की इस सीख को दोहराया कि ’’व्यक्ति को अंतःकरण की शुद्धि के साथ-साथ बाह्य स्वच्छता का ध्यान रखना भी साधना की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।’’ उन्होंने बताया कि शारीरिक और मानसिक पवित्रता के साथ सामाजिक निर्मलता ही सच्चे राष्ट्र निर्माण का आधार है।
स्वच्छता अभियान के पश्चात शक्तिपीठ परिसर में जिला समन्वयक श्री लच्छूराम निषाद एवं दावड़ा काॅलोनी शक्ति पीठ के प्रमुख ट्रस्टी श्री सुखदेव देवांगन की उपस्थित में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमेे युवा परिजनों के द्वारा आगामी दिनों में चलाए जाने वाले रचनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। इस दौरान गायत्री परिवार के सृजनात्मक, आध्यात्मिक और लोक-कल्याणकारी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को नैतिक मूल्यों से जोड़ने तथा व्यसनमुक्ति और पर्यावरण संरक्षण अभियानों को और अधिक तीव्र करने पर विस्तार से चर्चा की गई तथा माह नवंबर में प्रस्तावित युवा शिविर के लिये नये युवाओं को जोड़ने की योजना तैयार की गई। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और राष्ट्र कल्याण की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।
स्वच्छता अभियान में प्रमुख रुप से श्रीमती लता देवांगन, भारती साहू, श्रद्धा, प्रगति, मेघा, नेहा, हुस्मिता, पीतांबर साहू, दिनेश साहू, हुलास राम, पूर्णानंद, खोमन, देवेंद्र निषाद, खुशाल भोजराज, शौर्य, वैभव, हितेश, यश, आशुतोष सहित रायपुर शहर के दर्जनों युवा कार्यकर्ता और गायत्री परिवार के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।













Leave A Comment