फ्लाईदुबई का पायलट 'नायक', एक प्लंबर ने गिरते विमान को संभाला: ट्रंप
वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई के पायलट को ''नायक'' बताते हुए उसकी सराहना की, जिसने सह-पायलट के चाकू से किए गए हमले का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए आवाज लगाई, जिससे विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश नाकाम हो गई। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। ट्रंप के अनुसार नेतन्याहू ने उन्हें बताया कि एक 'प्लंबर', जिसने कभी विमान नहीं उड़ाया था, उसने दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। यह विमान बाद में सऊदी अरब में उतरा। विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश को नाकाम करने वाले पायलट की पहचान भारतीय नागरिक स्मित मच्छार के रूप में हुई है। नेतन्याहू समेत कई अन्य लोगों ने उन्हें ''नायक'' बताया है। ट्रंप ने नेतन्याहू से हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, ''पायलट की हालत बहुत खराब थी और मेरा अनुमान है कि अब भी उसकी हालत बहुत खराब है, लेकिन उसने अद्भुत सूझबूझ दिखायी। एक तरह से वह नायक है।'' ट्रंप ने कहा कि पायलट ने पीछे की ओर गिरते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए चिल्लाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ''ऐसा लगता है कि सह-पायलट शायद आतंकवादी था या शायद मानसिक रूप से अस्थिर था और उसने पायलट पर चाकू से हमला किया।'' इसके बाद ट्रंप ने एक इजराइली यात्री के ''अद्भुत'' हस्तक्षेप का जिक्र किया, जिसकी पहचान उन्होंने एक प्लंबर के रूप में की। ट्रंप ने कहा कि इस यात्री ने कभी विमान नहीं उड़ाया था, लेकिन वह कॉकपिट में गया, सह-पायलट को उसकी सीट से खींचकर बाहर निकाला और उसे पीछे की ओर धकेल दिया, जिसके बाद अन्य यात्रियों ने उसे काबू करने में मदद की। ट्रंप के अनुसार, उस यात्री ने बाद में बताया कि उसने टेलीविजन कार्यक्रम 'एयर डिजास्टर्स' देखकर विमान उड़ाने से जुड़ी कुछ बुनियादी बातें सीखी थीं। ट्रंप ने कहा, ''उसने बताया कि वह यह कार्यक्रम काफी देखता है और उसे देखकर उसने विमान उड़ाने के बारे में कुछ बातें सीखीं।'' ट्रंप ने कहा कि विमान के पिछले हिस्से में मौजूद अतिरिक्त पायलट और सुरक्षाकर्मी बाद में कॉकपिट तक पहुंचे और विमान का नियंत्रण संभाल लिया। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि यह सबसे अद्भुत कहानी है।''
हालांकि, ट्रंप ने कहा कि वह केवल उन्हें मिली जानकारी बता रहे हैं और उन्होंने इन तथ्यों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा, ''अब, यह वो कहानी है जो मैंने सुनी है। मुझे नहीं पता कि यह सच है या नहीं, लेकिन मुझे यह कहानी बीबी (बेंजामिन नेतन्याहू) और संभवत: प्रारंभिक सूत्रों से मिली है।''
Leave A Comment