ब्रेकिंग न्यूज़

 भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़, जनजातीय समाज का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - विजय शर्मा

-जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी
-नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से संचालित गांव, पेयजल और आवास योजनाओं पर भी दिया जोर
 रायपुर, / जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस समारोह में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
 उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने जनजातीय समाज के संघर्ष, साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय वीरों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
 उप मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने बताया कि जिले में पेयजल के लिए कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज स्कीम का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस योजना से अनेक गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बालोद जिले का नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां सभी घरों और शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल की जा रही है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली पर निर्भरता भी कम होगी।
 प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी भागीदारी बढ़ा सकें।
 उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बस्तर क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। आज बस्तर के गांवों में दशहरा जैसे पारंपरिक पर्वों में देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है। गांवों में फिर से मेले, उत्सव और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपराएं उत्साह के साथ जीवंत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए वहां के लोगों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
 समारोह में सांसद श्री नाग ने जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, जनजातीय उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।
 इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, अधिकार और विकास के नए अवसर मिल रहे हैं। सरकार जनजातीय समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
 सांसद श्री नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इससे देशभर में जनजातीय वीरों के बलिदान और संघर्षों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति के रूप में आसीन होना जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में वर्ष 1999 में अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन को भी जनजातीय समाज के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के 186 गांव धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और देश सेवा में योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जा रहा है। 
 समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों को दी गई। कलेक्टर ने कहा कि विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास को गति मिल रही है। योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना आवश्यक है।
 कार्यक्रम के दौरान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों तथा देश की सेवा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
        इस अवसर पर पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लूनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के अध्यक्ष श्री तोरण साहू, नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष श्री लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, जनपद अध्यक्ष बालोद श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जनपद पंचायत गुंडरदेही के अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष डौंडी श्री मुकेश कौड़ो, आदिवासी समाज के प्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english