तेंदुलकर ने 1989 के सियालकोट टेस्ट में खेली 57 रन की पारी को बताया 'करियर की निर्णायक पारी'
मुंबई. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सोमवार को 1989 में सियालकोट टेस्ट में खेली गई 57 रन की पारी को अपने करियर की 'निर्णायक पारी' करार दिया। हालांकि लोग पाकिस्तान के उस चर्चित दौरे में अब्दुल कादिर के खिलाफ लगाए गए उनके छक्कों को ही याद करते हैं। तेंदुलकर ने याद किया कि पेशावर में बारिश के कारण रद्द हुए मैच को प्रदर्शनी मैच में तब्दील कर दिया गया जिसमें पाकिस्तान के दो लेग स्पिनरों अब्दुल कादिर और मुश्ताक अहमद के खिलाफ उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की थी। उन्होंने कहा कि दौरे में बाद में खेली गई उनकी एक पारी कहीं अधिक महत्वपूर्ण थी। तेंदुलकर ने एमसीए शरद पवार संग्रहालय में 'बैटोग्राफी' खंड (जिसमें उनके 25 बल्ले रखे गए हैं) के उद्घाटन के दौरान कहा, ''पाकिस्तान दौरे का पहला मैच अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे रद्द कर दिया गया। '' उन्होंने कहा, ''लेकिन 25 से 30 हजार दर्शकों को बिना एक भी गेंद फेंके घर कैसे भेजा जा सकता था? इसलिए उन्होंने हमसे पूछा कि क्या हम एक प्रदर्शनी मैच खेल सकते हैं? संयोग से यह मेरी जिंदगी का पहला टी20 मैच था, हालांकि अनौपचारिक रूप से। यह भी 20 ओवर का मुकाबला था। '' तेंदुलकर ने बताया, ''मुश्ताक मुझे गेंदबाजी कर रहे थे। मैंने दो छक्के लगाए। इसके बाद महान अब्दुल कादिर गेंदबाजी करने आए। उन्होंने कहा, 'मुझे मार के दिखाओ, बच्चे को क्यों मार रहे हो'? '' तेंदुलकर ने कहा कि बाद में कादिर ने उनकी रन बनाने की क्षमता की सराहना भी की थी।
उन्होंने कहा, ''यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल था। जब मैं घर लौटा तो मुझे अहसास हुआ कि लोगों को मेरे छक्के लगाना काफी पसंद आया था। मैंने 17 गेंदों (18 गेंदों) में 53 रन बनाए थे। '' संग्रहालय के 'बैटोग्राफी' खंड में तेंदुलकर के करियर के अलग-अलग दौर के 25 बल्ले प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें वह पहला बल्ला भी शामिल है जो उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें उपहार में दिया था। इसके अलावा वह बल्ला भी यहां रखा गया है, जिससे उन्होंने 2012 में अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था। तेंदुलकर ने कहा कि चौथे और अंतिम टेस्ट की दूसरी पारी में बनाए गए उनके 57 रन (134 गेंद, 193 मिनट) की बदौलत भारत मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा था। इस तरह चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला 0-0 से बराबर रही थी। उन्होंने बीसीसीआई मुख्यालय में लगी उस पारी की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा, ''मेरे लिए करियर की निर्णायक पारी चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में थी, जब भारत का स्कोर चार विकेट पर 34 रन था और मैंने 57 या 58 रन बनाए थे। यह उसी पारी की तस्वीर है। उस पारी ने हमारी श्रृंखला बचाई थी, लेकिन लोगों को सिर्फ वे चौके और छक्के याद हैं। '' बचपन के अपने पहले बल्ले को याद करते हुए तेंदुलकर ने कहा कि जब उनकी बड़ी बहन कश्मीर गई थीं तो उन्हें उनसे किसी और चीज की उम्मीद थी। उन्होंने कहा, ''मेरी बहन सविता ताई कश्मीर घूमने गई थीं। मुझे उम्मीद थी कि वह मेरे लिए सेब और सूखे मेवे लेकर आएंगी। लेकिन जब उन्होंने मुझे क्रिकेट का बल्ला उपहार में दिया तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह मेरे लिए अप्रत्याशित तोहफा था। उसके बाद से वह बल्ला हमेशा मेरे साथ रहा। बचपन में मैंने लगभग हर खेल खेला, लेकिन यह बल्ला मेरे लिए खास था क्योंकि इसी से मेरी क्रिकेट यात्रा शुरू हुई। '' तेंदुलकर ने दोहराया कि शराब और तंबाकू से जुड़े किसी भी प्रायोजन समझौते से दूर रहने का फैसला उनके परिवार का था। उन्होंने बताया कि 1996 विश्व कप के दौरान उनके पास ऐसा एक प्रस्ताव था, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद करीब दो साल तक उन्होंने अपने बल्ले पर बिना किसी कंपनी के स्टिकर के खेला।
तेंदुलकर ने कहा, ''विश्व कप के शुरुआती दो मैचों में मुझे 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। बिना किसी स्टिकर वाले बल्ले से खेलकर मैं अच्छा महसूस कर रहा था। उन दिनों अगर आप किसी खिलाड़ी, मैनेजर या कोच को जानते थे तो मैच के दौरान भी ड्रेसिंग रूम में आ सकते थे। वह अलग समय था। '' उन्होंने कहा, ''हम वानखेड़े में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रहे थे और हमने दूसरी पारी में बल्लेबाजी की थी। मुझे याद है कि एक विदेशी कंपनी के प्रबंध निदेशक ड्रेसिंग रूम में आए थे। मैं कंपनी का नाम नहीं बताना चाहूंगा। '' तेंदुलकर ने बताया, ''उनकी कंपनी पहले भी मेरे साथ बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि हम आपकी सभी शर्तें मानने को तैयार हैं, कृपया बल्ले पर हमारा स्टिकर लगा लीजिए। लेकिन मैंने कहा कि अब मैं थोड़ा अंधविश्वासी हो गया हूं। बिना स्टिकर वाले बल्ले से रन बनाना मेरे लिए अनमोल रहा है। विश्व कप खत्म होने के बाद इस पर बात करेंगे। '' तेंदुलकर ने 2009-10 की एक घटना याद करते हुए बताया कि उन्होंने भारतीय स्पिनर सुनील जोशी के लिए तैयार किया गया एक बल्ला पसंद कर लिया था। उन्होंने कहा कि बल्लेबाज हमेशा यह सुनिश्चित करने की कोशिश करते हैं कि उनके किट बैग में सबसे अच्छे बल्ले हों। तेंदुलकर ने कहा, ''हम मोहाली में खेल रहे थे और बल्ले बनाने वाले सोमी कोहली मेरे कमरे में आए थे। मैं कुछ बल्ले देख रहा था। मेरी नजर कोने में रखे एक बल्ले पर पड़ी। मैंने पूछा कि यह किसके लिए है। उन्होंने बताया कि यह आपके लिए नहीं, बल्कि सुनील जोशी के लिए है और थोड़ा लंबा भी है। '' उन्होंने कहा, ''मैंने सहजता से उस बल्ले से एक गेंद मारी और वह सीधे छत से जा टकराई। मैंने कहा कि यह बल्ला मुझे दे दीजिए और मैं सुनील जोशी को दो और बल्ले दे दूंगा। हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रहे थे और मैच के बीच दो दिन का अंतर था। हैदराबाद पहुंचते ही मैंने उन्हें फोन करके बल्ले के बारे में पूछा। '' तेंदुलकर ने बताया, ''मैच वाले दिन जब टीम की बस स्टेडियम के लिए निकल रही थी, तभी वह व्यक्ति एक पार्सल लेकर दौड़ता हुआ आया। पूरे होटल को पता था कि मुझे वह बल्ला चाहिए। मैंने उस बल्ले से एक भी गेंद नहीं खेली थी, लेकिन फिर भी उसे लेकर मैदान पर उतरा। वह बल्ला मेरे लिए काफी अच्छा साबित हुआ और मेरे पसंदीदा बल्लों में से एक बन गया।







.jpeg)


Leave A Comment