ग्राम चिटौद में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ जागरूकता शिविर आयोजित
0- बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, महिला सशक्तिकरण एवं आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में विकासखंड गुरुर अंतर्गत ग्राम चिटौद में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।
बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा व हेल्पलाइन नंबरों से कराया गया अवगत
शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुव्र्यवहार से बचाव से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी व सामाजिक पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। मिशन वात्सल्य के अंतर्गत बच्चों के संरक्षण एवं कल्याण हेतु संचालित सेवाओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन ‘चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098’ तथा मिशन शक्ति के तहत ‘महिला हेल्पलाइन नंबर 181’ के उपयोग के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण या असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर निर्भीक होकर संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही जागरूकता बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से सुरक्षित वातावरण निर्माण और बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश प्रसारित किया गया।
बच्चों की सुरक्षा एवं महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में आयोजित इस शिविर में पर्यवेक्षक सुश्री हेमान्द्री साहू सहित विभागीय स्टाफ एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।








.jpeg)

Leave A Comment