ब्रेकिंग न्यूज़

भारत का रूस से तेल आयात अक्टूबर में रिकॉर्ड 640 करोड़ यूरो पर

नयी दिल्ली. भारत ने अक्टूबर में रूस से रिकॉर्ड 640 करोड़ यूरो के ईंधन की खरीद की है। कच्चे तेल के आयात में तेज वृद्धि इसकी प्रमुख वजह रही। इससे पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बावजूद रूस का जीवाश्म ईंधन निर्यात से राजस्व दिसंबर, 2022 के बाद के सबसे ऊंचे मासिक स्तर पर पहुंच गया। ऊर्जा एवं स्वच्छ वायु अनुसंधान केंद्र (सीआरईए) के मासिक विश्लेषण के अनुसार, ''भारत अक्टूबर, 2026 में रूस के जीवाश्म ईंधन का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार रहा। उसने कुल 640 करोड़ यूरो के रूसी हाइड्रोकार्बन का आयात किया, जो जनवरी, 2022 से उपलब्ध आंकड़ों में उसका सबसे ऊंचा मासिक आंकड़ा है। भारत की कुल खरीद में कच्चे तेल की हिस्सेदारी 91 प्रतिशत रही, जिसका मूल्य 580 करोड़ यूरो था। कोयला (33.3 करोड़ यूरो) और तेल उत्पाद (23.2 करोड़ यूरो) शेष मासिक आयात में शामिल रहे।''
चीन, रूस के जीवाश्म ईंधन का सबसे बड़ा वैश्विक खरीदार बना रहा। शीर्ष पांच आयातकों से रूस के निर्यात राजस्व में उसकी हिस्सेदारी 51 प्रतिशत यानी 1,070 करोड़ यूरो रही। सीआरईए ने कहा, ''अक्टूबर, 2026 में भारत का रूसी कच्चे तेल का आयात पिछले महीने की तुलना में 10 प्रतिशत बढ़ा। भारत की तीन सबसे बड़ी आयातक रिफाइनरी इकाइयों में रूसी कच्चे तेल का आयात बढ़ा। इनमें नायरा एनर्जी की वाडिनार रिफाइनरी में 12 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की जामनगर रिफाइनरी में 22 प्रतिशत और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की पारादीप रिफाइनरी में 28 प्रतिशत की मासिक वृद्धि हुई।'' सीआरईए ने कहा कि इस वृद्धि से जामनगर रिफाइनरी एक बार फिर समुद्र के रास्ते आने वाले रूसी कच्चे तेल की सबसे बड़ी आयातक बन गई है। अक्टूबर, 2026 में यूरोपीय संघ रूस के जीवाश्म ईंधन का तीसरा सबसे बड़ा खरीदार रहा। शीर्ष पांच आयातकों से रूस के निर्यात राजस्व में उसकी हिस्सेदारी 11 प्रतिशत यानी 220 करोड़ यूरो थी। रूसी कच्चे तेल का इस्तेमाल करने वाली भारत, तुर्किये और ब्रुनेई की रिफाइनरियों ने रूस के फरवरी, 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद उस पर प्रतिबंध लगाने वाले देशों को 160 करोड़ यूरो के तेल उत्पादों का निर्यात किया। सीआरईए के अनुसार, ''इन उत्पादों के गंतव्यों में यूरोपीय संघ (120 करोड़ यूरो), ऑस्ट्रेलिया (27.1 करोड़ यूरो), अमेरिका (9.4 करोड़ यूरो) और न्यूजीलैंड (2.3 करोड़ यूरो) शामिल हैं। अनुमान है कि इनमें से 38.9 करोड़ यूरो के उत्पाद रूसी कच्चे तेल से तैयार किए गए थे।''
 इस बीच, समुद्र के रास्ते कच्चे तेल के निर्यात से होने वाली कमाई 23 प्रतिशत बढ़कर प्रतिदिन 35.2 करोड़ यूरो हो गई। सीआरईए के जनवरी, 2022 में आंकड़े जुटाना शुरू करने के बाद यह सबसे ऊंचा मासिक स्तर है। पाइपलाइन के जरिये कच्चे तेल के निर्यात से राजस्व में छह प्रतिशत की वृद्धि हुई। रूस के यूराल्स कच्चे तेल का औसत भाव 13 प्रतिशत बढ़कर 101.7 डॉलर प्रति बैरल हो गया। यह अक्टूबर, 2021 के बाद का सबसे ऊंचा मासिक औसत है और एक फरवरी, 2026 से लागू यूरोपीय संघ तथा ब्रिटेन की 44.1 डॉलर प्रति बैरल की मूल्य सीमा का दोगुने से भी अधिक है। अक्टूबर में यूराल्स कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट के मुकाबले औसत छूट 23 डॉलर प्रति बैरल यानी 19 प्रतिशत रही। सितंबर में यह छूट 24 डॉलर यानी 21 प्रतिशत थी।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english