डैन्यूब की शाहरुख खान के नाम पर आवासीय परियोजना शुरू, सभी पेंटहाउस की पहले दिन बिक्री
दुबई। डैन्यूब प्रॉपर्टीज ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाम पर अपनी दुबई स्थित आवासीय परियोजना में मकानों की बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी ने कहा कि परियोजना में 50 करोड़ रुपये कीमत वाले सभी पेंटहाउस पहले ही दिन बिक गए।
'शाहरुख्ज रेजिडेंसेज बाय डैन्यूब' नाम की इस परियोजना की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई। इसमें सेलिब्रिटी इंटीरियर डिजाइनर एवं अभिनेता शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान द्वारा डिजाइन किए गए पेंटहाउस भी शामिल हैं। डैन्यूब समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन रिजवान साजन ने यहां परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि दुबई की मैरीटाइम सिटी में स्थित इस पूरी परियोजना के लिए खरीदारों से अब तक 500 रुचि पत्र (ईओआई) मिल चुके हैं। उन्होंने कुल आवासीय इकाइयों की संख्या या परियोजना की कुल लागत का खुलासा नहीं किया। शाहरुख्ज रेजिडेंसेज में अपार्टमेंट की शुरुआती कीमत 16.5 लाख दिरहम (करीब 4.2 करोड़ रुपये) है।
शाहरुख खान और गौरी खान इस कार्यक्रम में शामिल हुए। फिल्मकार करण जौहर ने इस कार्यक्रम की मेजबानी की। शाहरुख खान ने कहा, ''इस परियोजना के लिए परिकल्पित अनुभवों के जरिये 'राजसी अंदाज में जिंदगी जीने' के विचार को साकार किया गया है।'' गौरी खान ने कहा, ''पेंटहाउस के लिए मैं ऐसे स्थान तैयार करना चाहती थी, जो गर्मजोशी भरे और अलग पहचान वाले हों .... यह बेहद खास है कि इस डिजाइन को इतनी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और परियोजना के सभी पेंटहाउस पहले ही बिक चुके हैं।'' डैन्यूब प्रॉपर्टीज ने पिछले साल नवंबर में दुबई के शेख जायद रोड पर करीब 3,500 करोड़ रुपये की लागत से 'शाहरुख्ज बाय डैन्यूब' नाम का एक वाणिज्यिक टावर शुरू किया था।
--


.jpeg)




.jpeg)

Leave A Comment