आठ महीने से पेंशन का इंतजार कर रहे जितेंद्र दास को सीएम हेल्पलाइन 1076 ने दिलाई राहत
-बार-बार आवेदन देने के बाद भी नहीं बनी बात, सीएम हेल्पलाइन में एक कॉल से हुआ समस्या का निराकरण
अम्बिकापुर । सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना आम नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन कई बार तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए अपनी समस्या शासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सुखरी के तिलंगापारा में रहने वाले जितेंद्र दास मानिकपुरी के लिए भी यह व्यवस्था राहत लेकर आई।
जितेंद्र दास मानिकपुरी की पेंशन पिछले आठ से नौ महीने से बंद थी। पेंशन दोबारा शुरू कराने के लिए उन्होंने कई बार आवेदन दिए और संबंधित स्तर पर अपनी समस्या रखी, लेकिन लंबे समय तक उन्हें समाधान नहीं मिल पाया। लगातार प्रयासों के बावजूद पेंशन नहीं मिलने से वे परेशान थे। आखिरकार उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर फोन कर अपनी समस्या दर्ज कराई। शिकायत के बाद उनकी समस्या पर कार्रवाई हुई और उनकी लंबित पेंशन का निराकरण हो गया।जितेंद्र दास बताते हैं कि कई महीनों तक आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ था। जब उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अपनी परेशानी बताई, तो उनकी शिकायत पर ध्यान दिया गया और समस्या का निराकरण हो गया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपनी बात रखने और समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी।अपनी समस्या का समाधान होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अच्छी व्यवस्था शुरू की है। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। यह ग्रामीणों और आम नागरिकों के लिए काफी उपयोगी व्यवस्था है।
जितेंद्र दास मानिकपुरी ने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें शासकीय योजनाओं अथवा अन्य सेवाओं से संबंधित कोई समस्या है और बार-बार आवेदन देने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है, तो वे सीएम हेल्पलाइन का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि वे अपनी समस्या के निराकरण से पूरी तरह संतुष्ट हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित सीएम हेल्पलाइन शासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सुनना, संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के निराकरण की सुलभ व्यवस्था जरूरतमंद नागरिकों के जीवन में बड़ी राहत ला रही है।












Leave A Comment