सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' की रिलीज टली
मुंबई. सनी देओल अभिनीत फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' की रिलीट टाल दी गई है और यह 20 नवंबर को सिनेमाघरों में नहीं दिखाई जाएगी। फिल्म में चिकित्सकों को दिखाए जाने के तरीके पर विभिन्न चिकित्सा संघों की आपत्तियों के बीच, निर्माता फिल्म की प्रमाणन प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। एम. पद्मकुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल की भी भूमिकाएं हैं।
निर्माताओं ने कहा कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी)से प्रमाणन मिलने के बाद, इसकी रिलीज की नयी तारीख घोषित की जाएगी। एक बयान में, फिल्म निर्माताओं ने कहा कि जो लोग फिल्म की कहानी या उसके उद्देश्य पर टिप्पणी कर रहे हैं, उन्होंने पूरी फिल्म नहीं देखी है। उन्होंने दर्शकों और मीडिया से अपील की कि वे फिल्म को पूरी तरह से देखें, न कि केवल प्रचार के लिए जारी कुछ तस्वीरों के आधार पर अपनी राय बनाएं। 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' मलयालम फिल्म 'जोसेफ' पर आधारित है।
चिकित्सकों के संगठन की याचिका पर राजस्थान उच्च न्यायालय ने सोमवार को दिये आदेश में कहा था कि फिल्म को सेंसर बोर्ड का प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही किसी भी सोशल मीडिया मंच पर प्रदर्शित किया जा सकता है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी इस फिल्म के खिलाफ चिकित्सा के एक समूह की याचिका पर मंगलवार को सुनवाई की।










Leave A Comment