मुखबीरी के शक में आदिवासी युवक की हत्या
राजनांदगांव। जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों ने एक आदिवासी युवक की मुखबीरी के शक में हत्या कर दी। युवक की गला दबाकर हत्या की है। शुक्रवार तड़के युवक का शव राष्ट्रीय मार्ग में मिला।
बताया गया कि भामरागढ़-आलापल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग में ताडग़ांव से लगभग सात किमी दूर अशोक तलांडे नामक आदिवासी युवक का शव मिला। घटनास्थल पर नक्सल पर्चा भी फेंका गया है। बताया गया है कि अशोक दामरंचा का रहने वाला था। वह पिछले कुछ दिनों से ताडगांव में रह रहा था। पुलिस की मुखबीरी के आरोप में नक्सलियों ने उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में गढ़चिरौली क्षेत्र के नक्सल डीआइजी अंकित गोयल ने 'कहा कि नक्सलियों द्वारा हत्या की गई है। घटना की जांच की जा रही है। पेरमिली एरिया कमेटी द्वारा फेंके गए पर्चे में ग्रामीणों को पुलिस से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। मुखबीरी करने वालों का हश्र को लेकर भी नक्सलियों ने चेताया है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही गढ़चिरौली-कांकेर सीमा पर नक्सलियों के साथ गोलीबारी के बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में हथियारों की बरामदगी की थी। छत्तीसगढ़ के कासनसुर चटगांव दलम और औंधी दलम के कुछ सशस्त्र कैडर आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सैन्य गतिविधियों को अंजाम देने के लिए भूमकन गांव के पास महाराष्ट्र सीमा पर डेरा डाले हुए हैं। एडिशनल एसपी एडमिन कुमार चिंता के नेतृत्व में पुलिस की 8-सी60 पार्टियों और सीआरपीएफ की एक क्यूएटी के साथ नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया। जब इलाके की तलाशी ली जा रही थी,। तभी नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसका आपरेशन टीम ने जोरदार तरीके से जवाब दिया। इसके बाद नक्सली भाग निकले। सर्च अभियान में बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए थे।
Leave A Comment