ब्रेकिंग न्यूज़

 फेलवरों ने भी तो रचा है इतिहास...!
- डॉ. कमलेश गोगिया
बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आया। अधिकांशत: पास हुए, कुछ पूरक में आए, कुछ फेल भी हुए। टॉप में आने और पास होने की खुशियाँ स्वाभाविक हैं। अच्छा पेपर बनाने के बाद भी किसी विषय में पूरक आने पर निराशा और दुख भी स्वाभाविक है।  पास होने के बाद भी नंबर ज्यादा न मिलने का असंतोष भी देखने को मिलता है।  पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन, उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति या पूरक परीक्षा के अवसर भी हैं। प्रतिस्पर्धा के तेजी से बढ़़ते समय में बोर्ड शब्द भी ज्यादा डरावना होता गया है। 9 वीं या 11वीं के बाद अगले दरजे में कदम रखते ही यह शब्द पहाड़ सा बोझ बना रहता है। घर, बाहर, स्कूल से चौतरफा दबाव रहता है,
"इस बार बोर्ड है, संभल के हाँ ! पहले दिन से तैयारी करनी होगी! ' 
रिजल्ट के आने की तारीख से पहले दिल की धड़कनें बढ़ी रहती हैं। वैसा ही अहसास होता है जैसा परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र हाथ में आने के कुछ क्षण पहले हुआ करता है, बल्कि उससे भी ज्यादा पीड़ादायक। शामत तो फेल होने पर आती है।
' सीखो उनसे सीखो...! उसके बेटे को देखो, अव्वल आया है, न कोई ट्यूशन और न कोई टीवी और मोबाइल वगैरह... घर की हालत भी दयनीय, लेकिन कितना होशियार है! तुम्हें तो सारी सुविधाएँ मिलीं, फिर भी लुढ़क गए। क्या कहेंगे अब पड़ोसी हमें...?  
इस तरह के बहुत से दृश्य देखे जाते हैं, लेकिन इसका प्रभाव पड़ता है बाल-मन पर जो हीन भावना का शिकार हो जाता है। स्वाभाविक है, हर माता-पिता अपने बच्चों को सफल होते ही देखना चाहते हैं। फिर प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उनके कॅरिअर पर भी ध्यान आवश्यक है, लेकिन फेल होने या असफल होने से सारी उम्मीदें खत्म नहीं हो जातीं और न तो कभी अवसर समाप्त होते हैं। कहा भी गया है कि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी है। बचपन में हम सब अपने चलने के पहले प्रयास में असफल ही तो रहते हैं। लेकिन हर बार गिरने के साथ ही कुछ नया सीखते रहते हैं। एक दिन चलने के साथ ही दौडऩा भी सीख जाते हैं। सायकल सीखने के लिए अधिकांशत: ने घुटने छिलवाए हैं। अभ्यास से संतुलन आने पर एक दिन हैंडल से दोनों हाथ हटाकर भी सायकल चलाने लगते हैं।
 हर असफलता प्रयत्न करने और फिर से लगन के साथ परिश्रम करने का अवसर देती है। इतिहास के अनेक महान वैज्ञानिक, खिलाड़ी, विद्वान भी फेल होते रहे हैं। या हम यूँ भी कह सकते हैं कि अनेक फेलवर इतिहास भी रचते आए हैं, क्योंकि अपने लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने कोशिश नहीं छोड़ी। शैलेंद्र दत्त अपनी पुस्तक  -भागो नहीं जागो: एक अच्छे जीवन जीने का नया दृष्टकोण, में अभिभावकों को यह संदेश देते हैं कि ' जिनके बच्चे किसी खास विषय में फेल होते हैं तब वे कदापि यह न सोचें कि उनके बच्चे जिन्दगी की दौड़ में क्या जीत पाएंगे ?'   लेखक यह कहना चाहते हैं कि अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए समय निकालकर कुछ खास सफल व्यक्तियों के बारे में पहले स्वयं पढऩा चाहिए और फिर बच्चों को बताएँ जिससे उनके मन में हीन भावना को पनपने से रोका जा सके। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर दसवीं में फेल हुए थे। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम एयरफोर्स की परीक्षा में फेल हो गए थे। महान गणितज्ञ श्रीनिवासन रामानुजम बारहवीं में गणित छोड़कर अन्य सभी विषयों में फेल हुए थे। महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टाइन को अपने स्कूल की शिक्षा पद्धति पसंद नहीं आई थी तो उन्होंने स्कूल जाना ही छोड़ दिया था। डॉ. लाल बहादुर सिंह चौहान की पुस्तक है ' भारत के महान वैज्ञानिक , इसमें वे लिखते हैं कि ' डॉ. गणेश प्रसाद अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के गणितज्ञ थे। अपने समय के वे भारत के सर्वोत्कृष्ट गणितज्ञ थे। पांचवी कक्षा में  वे गणित में फेल हो गए थे। कहा जाता है कि वह पांचवीं कक्षा में गणित में अनुत्तीर्ण हुए थे। अंग्रेजी मिडिल की परीक्षा गणेश प्रसाद ने द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण की। तदुपरांत वे उन्नति करते गए।  इस तरह के अनेक महानुभावों के उदाहरण हैं जिन्हें सफल होने के लिए विफलता के मार्ग से ही गुजरना पड़ा है।
बल्व का अविष्कार करने वाले महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन ने लगभग 1  हजार बार असफलता पाई, लेकिन कोशिश नहीं छोड़ी। एक दिन बल्व जल उठा और पूरी दुनिया जगमगा उठी। इन तमाम उदाहरणों से यह भी सोचा जा सकता है कि यह बोलने की बातें हैं या फिर मन को तसल्ली देने भर के लिए है, लेकिन है तो सच ही। बिना अवरोध या असफलता के प्रगति भी नहीं मिल सकती। आवश्यकता तो निराशा के कोहरे से निकलकर भूलों को सुधारने, निष्ठावान बनने और धैर्य की है। फेल होने वालों को कोई गलत कदम उठाने की बजाए उत्साह के साथ फिर से कोशिश करनी चाहिए। 26 वर्ष पूर्व जनवरी 1997 में प्रकाशित अखण्ड ज्योति में वैज्ञानिक अध्यात्म के प्रणेता पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने अपने आलेख ' असफलता सफलता की दिशा में पहला कदम, में पते की बात कही है, "जीवन में सफलता के महत्व से हम सभी परिचित हैं। लेकिन इसी को जीवन का पर्याय मान लेना और असफल होने पर समूचे जीवन को ही नकार देना न केवल स्वयं के प्रति, बल्कि समूची मनुष्यता के प्रति अन्याय है। सफलता और असफलता तो क्षणिक है। कोई भी व्यक्ति न तो स्थायी असफल होता है और न स्थायी सफल। जिस परीक्षा को पास कर हम खुशी में फूले नहीं समाते, अगले ही क्षण से हमारी नजर में ही उसका महत्व घटने लगता है और हम किसी नई परीक्षा की तैयारी में लग जाते  हैं। इसके अलावा हमें आज मिली सफलता किसी विशेष कार्य-क्षेत्र की है, न कि समूचे जीवन की। किसी एक क्षेत्र में असफल हुआ व्यक्ति दूसरे किसी अन्य क्षेत्र में गौरवपूर्ण उपलब्धियां अर्जित कर सकता है। इन सब बातों के अलावा परिवर्तन के नियम से संचालित विश्व में दिन-रात, सर्दी-गर्मी, धूप-छाँव की तरह सफलता-असफलता का क्रम भी सहज प्राकृतिक है। यहां स्थायी असफलता नाम की कोई चीज नहीं है। लेकिन एक ही बार में सब कुछ पा लेने की ललक बिना तनिक-सा भी असफल हुए पूर्ण सफलता की कल्पना करती है। इसी वजह से असफलता को सहज रूप से स्वीकार कर पाना असम्भव हो जाता है और कई तो प्रगति की दिशा में अपना प्रयास तक छोड़ बैठते हैं।" 
"हाउ टू एचीव टोटल सक्सेस इन लाइफ" में डॉ. चोपड़ा लिखते हैं, ' हम सफलता की अपेक्षा असफलता से ज्यादा सीखते हैं क्योंकि प्रत्येक असफलता यह स्पष्ट करती चली जाती है कि हमें क्या नहीं करना चाहिए।' 
वस्तुत: असफलता पूरे जीवन की असफलता नहीं मानी जा सकती वह परीक्षा के परिणाम हों या फिर 'चुनाव,'   के..! परिवर्तन का प्राकृतिक नियम सनातन है। आज मिली असफलता सतत प्रयास से भविष्य में सफलता के नए रिकॉर्ड कायम कर सकती है। यह फेल होने वाली अऩेक महान शख्सियतों ने प्रमाणित कर दिखाया है।

 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english