दिल्ली चुनाव नतीजों पर नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के दिल में बसते हैं
नयी दिल्ली।' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को ‘‘ऐतिहासिक क्षण'' करार दिया और कहा कि इससे स्पष्ट संदेश गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के दिल में बसते हैं। पार्टी की जीत के उपलक्ष्य में भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में नड्डा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए उसे ‘‘झूठ और भ्रष्टाचार की फैक्टरी'' करार दिया। उन्होंने कहा कि नतीजे इस बात का भी संकेत हैं कि दिल्ली के लोगों ने अब इस ‘आप-दा' को और बर्दाश्त करने से इनकार कर दिया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा ‘‘यह एक ऐतिहासिक क्षण है।'' उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद दिल्ली चुनावों में भाजपा की जीत ‘‘एक स्पष्ट संदेश है कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के दिल में बसते हैं।'' कांग्रेस का नाम लिए बगैर नड्डा ने दिल्ली चुनाव में उसकी हार पर निशाना साधा और कहा कि 2014 से ही उसका प्रदर्शन लगातार “शून्य” रहा है, चाहे वह राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव। भाजपा प्रमुख ने कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री मोदी की ‘‘विकास की राजनीति और रिपोर्ट कार्ड'' के प्रति लोगों की ‘‘सहमति'' भी हैं। नड्डा ने कहा कि लोगों ने भाजपा को अपना जनादेश दिया क्योंकि उन्हें यह एहसास हो गया था कि ‘‘मोदी की गारंटी इसे पूरा करने की गारंटी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘आप झूठ की फैक्टरी, झूठ का इनसाइक्लोपीडिया और भ्रष्टाचार की फैक्टरी है।''
उन्होंने आप सुप्रीमो केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पार्टी के अन्य नेताओं का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘कट्टर ईमानदार'' इस कदर कट्टर भ्रष्टाचारी निकले कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, एक मंत्री और एक विधायक को जेल में समय बिताना पड़ा।'' नड्डा ने कहा कि भाजपा को मिले जनादेश के साथ दिल्ली की जनता ने कथित भ्रष्टाचार के संबंध में आप नेताओं के खिलाफ की गई कानूनी कार्रवाई पर भी अपनी मुहर लगा दी है। नड्डा ने आरोप लगाया कि आप ने दिल्ली को कूड़ेदान में बदल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग साफ पानी देने की बात करते थे, उन्होंने पीने के लिए गंदा पानी दिया...उन्होंने दिल्ली के दो तिहाई छात्रों को विज्ञान की शिक्षा से वंचित कर दिया। इस चुनाव के नतीजों से यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली को ऐसी पार्टी की जरूरत नहीं है।'' उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव परिणाम ‘कट्टर बेईमान' आप और उसके नेताओं को करारा जवाब है।''










Leave A Comment