मप्र : अंगदाता को 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ अंतिम विदाई
इंदौर । मध्यप्रदेश सरकार ने इंदौर में मरणोपरांत अंगदान करने वाले 49 वर्षीय व्यक्ति को 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ बृहस्पतिवार को अंतिम विदाई दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 'इंदौर सोसायटी फॉर ऑर्गन डोनेशन' के समन्वयक संदीपन आर्य ने बताया कि संपत्ति कारोबारी विजय जायसवाल (49) को सड़क हादसे में सिर में गंभीर चोट आने पर शहर के एक निजी अस्पताल में 15 फरवरी को भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि खरगोन कस्बे के निवासी जायसवाल की हालत में इलाज के बाद भी सुधार नहीं हुआ और चिकित्सकों ने उन्हें दिमागी रूप से मृत घोषित कर दिया। आर्य ने बताया, ''हमारे परामर्श के बाद जायसवाल के परिजन उनके मरणोपरांत अंगदान के लिए राजी हो गए। इसके बाद शल्य चिकित्सकों ने उनके मृत शरीर से हृदय, यकृत (लिवर) और दोनों गुर्दे (किडनी) प्राप्त कर लीं।'' उन्होंने बताया कि जायसवाल के मरणोपरांत अंगदान से हासिल हृदय को विशेष विमान के जरिये अहमदाबाद भेजा गया, जबकि उनका लिवर और दो किडनी स्थानीय अस्पतालों में भर्ती मरीजों के शरीर में प्रत्यारोपित की गईं। इस बीच, जायसवाल को राज्य सरकार ने खरगोन में 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के आला अफसर मौजूद थे। चश्मदीदों ने बताया कि 'गार्ड ऑफ ऑनर' के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मी अपनी राइफल लेकर कतार में खड़े हुए। गारद का नेतृत्व करने वाले पुलिस अधिकारी के आदेश पर इस दस्ते के सदस्यों ने राइफल को सलामी की स्थिति में लाकर अंगदानी के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस मौके पर मौजूद जायसवाल की भावुक पत्नी आराधना ने कहा, ''मेरे पति के मरणोपरांत अंगदान के कारण तीन-चार परिवारों के गंभीर रूप से बीमार सदस्यों की जान बच सकेगी। हमने इसी भाव से उनके अंगों को दान करने का फैसला किया।''








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment