एआई इम्पैक्ट समिट : प्रधानमंत्री मोदी के भाषण का वास्तविक समय में सांकेतिक भाषा में अनुवाद
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में बृहस्पतिवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत की प्रगति तब देखने को मिली जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का 11 भाषाओं में सीधा प्रसारण किया गया, साथ ही एआई-सक्षम सांकेतिक भाषा अनुवाद की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। भारत मंडपम के सभागार में प्रधानमंत्री के पीछे लगी एक बड़ी स्क्रीन पर एआई-सक्षम सांकेतिक भाषा अनुवाद प्रदर्शित किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि उनका भाषण सभी के लिए सुलभ हो। मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 को संबोधित करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में सुलभता और समावेश के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उनका भाषण एआई तकनीक के माध्यम से सांकेतिक भाषा में वास्तविक समय में उपलब्ध कराया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि दिव्यांग व्यक्ति भी कार्यवाही में पूरी तरह से भाग ले सकें। प्रधानमंत्री के भाषण का वास्तविक समय में जिन 11 भाषाओं में अनुवाद किया गया उनमें असमिया, बांग्ला, अंग्रेजी, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल और तेलुगु शामिल हैं। मोदी ने बहुभाषी और सांकेतिक भाषा में अनूदित अपने भाषण के वीडियो सोशल मीडिया मंच पर साझा किए।
प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि भारत उन नवाचारों को बढ़ावा देना जारी रखेगा जो विभाजन को पाटते हैं और प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा,''एआई इम्पैक्ट समिट में एआई का उपयोग कर मेरे भाषण का वास्तविक समय में सांकेतिक भाषा में अनुवाद किया गया। यह एआई के संदर्भ में सुलभता और समावेशन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हम हमेशा यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे कि प्रौद्योगिकी और सार्वजनिक विमर्श दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सुलभ हो।''








.jpg)

Leave A Comment