ब्रेकिंग न्यूज़

आईएमडी ने ओडिशा में भारी बारिश का पूर्वानुमान किया

सरकार स्थिति संभालने के लिए तैयार
भुवनेश्वर. 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए पांच जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया। इसके बाद, राज्य सरकार ने संबंधित सभी विभागों को संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न वायु दाब का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। आईएमडी ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कालाहांडी, बौध, अंगुल, संबलपुर और सोनपुर जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा 21 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' तथा शेष चार जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न वायु दाब का क्षेत्र अभी भी उसी इलाके में बना हुआ है। इसके अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, ''रेड अलर्ट वाले जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।'' उन्होंने बताया कि ओडिशा में सात जुलाई तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
इस बीच, विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय ने सभी जिलाधिकारियों को आईएमडी की चेतावनी के मद्देनजर सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में जलभराव और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना के संबंध में राज्य सरकार को तत्काल सूचना देने को कहा गया है। सरकारी बयान में कहा गया, ''राज्य में व्यापक वर्षा की स्थिति को देखते हुए सरकार मौसम की बदलती परिस्थितियों पर लगातार नजर रखे हुए है। एसआरसी कार्यालय के अधीन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) सभी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों (डीईओसी) के समन्वय से चौबीसों घंटे सतर्क है।'' जिला प्रशासन को कच्ची सड़कों, संवेदनशील ढांचों, बागवानी फसलों और खड़ी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। बयान में कहा गया, ''लोगों से सतर्क रहने, मौसम संबंधी आधिकारिक सूचना पर नजर रखने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है।'' राज्य सरकार ने मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को चार से सात जुलाई तक ओडिशा तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्रों में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी है। सरकारी बयान में कहा गया, ''फिलहाल राज्य में समग्र स्थिति सामान्य है और मौसम संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।'' आईएमडी ने कहा कि निम्न वायु दाब क्षेत्र के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है। इसके कारण अगले सप्ताह राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कई स्थानों पर भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है। आईएमडी के अनुसार, निम्न वायु दाब क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा तट पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा इनके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका के मद्देनजर मछुआरों को सात जुलाई तक ओडिशा तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, पारादीप और धामरा बंदरगाह प्राधिकरणों को स्थानीय चेतावनी संकेत जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। आईएमडी के सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार से अब तक ओडिशा के कम से कम 10 स्थानों पर 105 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इनमें बरगढ़ जिले के सोहेला में सर्वाधिक 202 मिमी तथा गंजाम में 145 मिमी बारिश हुई। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, पांच जुलाई से उत्तर ओडिशा में वर्षा की गतिविधियां और तेज होंगी। सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में आठ जुलाई तक लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। इस बीच, एक रिपोर्ट के अनुसार मयूरभंज जिले के 35 वर्षीय अनिल नामक व्यक्ति के भुवनेश्वर स्थित उत्कल विश्वविद्यालय के पास एक नाले में बह जाने की आशंका है। बताया जा रहा कि वह नाले से प्लास्टिक कचरा एकत्र कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह पानी में बह गया। भुवनेश्वर की महापौर सुलोचना दास ने कहा, ''अग्निशमन विभाग की टीम ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन एक घंटे बाद भी व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है।''

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english