शीतल देवी ने रचा इतिहास: पैरा एशियन गेम्स में की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी, एशियाई रिकॉर्ड तोड़ा
नई दिल्ली। पैरा एशियन खेल 2026 में भारत की पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने सोमवार को महिला कंपाउंड वर्ग की क्वालीफिकेशन स्पर्धा में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 720 में से 704 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और नया एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
शीतल ने पहले स्थापित एशियाई रिकॉर्ड (698 अंक) को छह अंक से पीछे छोड़ दिया। 72 तीरों के इस राउंड में उन्होंने दोनों 50 मीटर राउंड में 352-352 अंक बनाए। उनके नाम 32 एक्स और 25 बारह अंकों के निशाने दर्ज हुए। यह प्रदर्शन भारतीय पैरा तीरंदाजी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सिंगापुर की नूर स्याहिदा अलीम 683 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। चीन की शुएकिंग शू ने 680 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। बांग्लादेश की जोमा अख्तर 676 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
भारत की एक अन्य तीरंदाज पायल नाग ने 675 अंक बनाए और क्वालीफिकेशन में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। इंडोनेशिया की तेओदोरा फेरेली ऑडी अयूदिया ने भी 675 अंक हासिल किए। शीतल देवी के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने भारतीय पैरा खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया है। ऐसे में आगे की स्पर्धाओं में उनसे और बेहतर नतीजों की उम्मीद की जा रही है।
--









.jpg)
Leave A Comment