साल में कई बार नीट का आयोजन, 12वीं कक्षा के अंकों को महत्व: कार्यबल को सुझाव
नयी दिल्ली. परीक्षा सुधारों पर नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाले उच्च-स्तरीय कार्यबल को कई राज्यों ने सुझाव दिया है कि चिकित्सा महाविद्यालयों में दाखिले के लिए केवल नीट-स्नातक पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय, 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों को भी महत्व दिया जाए और एक साल में प्रवेश परीक्षा देने के लिए एक से अधिक मौके दिए जाएं। केंद्र सरकार ने इस महीने की शुरुआत में कार्यबल का कार्यकाल जनवरी 2027 तक बढ़ा दिया है। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक प्रश्न पत्र लीक विवाद के बाद जुलाई में गठित इस छह सदस्यीय कार्यबल को छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों, विषय विशेषज्ञों, उद्योग संगठनों और परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं से 50,000 से अधिक सुझाव मिले हैं। शुरुआत में यह उम्मीद थी कि कार्यबल अक्टूबर 2026 तक अपनी रिपोर्ट सौंप देगा। हालांकि, हितधारकों के साथ परामर्श प्रक्रिया अब भी जारी है, इसलिए सरकार ने उसे सिफारिशों को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। एक सूत्र ने कहा, "कुछ राज्यों ने सुझाव दिया है कि नीट-स्नातक परीक्षा साल में एक से अधिक बार आयोजित की जानी चाहिए, ताकि एक ही महत्वपूर्ण परीक्षा के दबाव को कम किया जा सके। साथ ही, यह भी सुझाव दिया गया है कि कक्षा 12 के अंकों को भी कुछ महत्व दिया जाना चाहिए।" सूत्र ने बताया, "कार्यबल को अभी सभी राज्यों के प्रतिनिधियों से मिलना है और उनसे सुझाव लेने हैं।"
कार्यबल राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को और अधिक सुरक्षित बनाने के तरीकों पर विचार कर रहा है, जिसमें प्रश्न पत्र लीक होने से रोकने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करना भी शामिल है। विचार-धीन प्रस्तावों में एक सुरक्षित प्रश्न-भंडार, पूरे वर्ष तैयार और सत्यापित किए गए प्रश्नों का एक बड़ा संग्रह, तथा परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्रों की डिजिटल आपूर्ति शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 जुलाई 2026 को इस कार्यबल की घोषणा की। यह घोषणा, नीट-स्नातक प्रश्नपत्र लीक सहित परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों को लेकर हुए व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के उपरांत धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद की गई।









Leave A Comment