आडवाणी 92 साल के हुए, पीएम मोदी ने आडवाणी से की मुलाकात
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी 8 नवंबर को 92 साल के हो गए। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आडवाणी के आवास पर जाकर मुलाकात की और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके साथ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को हुआ था। वह भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से पहले अविभाजित भारत के सिंध प्रांत में जन्मे थे। उनके पिता का नाम के.डी. आडवाणी और मां का नाम ज्ञानी देवी है। उनकी शिक्षा-दीक्षा कराची के स्कूल में हुई और सिंध प्रांत के कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। देश विभाजन के बाद उनका परिवार मुंबई आ गया। तब यहां उन्होंने कानून की पढ़ाई की। आडवाणी 14 साल की उम्र में ही संघ से जुड़ गए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आडवाणी को व्यक्तिगत तौर पर उनके घर जाकर जन्मदिन की बधाई देने के साथ सोशल मीडिया पर भी उनकी तारीफ की। पीएम मोदी ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए।
पहले ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा- विद्वान, राजनेता और सबसे सम्मानित नेताओं में से एक, भारत के नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में श्री लाल कृष्ण आडवाणी जी के असाधारण योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उनके जन्मदिन पर, मैं आडवाणी जी का सम्मान करते हुए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।
दूसरे ट्वीट में पीएम ने लिखा- श्री लालकृष्ण आडवाणी जी ने दशकों तक भाजपा को आकार और ताकत देने के लिए कठिन परिश्रम किया। यदि वर्षों से हमारी पार्टी भारतीय राजनीति में एक प्रमुख ध्रुव के रूप में उभरी है, तो यह आडवाणी जी जैसे नेताओं और निस्वार्थ कार्यकर्ताओं के कारण है, जिन्हें उन्होंने दशकों तक तैयार किया।
तीसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा- आडवाणी जी के लिए सार्वजनिक सेवा हमेशा मूल्यों से जुड़ी रही है। उन्होंने कभी भी पार्टी की मुख्य विचारधारा को नहीं छोड़ा। जब हमारे लोकतंत्र की रक्षा करने की बात आई, तो वह सबसे आगे थे। एक मंत्री के रूप में उनका प्रशासनिक कौशल सार्वभौमिक रूप से प्रशंसित हैं।
Leave A Comment