निर्भया को मिला इंसाफ-चारों दोषियों को फांसी मिली
नई दिल्ली। निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले के चारों दोषियों को आज सुबह दिल्ली की तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई। पहली बार तिहाड़ जेल में चार दोषियों को एक साथ फांसी पर लटकाया गया। मुकेश सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय शर्मा (26) और अक्षय कुमार सिंह (31) को सुबह साढ़े पांच बजे फांसी के फंदे पर लटकाया गया।
इससे पहले दोषियों ने फांसी से बचने के लिए हरसंभव कानूनी उपायों का इस्तेमाल किया। दिल्ली उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार देर रात सजा पर रोक लगाने की दोषियों की अंतिम याचिका भी खारिज कर दी। गौरतलब है कि दिसंबर 2012 में पैरा-मेडिकल छात्रा निर्भया के साथ दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में एक चलती बस में दुष्कर्म किया गया था।
निर्भया के परिवार ने न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया
फांसी के बाद निर्भया के माता-पिता ने कहा कि यह सज़ा भविष्य में अपराधियों के लिए सबक बनेगी। उन्होंने निर्भया और देश की लाखों महिलाओं को न्याय देने के लिए भारतीय न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई सिर्फ निर्भया की नहीं, बल्कि देश की सभी बच्चियों के लिए थी। निर्भया की मां ने बेटी की तस्वीर को सीने से लगाकर कहा कि उनकी बेटी बहुत बहादुर थी।
गांव में जश्न
निर्भया के दोषियों को शुक्रवार को सुबह फांसी होने की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश के बलिया स्थित निर्भया का गांव जश्न में डूब गया। चारों दोषियों को फांसी पर निर्भया के गांव में मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया।
Leave A Comment