निर्भय केस: प्रधानमंत्री ने कहा -अंतत: न्याय हुआ
नई दिल्ली। निर्भया केस के चारों दोषियों को आज सुबह फांसी पर चढ़ा दिया गया। 7 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद निर्भया के माता-पिता अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने में कामयाब हुए। अदालत के इस फैसले का देश भर में स्वागत किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा अंतत: न्याय हुआ
निर्भया मामले के दोषियों की फांसी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि अंतत: न्याय हुआ। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।
वहीं कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले सहित ज्यादातर घृणित अपराधों में शामिल सभी दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। श्री प्रसाद ने निर्भया के दोषियों को फांसी दिये जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा बहुत पहले किया जाना चाहिए था।
महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि देरी से ही सही आखिरकार न्याय हुआ है। श्रीमती ईरानी ने कहा कि यह उन सभी के लिए संदेश है, जो सोचते हैं कि महिलाओं के साथ अपराध करके वो कानून से भाग सकते हैं।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि निर्भया को मिला न्याय समाज में सही संदेश देगा।
भारतीय जनता पार्टी की सांसद और उत्तरप्रदेश की पूर्व महिला तथा बाल विकास मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि निर्भया के दोषियों को फांसी एक उदाहरण है और ये संदेश भी है कि इस तरह के मामलों में फास्ट ट्रेक अदालतों के जरिये तेजी से न्याय सुलभ कराने की आवश्यकता है।
निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले के दोषियों की फांसी पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा है कि अंतत: निर्भया को न्याय मिला। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह मामला औरों के लिए सबक बनेगा और भविष्य में ऐसे मामलों में न्याय मिलने में देरी नहीं होगी।
Leave A Comment