- Home
- छत्तीसगढ़
- -शिविरों में ऑन-द-स्पॉट बन रहे आयुष्मान, आधार और वय वंदन कार्ड हजारों ग्रामीणों को मिल रहा सीधा लाभरायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशों के परिपालन में सुकमा जिले के दूरस्थ जनजातीय गांवों में चलाए जा रहे ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है। जिन छोटी-छोटी सरकारी सेवाओं के लिए पहले ग्रामीणों को ब्लॉक या जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, अब वे सभी सुविधाएं सीधे उनके गांव तक पहुंच रही हैं।कलेक्टर सुकमा श्री अमित कुमार के निर्देशन में सुकमा जिले के सभी 277 आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक तीन दिवसीय जनसुनवाई एवं सेवा-संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।14 अगस्त शाम 4 बजे तक शिविरों में ही 2,600 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुष्मान कार्ड के साथ-साथ आधार कार्ड और वय वंदन कार्ड जैसी अति-आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक सरकारी योजनाओं से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर मौके पर ही उनके दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों बच रहा है।इस अभियान को सफल बनाने में 'आदि सेवा स्वयंसेवक' महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे घर-घर जाकर ग्रामीणों को शिविरों की जानकारी दे रहे हैं और उन्हें संबंधित स्टॉल तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। वहीं, व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के लिए अधिकारियों द्वारा शिविरों की लगातार डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे गांवों तक सेवा के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश भी पहुंचेगा। आदि कर्मयोगी अभियान सुकमा के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासन और आम जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु साबित हो रहा है।
-
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के सामान्य सभा की बैठक 25 अगस्त 2026 को समय 11ः00 बजे आयोजित की जाएगी। सामान्य सभा की बैठक में नगर निगम से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को सदन के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में निगम महापौर, सभापति, आयुक्त सहित निगम के पार्षदगण उपस्थित रहेंगे।
सामान्य सभा की बैठक के लिए कुल 13 एजेंडे निर्धारित किए गए हैं। इन सभी एजेंडों को सदन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। एजेंडों पर पार्षदगण द्वारा चर्चा की जाएगी तथा विषयों से संबंधित आवश्यक जानकारी सदन को उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में जनहित एवं निगम क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर पार्षद अपनी बात रखेंगे और संबंधित विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक के दौरान पार्षदों द्वारा एजेंडों से संबंधित पूछे जाने वाले प्रश्नों के जवाब भी दिए जाएंगे। संबंधित विभागों द्वारा प्रश्नों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं तथ्य सदन के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। सामान्य सभा में पार्षदों को निगम क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। -
दुर्ग / हरेली का त्योहार था, गाँव निकुम में सुबह का माहौल कुछ अलग था। इस बार खेत-खलिहान के साथ न्याय और कानून का संदेश भी गाँव की गलियों में उतरने वाला था।
ग्राम पंचायत भवन से शुरू हुई इस अनूठी पहल में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग श्री के० विनोद कुजूर के मार्गदर्शन में स्थायी लोक अदालत की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा लकड़ा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री भूपेश कुमार बसंत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री उमेश कुमार भागवतकर ग्रामीणों के बीच पहुँचे। न्यायिक अधिकारियों तथा प्रशिक्षित कम्यूनिटी मीडियेटर्स ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए बताया कि हर छोटी बात को विवाद और हर विवाद को मुकदमे में बदलना जरूरी नहीं कई समस्याओं का समाधान बातचीत, समझ और आपसी सहमति से भी संभव है।इसके बाद शुरू हुआ कार्यक्रम का सबसे अनोखा अध्याय। कोई महँगा प्रचार वाहन नहीं, कोई बड़ी स्क्रीन नहीं। हरेली की सजी-धजी पारंपरिक बैलगाड़ी बनी ‘Justice on Wheels’।बैलगाड़ी में न्यायिक अधिकारी सवार हुए तथा कम्यूनिटी मीडियेटर्स, ग्रामीण, कल्याण लॉ कॉलेज के अध्यापक एवं विद्यार्थी तथा पैरालीगल वालेंटियर्स के साथ निकल पड़े गाँव की गलियों एवं मोहल्लों में। रास्ते में लोगों से संवाद हुआ, कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई और सामुदायिक मध्यस्थता, नशामुक्ति, बाल संरक्षण, महिला अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं अन्य सामाजिक-विधिक विषयों के संदेश पहुँचाए गए।इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने पौधारोपण कर हरेली की हरियाली को न्याय एवं सामाजिक सौहार्द के संदेश से जोड़ा। इस पहल की खासियत यही थी कि न्याय की जानकारी स्वयं गाँव तक पहुँची। परंपरा और नवाचार का यह मेल ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बना और युवाओं ने भी इसे उत्साह के साथ अपनाया।ग्राम निकुम की यह पहल केवल विधिक जागरूकता कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि यह संदेश बन गई कि न्याय की शुरुआत कभी-कभी न्यायालय की इमारत से नहीं, बल्कि गाँव की चौपाल और एक सार्थक संवाद से होती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग की यह पहल सामुदायिक मध्यस्थता को जन-जन तक पहुँचाने और विवाद-मुक्त, जागरूक एवं न्याय-सशक्त समाज की दिशा में एक अभिनव कदम है। -
दुर्ग/ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरूण साव जिला मुख्यालय के मुख्य समारोह में प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई (दुर्ग) में आयोजित स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वाजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर मुख्य अतिथि श्री साव मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन करेंगे। कार्यक्रम में हर्ष फायर और मार्च पास्ट के बाद शालेय छात्र-छात्राओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार मुख्य अतिथि अपने कर कमलों से पुरस्कार वितरण भी करेंगे।
- बलौदाबाजार / जिले में 80 वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह का आयोजन 15 अगस्त 2025 को जिला मुख्यालय स्थित पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा क्षेत्र सांसद बृजमोहन अग्रवाल ध्वजारोहण करेंगे। जिला स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः 8.59 बजे मुख्य अतिथि का कार्यक्रम स्थल पर आगमन एवं स्वागत होगा और प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रीय धुन एवं परेड सलामी, 9.5 बजे परेड का निरीक्षण, 9ः10 बजे मार्च पास्ट, प्रातः 9ः20 बजे मुख्य अतिथि के द्वारा मुख्यमंत्री का संदेश वाचन तथा 9.55 बजे शहिद परिवारों का सम्मान, 10ः बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 10ः25 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी -कर्मचारी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु स्कूली बच्चों को पुरस्कार वितरण एवं 11ः00 बजे मुख्य अतिथि कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान करेंगे।
-
*बकेटिंग, स्वामित्व योजना, बटांकन, अवैध प्लाटिंग और लंबित प्रकरणों पर हुई गहन समीक्षा*
*राजस्व सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, प्रकरणों का करें समयबद्ध निराकरण-कलेक्टर डॉ सिंह*रायपुर/ कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज तिल्दा राजस्व अनुविभाग के भू-अभिलेख एवं राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व रिकॉर्ड शत-प्रतिशत अद्यतन किए जाएं तथा राजस्व सेवाओं को लेकर आमजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा खातों की 100 प्रतिशत बकेटिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खसरा नंबर का संबंधित किसान के नाम से सही मैपिंग किया जाए, ताकि किसानों का रिकॉर्ड त्रुटिरहित एवं प्रामाणिक रहे। उन्होंने पटवारीवार बकेटिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई) एवं पटवारी उपस्थित थे।बैठक में स्वामित्व योजना, अवैध प्लाटिंग, नक्शा बटांकन, डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) और ऑनलाइन लंबित राजस्व प्रकरणों की भी गहन समीक्षा हुई। कलेक्टर ने अवैध प्लाटिंग के मामलों में प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।बैठक में नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना, डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) एवं अन्य लंबित ऑनलाइन राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर ऑनलाइन रिकॉर्ड अद्यतन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पट्टा वितरण तथा सभी डिजिटल सिग्नेचर, मोबाइल नंबर, जेंडर सहित सभी आवश्यक प्रविष्टियों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर जोर दिया।कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा आरबीसी 6-4 के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा। जाति एवं आय प्रमाण-पत्रों के लिए आंगनबाड़ी और स्कूलों से समन्वय कर आवश्यक जानकारी पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में तहसीलदार, आरआई या पटवारी का प्रतिवेदन लंबित होने के कारण सुनवाई स्थगित नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय से समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री के.एम. अग्रवाल, एसडीएम तिल्दा श्री मुकेश कोठारी सहित तिल्दा राजस्व अनुविभाग के अधिकारी उपस्थित थे। -
रायपुर/रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर डाक विभाग ने ग्राहकों के लिए एक विशेष छूट योजना की घोषणा की है। इसके अंतर्गत " इनलैंड स्पीड पोस्ट (डॉक्यूमेंट) " सेवा के तहत बुक किए जाने वाले " राखी मेल " पर डाक शुल्क में 10% की छूट दी जाएगी। यह सुविधा 12 अगस्त से 28 अगस्त २०२६ तक लागू रहेगी। छूट का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को लिफाफे के आगे स्पष्ट रूप से "Rakhi Mail" लिखकर डाकघर के बुकिंग काउंटर पर प्रस्तुत करना होगा। यह छूट केवल खुदरा (रिटेल) बुकिंग पर लागू होगी तथा एक ग्राहक अधिकतम 5 आर्टिकल एक बार में बुक कर सकेगा। बल्क/कॉर्पोरेट ग्राहकों को यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।यह छूट केवल डाक शुल्क पर लागू होगी, वैल्यू एडेड सर्विस (VAS) शुल्क पर नहीं।
डाक विभाग के इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर देशभर में बहनों द्वारा अपने भाइयो को भेजने वाले राखी को वितरण के लिए तीव्र, विश्वसनीय एवं किफायती डाक सेवा उपलब्ध कराना है। -
- मुख्य समारोह का आयोजन शौर्य परेड मैदान पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में
राजनांदगांव । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शौर्य परेड मैदान पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विधानसभा अध्यक्ष 15 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। डॉ. रमन सिंह ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी लेंगे एवं परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा संदेश वाचन एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में परेड का मार्च पास्ट, परेड कमांडरों का परिचय एवं फोटोग्राफी, शहीद परिवारों से भेंट, पीटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा। -
- अवमानक खाद्य सामग्री पाए जाने पर 68 हजार रूपए का अर्थदण्ड
- विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच जारी
राजनांदगांव । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावट खोरी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जिले खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा हर्षिता ट्रेडर्स से शिव गोल्ड चक्की आटा, विष्णु किराना स्टोर्स कलकसा से सितार पान मसाला, एमवाय ट्रेडर्स अर्जुनी से राइस ब्रान तेल, जय शक्ति स्टोर्स अर्जुनी से राज भोग चक्की आटा, श्री बजरंग किराना स्टोर्स खुज्जी से चना दाल, शिव कुमार देवांगन किराना स्टोर्स खुज्जी से मूंग दाल, नागवानी कान्फेक्सनरी से लड्डू बर्फी, लक्ष्मीनारायण स्वीट्स से मिल्क ड्राई फ्रूट स्वीट्स, लक्ष्मी किराना डोंगरगांव से चायपत्ती, साहू किराना स्टोर्स छुरिया से भोरमदेव चक्की फ्रेश आटा एवं बंसल सोयाबीन तेल, जय भोले किराना स्टोर्स टप्पा डोंगरगांव से चना सत्तू, ओलिव पिज्जा राजनांदगांव से पिजा, तमन्ना इंटरप्राइजेज से हाईड एंड सीक बिस्कुट, दृष्टि फूड एण्ड डेरी से पनीर, यदु डेयरी राजनांदगांव से दूध, नमो ट्रेडिंग इमाम चौक राजनांदगांव से चीस एनालाग, ए-1 डेयरी से पनीर, होटल एरीना से प्याज ग्रेवी, होटल ग्रैंड विस्टा से पनीर, मोती स्वीट्स राजनांदगांव से पनीर, ओम चना किराना से पास्ता, तेल एवं बेसन, बिंदल मिठास डोंगरगढ़ से पनीर, बेसन लड्डू एवं घेवर तथा काश्वी इंटरप्राइजेज डोंगरगढ़ से बेसन लड्डू एवं मगज लड्डू, न्यू लीला होटल एवं स्वीट्स मोहरा रोड से बूंदी लड्डू, समोसा, भजिया एवं चिवड़ा के नमूने संकलित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, परिवहन नाकों एवं अन्य प्रमुख मार्गों व माध्यमों से जिले में प्रवेश करने वाले सभी खाद्य पदार्थों पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखने हेतु निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्थिति में अमानक अथवा मिलावटी सामग्री बाजार व उपभोक्ताओं तक नहीं पहुँच सके इसके लिए विशेष रूप से अन्य राज्यों या बाहरी जिलों से भारी मात्रा में आने वाले खोवा (मावा), पनीर, घी तथा अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने और संदिग्ध खेप की तत्काल सैंपलिंग करने हेतु अधिकारियों की टीम को सक्रिय किया गया है। साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर सामान्य रूप से परोसे जाने वाले बूंदी लड्डू पर भी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि विगत दिनों अवमानक पाए गए प्रकरणों में दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जैन डेयरी को पनीर के अवमानक पाए जाने पर 30 हजार रूपए, हरिओम डयरी को अवमानक पनीर पर 18 हजार रूपए, हिन्द पानी पाउच के अवमानक पाए जाने पर 10 हजार रूपए तथा लेमन साल्ट सॉफ्ट ड्रिंक के अवमानक पाए जाने पर 10 हजार रूपए का कुल 68 हजार रूपए अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। पूर्व में संकलित किए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर श्याम सिटी होटल डोंगरगढ़ का कुंदा, अन्नपूर्णा डेयरी राजनांदगांव का पनीर, विष्णु किराना स्टोर्स कलकसा का सितार पान मसाला, बसंतीलाल अग्रवाल डोंगरगढ़ का चोको जेम्स एवं पंकज ट्रेडिंग कंपनी राजनांदगांव का तुलसी पानी पाउच अवमानक पाया गया है, जबकि गणेश किराना स्टोर्स राजनांदगांव का सितार (पान मसाला) असुरक्षित पाया गया है। ये सभी प्रकरण वर्तमान में विवेचनाधीन हैं और इनमें शीघ्र जांच पूर्ण कर सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। आगामी त्यौहारों को देखते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के दृष्टिगत खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में यह विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले के समस्त नागरिकों एवं उपभोक्ताओं से खाद्य सामग्री खरीदते समय सचेत एवं जागरूक रहने, खुली एवं संदिग्ध सामग्री से बचने, पक्की रसीद लेने की अपील की गई है। खाद्य सामग्री विशेषकर पैकेट बंद सामान, दूध, खोवा, पनीर, मिठाई एवं तेल खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि तथा एफएसएसआईए लाइसेंस नंबर जांचे। त्योहारी सीजन के दौरान अत्याधिक चमकीले रंगों वाली मिठाइयों, अत्यधिक सस्ती दरों पर उपलब्ध खोवा व पनीर एवं खुले में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों को खरीदने से बचें। किसी भी प्रतिष्ठान से खाद्य सामग्री की खरीददारी करते समय बिल व रसीद अवश्य प्राप्त करें। किसी भी दुकान, होटल या डेयरी में मिलावटी, अमानक अथवा बासी खाद्य सामग्री के विक्रय की आशंका होने पर उसकी सूचना तत्काल कार्यालय खाद्य एवं औषधि प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर या सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर दी जा सकती है। -
- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री चिरायु योजना ने एक मासूम बच्चे मयंक के जीवन में फिर से सुनने की खुशियां लौटाई
राजनांदगांव । राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री चिरायु योजना ने एक मासूम बच्चे के जीवन में फिर से सुनने की खुशियां लौटाई हैं। जिले के मयंक ने करीब डेढ़ वर्ष की उम्र में अपनी सुनने की क्षमता खो दी थी। परिवार के लिए यह स्थिति बेहद कठिन थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तत्परता और शासकीय योजनाओं के प्रभावी समन्वय से मयंक को उपचार की नई उम्मीद मिली। आरबीएसके टीम ने बच्चे की स्थिति का परीक्षण करने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और परिवार से समन्वय करते हुए बिना समय गंवाए मयंक को देश की प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्था एम्स में उपचार के लिए रिफर किया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में मयंक का कोक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद वह भावुक क्षण आया, जिसका इंतजार मयंक के माता-पिता लंबे समय से कर रहे थे। जब पहली बार कोक्लियर इम्प्लांट मशीन को चालू किया गया, तो मयंक ने अपने माता-पिता की आवाज पहली बार सुनी। अपने बच्चे के चेहरे पर सुनने की प्रतिक्रिया देखकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। यह भावुक पल मुख्यमंत्री चिरायु योजना की सफलता और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता की जीवंत मिसाल बन गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऑपरेशन के बाद मयंक के स्वास्थ्य की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे आगे के उपचार एवं पुनर्वास के लिए सीआरसी (क्षेत्रीय पुनर्वास केन्द्र) भेजा गया है। यहां विशेषज्ञों की देखरेख में मयंक को स्पीच एवं हियरिंग थेरेपी दी जा रही है, ताकि वह आवाजों को बेहतर ढंग से समझ सके और सामान्य बच्चों की तरह बोलना सीख सके। मयंक की कहानी यह बताती है कि समय पर पहचान, उचित मार्गदर्शन और शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किसी बच्चे के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और मुख्यमंत्री चिरायु योजना के माध्यम से मिला उपचार मयंक के लिए केवल चिकित्सा सुविधा नहीं, बल्कि उसकी खामोश दुनिया में जिंदगी के सुरों की नई शुरूआत है। - राजनांदगांव । शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव के अस्थि रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के सफलतापूर्वक हिप रिप्लेसमेंट (कूल्हे के जोड़ का प्रत्यारोपण) सर्जरी से मरीजों को नई जिंदगी मिली है। मरीज लंबे समय से कूल्हे के जोड़ में असहनीय दर्द एवं चलने फिरने में कठिनाई से पीडि़त थे। आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत मरीजों को हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की सलाह दी गई। निर्धारित समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के पश्चात सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है।विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष रावटे ने बताया कि अर्जुनी जिला बालोद निवासी 60 वर्षीय कृष्णा राम साहू पिछले एक वर्ष से बाएं कूल्हे में असहनीय दर्द एवं चलने में परेशानी से पीडि़त थे। जांच में एवैस्कुलर नैक्रोसिस पाया गया। बेलगांव जिला गोदिया (महाराष्ट्र) निवासी 25 वर्षीय चंद्र प्रकाश पिछले 1 वर्ष से दाएं कूल्हे में असहनीय दर्द तथा पैर छोटा बड़ा होने की शिकायत से परेशान थे। ग्राम हरदी जिला राजनांदगांव निवासी 35 वर्षीय सुमित कुमार यादव 7 वर्ष पूर्व लगी चोट के बाद से दाएं कूल्हे में दर्द एवं चलने में कठिनाई से जूझ रहे थे। जांच में सेकेंडरी ओस्टियोआर्थराइटिस की पुष्टि हुई। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव में हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की उपलब्ध आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा गंभीर कुल्हा रोग से पीडि़त मरीजों को बेहतर उपचार से मिलने से सामान्य जीवन की नई उम्मीद मिली है। कूल्हे के जोड़ के क्षतिग्रस्त होने के सफल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरीमुख कारणों में सिकल सेल रोग, ओस्टियोआर्थराइटिस तथा लंबे समय तक दर्द निवारक दवाओं अथवा स्टेरॉयड के सेवन जैसी स्थितियां शामिल है। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों एवं अनुभवी विशेषज्ञों के प्रयासों से हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी अब पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी हो गई है। सर्जरी के पश्चात फिजियोथैरेपी की सहायता से मरीज शीघ्र ही सामान्य रूप से चलने में सक्षम हो सकते हैं।विभागाध्यक्ष एवं सह प्राध्यापक डॉ. सुभाष रावटे के मार्गदर्शन में सहायक प्राध्यापक डॉ. दिवाकर भुआर्य, सहायक प्राध्यापक डॉ. मानस श्रीवास्तव, सीनियर रेजिडेंट डॉ. अनुराग शर्मा एवं डॉ. शुभम रोहिल्ला की टीम ने सफल शल्य चिकित्सा संपन्न की। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग की विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक डॉ. दुर्गा कोसम एवं सह प्राध्यापक डॉ. स्मृति बंधु का विशेष सहयोग रहा।
- राजनांदगांव । छुरिया विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पंडरापानी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु इच्छुक एवं पात्र संस्थाओं से 31 अगस्त 2026 तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डोंगरगांव में आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित की गई है। शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु इच्छुक ग्राम पंचायत, स्थानीय नगरीय निकाय, महिला स्वसहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समिति, अन्य सहकारी समिति, राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम, वन सुरक्षा समिति निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
- -चिरायु टीम की पहल से तीन बच्चों को मिला नया जीवनरायपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, बीमारियों की शीघ्र पहचान और उन्हें समय पर उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों ने तीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। धमतरी जिले की चिरायु टीम-बी मगरलोड की सतर्कता और तत्परता से जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease–CHD) से पीड़ित तीन बच्चों की समय रहते पहचान हुई और उन्हें विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया गया।चिरायु टीम-बी मगरलोड द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान केरिना कंवर (15 वर्ष), कुमकुम साहू (3 वर्ष) एवं युवेश कमार (9 वर्ष) में संभावित जन्मजात हृदय रोग के लक्षण पाए गए। टीम ने बिना विलंब किए बच्चों को आवश्यक जांच एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक निजी हॉस्पिटल, रेफर किया तथा उपचार प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय और फॉलोअप सुनिश्चित किया।अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं परीक्षण किए गए। जांच में जन्मजात हृदय संबंधी समस्या की पुष्टि होने के बाद तीनों बच्चों को सर्जिकल उपचार की आवश्यकता बताई गई। चिकित्सकों की देखरेख में तीनों बच्चों का सफल ऑपरेशन किया गया। उपचार के पश्चात बच्चों के स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार हुआ और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। चिरायु टीम द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते हुए उपचार के बाद भी आवश्यक फॉलोअप किया जा रहा है।इस पूरी प्रक्रिया में चिरायु टीम की भूमिका केवल बीमारी की पहचान तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों को उचित स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने, उपचार के लिए समन्वय स्थापित करने और उपचार के बाद स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी करने तक रही। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कितनी महत्वपूर्ण है।जन्मजात हृदय रोग कई बार बच्चों में प्रारंभिक अवस्था में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान संभावित लक्षणों की पहचान बच्चों को गंभीर जटिलताओं से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। चिरायु कार्यक्रम इसी उद्देश्य से बच्चों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है। तीनों बच्चों का सफल उपचार उनके परिवारों के लिए राहत और खुशी का विषय है। यह सफलता समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, प्रारंभिक पहचान, त्वरित रेफरल, विशेषज्ञ उपचार और सतत फॉलोअप के प्रभावी समन्वय का उदाहरण है।
- -भैयाथान, भटगांव और लटोरी में युवाओं व विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साहरायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूरजपुर जिले के भैयाथान, भटगांव और लटोरी में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने तीनों स्थानों पर पहुंचकर तिरंगा यात्राओं का नेतृत्व किया।भैयाथान के केंवरा चौक से निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।इसके बाद भटगांव के त्रिपाठी चौक में आयोजित तिरंगा यात्रा में भी विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।लटोरी के हाई स्कूल ग्राउंड से निकली तीसरी तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। युवाओं की बड़ी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।इस अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय आन, बान और शान का प्रतीक है। जिस उत्साह के साथ विद्यार्थियों और युवाओं ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया है, वह देश के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं राष्ट्रभक्ति, एकता और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करती हैं।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का भी अवसर है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। तिरंगा यात्राओं के माध्यम से सूरजपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का विशेष वातावरण देखने को मिला।
- -छूईहा (बैगाटोला) के 39 बैगा परिवारों को मच्छरदानियों का वितरणरायपुर। आदि अमितान छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा समुदाय) के लिए चलाया जा रहा एक यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग (स्वास्थ्य परीक्षण) अभियान है। यह अभियान 15 जुलाई 2026 से 14 अगस्त 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके जरिए दूरस्थ ग्रामीण बस्तियों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सेवाएं दी जा रही हैं। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विशेष पिछड़ी जनजाति (पी.व्ही.टी.जी.) बैगा समुदाय को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा समुदाय में बीमारी की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में “आदि अमितान” पी.एम. जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।छुईखदान विकासखंड में पी.व्ही.टी.जी. बैगा समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन एवं अभियान के छुईखदान विकासखंड नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दूरस्थ बैगा बसाहटों में स्वास्थ्य जांच, उपचार, स्वास्थ्य शिक्षा एवं रोगों की रोकथाम से संबंधित गतिविधियां की जा रही हैं।इसी क्रम में 9 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत सरईपतेरा के छूईहा (बैगाटोला) स्थित बैगा बसाहट में निवासरत 39 बैगा परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानियों का वितरण किया गया। मच्छरदानी वितरण का उद्देश्य बैगा समुदाय को मच्छरजनित रोगों, विशेष रूप से मलेरिया से सुरक्षित रखना तथा घर-घर मच्छरदानी के नियमित एवं सही उपयोग को बढ़ावा देना है।मच्छरदानी वितरण के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, संक्रमण के माध्यम, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि रात में सोते समय नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करना, घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देना तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना मलेरिया से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं।ग्रामीणों को यह भी समझाया गया कि बुखार, ठंड लगना, कंपकंपी, सिरदर्द, शरीर में दर्द अथवा कमजोरी जैसे लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराएं। समय पर जांच एवं उपचार से मलेरिया की गंभीर जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है।“आदि अमितान” अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के निकट पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, सिकल सेल, एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग तथा महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार उपचार एवं उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।मच्छरदानी वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से केवल बीमारी के उपचार पर ही नहीं, बल्कि रोगों की रोकथाम एवं समुदाय की स्वास्थ्य सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पी.व्ही.टी.जी. बैगा समुदाय में मलेरिया नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में डॉ. प्रकाश वर्मा, चिकित्सा अधिकारी; श्री अमीलाल, पर्यवेक्षक; श्री प्रवीण गायकवाड़, एल.टी.; श्रीमती कविता सोनवानी, ए.एन.एम. सहित स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।डॉ. प्रकाश वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा “आदि अमितान” अभियान के माध्यम से पी.व्ही.टी.जी. बैगा समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने के साथ-साथ मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मच्छरदानी का नियमित एवं सही उपयोग मलेरिया से बचाव का एक प्रभावी उपाय है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे रात में सोते समय नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार अथवा मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पी.व्ही.टी.जी. बैगा समुदाय को सुलभ, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बीमारी की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
- -11.69 लाख रुपए की लागत से हुआ भवन निर्माण, 35 बच्चों सहित गर्भवती माताओं और किशोरी बालिकाओं को मिल रहा लाभरायपुर। राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी अभिसरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिल रही है। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सलका स्थित सलकापारा आंगनबाड़ी केंद्र इसका उदाहरण है। कभी किराए के जर्जर और सीमित स्थान वाले भवन में संचालित यह केंद्र अब 11.69 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवनिर्मित भवन में संचालित हो रहा है। इससे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण मिलने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं का संचालन भी अधिक व्यवस्थित हुआ है।सलकापारा आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृति दी गई थी। भवन निर्माण में एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) और विकसित भारत जी राम जी योजना के संसाधनों का अभिसरण किया गया। कुल 11.69 लाख रुपए की लागत में आईसीडीएस से 3.69 लाख रुपए तथा विकसित भारत जी राम जी योजना से 8 लाख रुपए का प्रावधान किया गया। भवन निर्माण के दौरान 494 मानव दिवस का रोजगार भी सृजित हुआ।नवनिर्मित भवन से पहले आंगनबाड़ी केंद्र किराए के जर्जर भवन में संचालित होता था। सीमित जगह और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में बच्चों को बैठाने, प्री-स्कूल गतिविधियां संचालित करने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयां आती थीं। नए भवन के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान हुआ है और केंद्र के संचालन के लिए स्थायी आधारभूत सुविधा उपलब्ध हुई है।नए आंगनबाड़ी भवन में बड़ा हॉल, रसोई, स्टोर, शौचालय, बाथरूम और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। पर्याप्त स्थान होने से बच्चों के लिए प्री-स्कूल शिक्षा, खेलकूद, पोषण एवं अन्य विकासात्मक गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही हैं। रसोई और स्टोर की सुविधा से पोषण आहार के रख-रखाव एवं वितरण में भी सुविधा हुई है।वर्तमान में सलकापारा आंगनबाड़ी केंद्र से 35 बच्चे नियमित रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्हें प्री-स्कूल शिक्षा के साथ पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण मिलने से बच्चों की केंद्र में उपस्थिति और गतिविधियों में सहभागिता को भी बढ़ावा मिला है। आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से गर्भवती माताओं और किशोरी बालिकाओं को भी स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में 5 गर्भवती माताएं स्वास्थ्य जांच एवं पोषण परामर्श का लाभ ले रही हैं, जबकि 17 किशोरी बालिकाएं पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा रही हैं। नए भवन से इन हितग्राहियों को भी बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रजनी पैकरा ने बताया कि पहले कम जगह के कारण बच्चों को बैठाने और विभिन्न गतिविधियां कराने में परेशानी होती थी। नए भवन में पर्याप्त जगह और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से अब बच्चों की गतिविधियां आसानी से संचालित हो रही हैं। बच्चे भी उत्साह के साथ केंद्र पहुंच रहे हैं। सलकापारा आंगनबाड़ी केंद्र का भवन योजनाओं के प्रभावी अभिसरण से तैयार हुई ऐसी स्थायी परिसंपत्ति है, जिसका लाभ ग्रामीण समुदाय को लंबे समय तक मिलेगा। इस पहल से एक ओर बच्चों को सुरक्षित वातावरण में पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा मिली है, वहीं गर्भवती माताओं और किशोरी बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की पहुंच बेहतर हुई है। साथ ही भवन निर्माण से स्थानीय स्तर पर 494 मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ।इस प्रकार सलकापारा का आंगनबाड़ी केंद्र केवल एक नए भवन की उपलब्धि नहीं, बल्कि बाल पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, मातृ स्वास्थ्य, किशोरी स्वास्थ्य और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को एक साथ मजबूत करने वाली अभिसरण आधारित पहल का उदाहरण बनकर उभरा है।
-
- वंदेमातरम् का उद्घोष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गाथा को संजोया गया
राजनांदगांव । जनसंपर्क विभाग द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा, वंदे मातरम् एवं भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस थीम पर नगर पालिक निगम राजनांदगांव के टाऊन हाल में विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। फोटो प्रदर्शनी में वंदेमातरम् का उद्घोष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गाथा एवं उपलब्धियों को संजोया गया है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत वंदेमातरम् की भावना का आह्वान करते हुए देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साहस एवं बलिदान का स्मरण करते हुए वंदेमातरम् के गौरवशाली 150 वर्षों की झांकी प्रस्तुत की गई है। नागरिक कार्यालयीन दिवस में नगर पालिक निगम राजनांदगांव के टॉऊन हाल में पहुंचकर विशेष फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। फोटो प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग की पत्रिका छत्तीसगढ़ जनमन एवं शासन की योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट्स एवं किताबों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। - रायपुर ।छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में दुर्ग जिले में आयोजित पहली जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न से जुड़े 27 प्रकरणों की सुनवाई की गई। आयोग ने पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, दहेज प्रताड़ना, वैवाहिक एवं संपत्ति संबंधी मामलों में पक्षों को सुनकर आवश्यक समझाइश, विधिक सहायता और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान 3 प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए। जनसुनवाई में आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, सुश्री दीपिका शोरी तथा श्रीमती सरला कोसरिया भी उपस्थित रहीं। यह आयोग की प्रदेश स्तर पर तीसरी जनसुनवाई थी।आयोग ने एक दहेज प्रताड़ना प्रकरण में मामला प्रथम दृष्टया उचित पाए जाने पर महिला थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। भरण-पोषण से जुड़े एक मामले में दोनों पक्षों की सहमति से बच्चे से मिलने की व्यवस्था तय कराई गई तथा महिला को न्यायालय में भरण-पोषण का दावा प्रस्तुत करने और आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।कुछ प्रकरणों में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने सखी सेंटर, निःशुल्क विधिक सहायता, तथा आवश्यक होने पर संबंधित थानों में अपराध दर्ज कराने के विकल्पों की जानकारी दी। न्यायालय में विचाराधीन मामलों में आयोग ने विधिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया।जनसुनवाई के बाद आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से भेंट कर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण को लेकर चर्चा की। आयोग ने संबंधित विभागों के समन्वय से मामलों के प्रभावी निराकरण पर विशेष जोर दिया।
-
- कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मोहला । जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर सुश्री शुभांगी गुप्ता ने मुख्य अतिथि की भूमिका का निर्वाह कर ध्वजारोहण किया व परेड की सलामी ली। इसके पश्चात परेड निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का रिहर्सल भी किया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के पश्चात सलामी, राष्ट्रगान व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन होगा। जिसके बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। समारोह में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी और स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं की टुकडिय़ों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। तत्पश्चात स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच व बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बिजली आपूर्ति, पेयजल आदि के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उनको सौंपे गए दायित्वों के अनुसार सारी तैयारियां समय से पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें। -
- स्वतंत्रता दिवस समारोह में सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वय के साथ करें निर्वहन
- अपर कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में गुरुवार को अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
अपर कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने की समीक्षा करते हुए सर्वे कार्य को पूर्ण करने एवं पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जनदर्शन, जनशिकायत एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वय के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में नक्सल पुनर्वास की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने तथा पुनर्वास नीति के तहत लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अपर कलेक्टर ने कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने, अपूर्ण कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा शासकीय कार्यों में डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की भी समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को सेवा सेतु के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। -
- दिव्यांगता के बावजूद अब आवागमन हुआ आसान, समाज कल्याण विभाग की पहल से मिला संबल
मोहला । किसी मां के लिए अपनी संतान को तकलीफ में देखना दुनिया का सबसे कठिन एहसास होता है। जब संतान अपनी भावनाएं व्यक्त न कर सके और रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर हो, तब मां की चिंता और बढ़ जाती है। ग्राम चापाटोला निवासी बीना बाई रावटे की जिंदगी भी ऐसी ही चुनौतियों से गुजर रही थी। उनकी बेटी पूनम रावटे, 80 प्रतिशत दिव्यांगता से प्रभावित है और उसे बहु-दिव्यांगता की श्रेणी में रखा गया है।
पूनम न बोल सकती है और न ही अपनी बात समझा सकती है। बेटी को इस अवस्था में देखकर मां बीना बाई अक्सर भावुक हो जाती थीं। दूसरे बच्चों को खेलते-कूदते और सामान्य जीवन जीते देखकर उनके मन में यही सवाल उठता था कि काश उनकी बेटी भी दूसरे बच्चों की तरह अपने पैरों पर चल-फिर पाती और अपनी खुशियां व्यक्त कर पाती।
बीना बाई बताती हैं कि पूनम की देखभाल के लिए उन्हें उसे अक्सर अपनी गोद में लेकर आना-जाना पड़ता था। इससे न केवल पूनम को असुविधा होती थी, बल्कि मां के लिए भी रोजमर्रा के काम काफी कठिन हो जाते थे। बेटी की मदद करने की इच्छा तो थी, लेकिन संसाधनों के अभाव में वह असहाय महसूस करती थीं।
इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि समाज कल्याण विभाग द्वारा मोहला में दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित किया जा रहा है। उम्मीद लेकर बीना बाई अपनी बेटी पूनम को लेकर शिविर पहुंचीं। शिविर में पूनम की दिव्यांगता का परीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें उसकी 80 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणित हुई। बीना बाई ने अपनी बेटी के आवागमन को सुगम बनाने के लिए व्हीलचेयर हेतु आवेदन किया। शिविर के माध्यम से उन्हें व्हीलचेयर प्राप्त हुई। व्हीलचेयर मिलते ही पूनम के साथ-साथ उसकी मां बीना बाई के जीवन में भी एक बड़ा बदलाव आया। अब पूनम को हर जगह गोद में लेकर जाने की मजबूरी कम हुई और उसका आवागमन पहले की अपेक्षा आसान हो गया। बीना बाई के लिए यह सिर्फ एक उपकरण नहीं, बल्कि उनकी बेटी की देखभाल में मिला एक मजबूत सहारा और नई उम्मीद है।
बीना बाई कहती है कि पहले मुझे अपनी बेटी को गोद में लेकर आना-जाना पड़ता था। मैं उसकी हालत देखकर बहुत दुखी हो जाती थी और चाहती थी कि किसी तरह उसकी मदद कर सकूं। व्हीलचेयर मिलने के बाद मुझे बहुत राहत मिली है। अब मेरी बेटी को साथ लेकर आना-जाना आसान हो गया है। यह हमारे लिए बहुत बड़ी मदद है। उन्होंने अपनी बेटी के जीवन में आए इस सकारात्मक बदलाव के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ ही जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया। - -रिमझिम बारिश में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से सराबोर हुआ रायगढ़-भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर, बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह से लिया हिस्सारायपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को रायगढ़ जिला मुख्यालय में रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी यात्रा में शामिल हुए। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बारिश की फुहारों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल नागरिकों के लिए जूस वितरण की व्यवस्था भी की गई।तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लिए स्कूली विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह सहित राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर यात्रा को आकर्षक और संदेशपरक बनाया।बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच नागरिक कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ और ‘ये देश है वीर जवानों का’ जैसे गीतों पर युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रिमझिम बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का जीवंत संदेश देता नजर आया।सिदूर पार्क में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान लगातार बढ़ा है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को तेजी से मजबूत बनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग करें। देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर ऐसा सशक्त भारत बनाएं, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर न कर सके।श्री चौधरी ने कहा कि तिरंगा उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। राष्ट्रध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों और युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।मंचीय कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कथक सहित अन्य प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। जिले में नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तिरंगा वितरण, जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
- -भव्य तिरंगा यात्रा के साथ 2.42 करोड़ रूपए के विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण और महतारी सदन का भूमिपूजन-हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी, छत्तीसगढ़ उतना ही समृद्ध और मजबूत बनेगा - श्री राजेश अग्रवालरायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अंबिकापुर जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम केदमा में राष्ट्रभक्ति, विकास और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला। ग्राम केदमा में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक श्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामवासियों को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। मंत्री श्री अग्रवाल ने 2 करोड़ 42 लाख की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया तथा महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।महतारी सदन के भूमिपूजन के अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी, छत्तीसगढ़ उतना ही समृद्ध और मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। महिलाओं को बेहतर सुविधाएं, अवसर और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना विकास की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एक ओर हाथों में तिरंगा लेकर निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की सौगात ने ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई उम्मीद जगाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम उत्साह और उमंग से भर उठा।ग्राम केदमा में निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। युवाओं के साथ महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।तिरंगा यात्रा में शामिल होकर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और समाज में एकता तथा भाईचारे का संदेश देते हैं। ग्राम केदमा की तिरंगा यात्रा भी इसी राष्ट्रभावना की सशक्त अभिव्यक्ति है।मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्राम केदमा में 2 करोड़ 42 लाख की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस विद्युत अधोसंरचना के शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलने और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जीवन में बिजली की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर विद्युत आपूर्ति से घरेलू जरूरतों के साथ शिक्षा, कृषि, छोटे व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। ग्रामीणों ने विद्युत सब-स्टेशन के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की मूलभूत सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों तक भी मजबूत अधोसंरचना के साथ पहुंचे। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा ग्रामीण विकास की आधारशिला है और इसके विस्तार से गांवों में विकास की संभावनाएं और मजबूत होती हैं।ग्राम केदमा में महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रस्तावित यह सदन महिला समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक गतिविधियों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित होगा। महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं को गांव में ही एक व्यवस्थित और सुविधाजनक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। इससे महिला समूहों की गतिविधियों को बेहतर स्थान मिलने के साथ महिलाओं की सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा। शासन की महिला केंद्रित योजनाओं एवं जागरूकता गतिविधियों के संचालन में भी यह सदन उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने महतारी सदन के भूमिपूजन पर क्षेत्र की समस्त मातृशक्ति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सहभागिता, संवाद और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा।ग्राम केदमा में एक ही अवसर पर आयोजित तिरंगा यात्रा, विद्युत सब-स्टेशन के लोकार्पण और महतारी सदन के भूमिपूजन ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। तिरंगा यात्रा ने जहां राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत किया, वहीं विद्युत सब-स्टेशन ने ग्रामीण अधोसंरचना के विस्तार और महतारी सदन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में विकास का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए शासन और मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
- - कलेक्टर ने अंतिम रिहर्सल कर व्यवस्था का लिया जायजा- जिला पंचायत सीईओ ने निभाया मुख्य अतिथि का दायित्वराजनांदगांव । जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का रिहर्सल गुरुवार को शौर्य परेड मैदान पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में किया गया। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने अंतिम रिहर्सल कर व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि का दायित्व निभाया। जिला पंचायत सीईओ ने ध्वजारोहण किया। रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण कर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान सीएसपी राजनांदगांव सुश्री वैशाली जैन उपस्थित रही।कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल में बैठक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से वीआईपी बैठक व्यवस्था के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, शहीद जवानों के परिजनों, पत्रकारों एवं जनसामान्य के लिए भी बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल की साज-सज्जा एवं सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह के परेड का नेतृत्व परेड कंमाडर रक्षित निरीक्षक राजनांदगांव श्री लोकेश कुमार कंवर ने किया। प्रशिक्षु सूबेदार राजनांदगांव सुश्री नेहा मान ने परेड टू-आई-सी का दायित्व निभाया। परेड में 15 प्लाटून भाग ले रहे हैं। परेड में जीडी आईटीबीपी राजनांदगांव, 8वीं वाहिनी राजनांदगांव, जिला बल पुरूष, पीटीएस बल पुरूष, जिला बल महिला, नगर सेना महिला, पीटीएस महिला बल, एनसीसी बालक दिग्विजय महाविद्यालय, नेवल विंग एनसीसी बालक दिग्विजय महाविद्यालय, एनसीसी बालिका दिग्विजय महाविद्यालय, एनसीसी बालिका कमला कालेज, एनसीसी बालक स्टेट हाई स्कूल, एनसीसी बालिका स्टेट हाई स्कूल, एनसीसी बालक जूनियर नेवल डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र स्कूल बसंतपुर, स्काउट-गाईड बालिका महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल शामिल हुए। रिहर्सल के दौरान पीएमश्री सर्वेश्वर दास नगर पालिका निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रॉयल किड्स कान्वेन्ट, युगांतर पब्लिक स्कूल, संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पूर्ण गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, प्रशिक्षु आईएफएस सुश्री यशस्वी मौर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम, एसडीएम राजनांदगांव श्री गौतम पाटिल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
- -हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हजारों लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित, युवाओं और बच्चों को किया प्रेरितरायपुर ।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत सीआरपीएफ की 211वीं वाहिनी ने गुरुवार को नया रायपुर, अभनपुर, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव सहित कई स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान की शुरुआत थनौद (नया रायपुर) स्थित 211वीं वाहिनी मुख्यालय से हुई। अधिकारियों और जवानों ने तिरंगा लेकर यात्रा शुरू की और लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।तिरंगा यात्रा श्री रावतपुरा सरकार चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, बालको मेडिकल सेंटर, शासकीय हाई स्कूल ठेलकाबांधा, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव पहुंची। सभी स्थानों पर नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। सीआरपीएफ के जवानों ने बड़ी संख्या में तिरंगे वितरित किए और लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर गर्व के साथ अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।राजिम के पंडित रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और स्वागत कार्यक्रम से जवानों का अभिनंदन किया। विद्यालय के इको क्लब के बच्चों ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष चार लाख सीड बॉल तैयार किए हैं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। फिंगेश्वर के शासकीय ठाकुर दलगंजन हायर सेकेंडरी स्कूल में कमान्डेंट डॉ. टंडन ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मेहनत, अनुशासन और देश सेवा की भावना के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने सीआरपीएफ के जवानों को राखी बांधकर सम्मानित किया।जामगांव के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में डॉ. टंडन ने अपने गुरु श्री कुमार निषाद से आशीर्वाद लिया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम ही देश को मजबूत बनाते हैं। सीआरपीएफ 211वीं वाहिनी की इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं और बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना था। कार्यक्रम के अंत में कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने सभी संस्थानों, नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेकेंड कमांडेंट श्री प्रज्ञेश कुमार अटल, डिप्टी कमांडेंट श्री इकबाल अहमद, असिस्टेंट कमांडेंट श्री अनिल कुमार राय सहित सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह भर दिया और हर नागरिक को यह संदेश दिया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।







.jpeg)
.jpg)


















