- Home
- देश
- आगरा(उप्र)। आगरा में स्वयं को आयकर विभाग के अधिकारी बताकर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में एक गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरोह के दो सदस्यों की तलाश की जा रही है।आगरा के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि सतर्कता विभाग और थाना सैयां पुलिस को जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग स्वयं को आयकर विभाग के अधिकारी बताकर फर्जी छापेमारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने सैयां चौराहा फ्लाई ओवर के नजदीक नाकेबंदी की और एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया लेकिन उसमें सवार लोग वाहन से उतरकर भागने लगे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से फर्जी पहचान पत्र, डेबिट कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, दिल्ली पुलिस की टोपी आदि बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा निवासी जितेंद्र कुमार, बिहार के बेगूसराय निवासी रितेश कुमार, दिल्ली के शकूरपुर निवासी गुलाब हसन, दिल्ली के भलस्वा निवासी वसीम और गुलफाम, दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी वीरू, दिल्ली के खजूरी निवासी सुशील कुमार के तौर पर की गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कासगंज निवासी दिनकर मिश्रा नाम का व्यक्ति वारदात से पहले उन्हें फर्जी पहचान पत्र उपलब्ध कराता था और दक्षिण दिल्ली निवासी इमरान नामक व्यक्ति छापा मारने की जगह बताता था।
-
नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि सरकार और सड़क सुरक्षा मानकों से समझौता करते वाले लोगों की खामियों की वजह से भारत वर्ष 2024 से पहले सड़क हादसों में 50 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगा। गडकरी ने यहां एक सार्वजनिक समारोह में कहा, ‘‘हमने कहा था कि हम वर्ष 2024 से पहले सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 50 प्रतिशत की कमी करेंगे। लेकिन हम इसे नहीं कर पाये क्योंकि हमारी भी कुछ खामियां हैं और बाकी कुछ लोगों की ओर से इसके प्रयास नहीं हो रहे हैं।'' सड़क निर्माण इंजीनियरिंग में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने वाले लोग अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं। उनकी मानसिकता है कि लागत में बचत होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि वे निर्माण की लागत को कम करने के लिए डीपीआर तैयार करते समय सड़क सुरक्षा मानकों से समझौता करते हैं और जानबूझकर किसी सड़क परियोजना में फ्लाईओवर या नीचे के पुलों के निर्माण का प्रावधान नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने खामियों वाले स्थान (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान की है। सड़कों के किनारे लगने वाले बढ़िया संकेत चिह्न भी दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा लेन में वाहन चलाने का अनुशासन भी हमें देश में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की आधी लड़ाई जीतने में मदद कर सकता है।'' उन्होंने कहा कि भारत में हर साल लगभग पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं जिसमें लगभग दो लाख लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर होने वाले झगड़ों, दंगों या आतंकवादी हमलों की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में अधिक लोग मरते हैं।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में राज्यों का पांचवां खाद्य सुरक्षा सूचकांक जारी किया। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफएसएसएआई वार्षिक मूल्यांकन के बाद यह सूचकांक जारी करते हैं। सूचकांक से खाद्य सुरक्षा मानकों के आधार पर राज्यों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है।
इस अवसर पर डॉक्टर मांडविया ने विजेता राज्यों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया। केरल, पंजाब और तमिलनाडु को बड़े राज्यों की श्रेणी में और गोवा, मणिपुर और सिक्किम को छोटे राज्यों की श्रेणी में सम्मानित किया गया। जम्मू और कश्मीर, चंडीगढ़ और दिल्ली को केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में पुरस्कार मिले।इस अवसर पर डॉक्टर मंडाविया ने कहा कि पौष्टिक और संतुलित भोजन से स्वस्थ रहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार देश भर में 100 स्वस्थ भोजन का विकास किया जाएगा। उन्होंने भारत में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में एफएसएसएआई द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की। स्वास्थ्य मंत्री ने आर्थिक क्षेत्र में देश की उपलब्धि पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत ने ऐसे समय में सात प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है जब प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सुस्ती देख जा रही है। -
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो ट्रेन के विस्तार को द्वारका एक्सप्रेसवे तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। पूरी तरह से एलिवेटेड इस परियोजना पर लगभग पांच हजार 452 करोड़ रुपये खर्च होंगे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि इस चरण में मेट्रो 28 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी जिसके मार्ग में 27 स्टेशन होंगे। उन्होंने बताया कि यह परियोजना मंजूरी की तारीख से चार साल में पूरी होने का अनुमान है श्री गोयल ने कहा कि यह नेटवर्क गुड़गांव रेलवे स्टेशन से जुड़ा होगा और क्षेत्र में समग्र आर्थिक विकास को बढ़ाएगा। इस लाइन की मुख्य विशेषता न्यू गुरुग्राम को पुराने गुरुग्राम से जोड़ना है। अगले चरण में, यह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड जायेगा।
-
नई दिल्ली। युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज पहलवानों को आश्वासन दिया कि भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर आरोपों की जांच इस महीने की 15 तारीख तक पूरी कर ली जाएगी और चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पहलवानों के साथ छह घंटे की लंबी चर्चा के बाद श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव इसी महीने करा लिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि कुश्ती संघ में एक महिला की अध्यक्षता में आंतरिक शिकायत समिति होगी। खेल मंत्री ने बताया कि बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। उन्होंने कहा कि पहलवानों के खिलाफ सभी एफ आई आर वापस ले ली जाएंगी। पहलवानों ने इस बात पर सहमति जताई है कि वे 15 जून से पहले किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं करेंगे।
श्री बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोपों के मददेनजर उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहलवान एक महीने से अधिक समय से राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देशभर में सबसे महंगी दवाइयां कम से कम लागत पर उपलब्ध कराना, सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है। वे देशभर में दो हजार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को प्रधानमंत्री भारतीय जन-औषधि केन्द्र खोलने की अनुमति देने के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के ट्वीट का जवाब दे रहे थे। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि सहकारिता क्षेत्र में किए गए इस बड़े उपाय से ग्रामीण् क्षेत्रों में लोगों का जीवन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
-
नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश के 85 वर्षीय एक व्यक्ति ने मिलावटी दूध बेचने का दोषी पाए जाने और एक साल कारावास की सजा सुनाए जाने के 38 साल से अधिक समय बाद अपनी सजा और जमानत के निलंबन के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति राजेश बिंदल की अवकाशकालीन पीठ ने मंगलवार को कहा कि वह याचिकाकर्ता वीरेंद्र सिंह की याचिका पर बृहस्पतिवार को फैसला करेगी। सिंह को सात अक्टूबर, 1981 को मिलावटी दूध बेचते पकड़ा गया था और निचली अदालत ने 29 सितंबर 1984 को उसे खाद्य अपमिश्रण निवारण अधिनियम, 1954 के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराते हुए एक साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी और उस पर दो हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। सिंह ने बुलंदशहर सत्र अदालत में इस फैसले को चुनौती दी थी, जिसने 14 जुलाई 1987 को निचली अदालत का फैसला बरकरार रखा था। इसके बाद उसने 28 जुलाई 1987 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का रुख किया था। उच्च न्यायालय ने 30 जनवरी 2013 को सुनाए फैसले में सिंह की दोषसिद्धि को बरकरार रखा था, लेकिन उसकी सजा को एक साल से कम करके छह महीने कर दिया था। सिंह करीब चार दशक से जमानत पर रिहा था और उसने 20 अप्रैल 2023 को निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया और दो हजार रुपए जुर्माना भर दिया। उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। सिंह के वकील सतीश कुमार ने सिंह की बिगड़ते स्वास्थ्य के मद्देजनर उसकी याचिका को तत्काल सूचीबद्ध किए जाने का अनुरोध किया था। पीठ ने कुमार से कहा, ‘‘हम मामले पर आठ जून को सुनवाई करेंगे।
सिंह ने अपनी याचिका में दावा किया है कि वह दमा समेत विभिन्न बीमारियों से पीड़ित है। सिंह ने कहा कि उसका बुलंदशहर के जेल अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत खराब होती जा रही है। उसने दावा किया है कि वह पेशे से एक बस कंडक्टर था और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दूध खरीदने अपने पैतृक गांव किर्यावली से कल्याणपुर गया था। सिंह ने कहा कि जब वह कल्याणपुर से अपने घर लौट रहा था, तभी खाद्य निरीक्षक एच सी गुप्ता ने उसे बीच में रोक लिया और वह जो दूध ले जा रहा था, उसके नमूने विश्लेषण के लिए भेजे गए और दूध मिलावटी पाया गया।
- रामपुर (उप्र).) रामपुर जिले के कोतवाली बिलासपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि शादी से इंकार करने पर प्रेमी युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. संसार सिंह ने बताया कि राजवीर और पिंकी मनिहार खेड़ा, थाना बिलासपुर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि दोनों बालिग थे और उनके बीच प्रेम प्रसंग था। उन्होंने बताया कि पिंकी पास के गांव के घरों में जाकर काम किया करती थी और राजवीर मिस्त्री था।सिंह ने बताया कि मनिहार खेड़ा के जंगल में राजवीर की लाश पेड़ से लटकी मिली।उन्होंने बताया कि इस बीच पिंकी गायब थी तो लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और जहां राजवीर का शव मिला था, उससे 20 कदम की दूरी पर उन्हें पिंकी का शव एक खेत में मिला। पुलिस के अनुसार पिंकी के शव को देखकर प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है और एक सिंदूर की डिब्बी भी वहां पास से मिली है। एएसपी ने कहा कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने भी घटनास्थल पहुंच कर उसका निरीक्षण किया।
- नयी दिल्ली. वार्षिक अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पवित्र गुफा के ऊपरी इलाकों में नियमित उड़ानें और आपदा से बचाव के लिए श्वान दस्तों की तैनाती के साथ एनडीआरएफ ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक एक जुलाई से होने वाली यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक दर्जन टीमों को तैनात किया जाएगा। आकस्मिक बाढ़ और ‘‘ग्लेशियल'' झील के फटने से होने वाली बाढ़ (जीएलओएफ) से बचने के लिए एनडीआरएफ ने तीर्थयात्री शिविरों के निर्माण के लिए स्थानों की पहचान शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले साल आठ जुलाई को भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी। एनडीआरएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ उस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भारतीय वायु सेना और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के हेलीकॉप्टर नियमित रूप से पवित्र गुफा के ऊपरी इलाकों में उड़ान भरेंगे...।'' एनडीआरएफ के महानिदेशक (डीजी) अतुल करवाल ने मंगलवार को यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बल अपने बचावकर्ताओं को उच्च ऊंचाई और पहाड़ों में होने वाली आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित कर रहा है, यहां तक कि बल की एक टीम ने हाल ही में 6,500 मीटर ऊंची हिमालय की एक चोटी की चढ़ाई की है।
-
नयी दिल्ली. जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने मंगलवार को अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह के साथ बातचीत के बाद कहा कि छह स्टील्थ पनडुब्बियों की खरीद संबंधी भारत की परियोजना की दौड़ में जर्मनी का उद्योग "अच्छी जगह" पर है। यह वार्ता प्रमुख सैन्य मंचों के संयुक्त विकास और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर केंद्रित रही।
वार्ता से परिचित अधिकारियों ने कहा कि भारतीय पक्ष ने पिस्टोरियस को वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन की आक्रामकता के बारे में अवगत कराया और पश्चिमी देशों से पाकिस्तान को महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकियां मिलने के संभावित जोखिमों पर नयी दिल्ली की आशंकाओं से भी अवगत कराया। वार्ता के बाद, पिस्टोरियस ने संवाददाताओं से कहा कि नयी दिल्ली के साथ बर्लिन के रणनीतिक संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अप्रत्याशित स्थिति के संदर्भ में अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। यह टिप्पणी संबंधित क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य आक्रामकता पर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच आई।उन्होंने भारत के साथ रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए जर्मनी के दृष्टिकोण का भी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि भारत को हथियार देने के लिए यूरोप की अनिच्छा के मद्देनजर नयी दिल्ली ने रूस की ओर देखा। पिस्टोरियस ने भारत के साथ रक्षा संबंधों पर एक नए दृष्टिकोण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा, "हम अब महसूस कर रहे हैं कि रूस का सितारा डूब रहा है।" उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से हमने रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के बारे में भी बात की थी। युद्ध का प्रभाव यहां तक, दुनिया के हर कोने में है। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है और भारत हथियारों के लिए रूस पर अपनी निर्भरता को महत्वपूर्ण रूप से तथा जल्द कम करने की बहुत कोशिश कर रहा है जो वर्तमान में 60 प्रतिशत पर है।'' हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति के बारे में पिस्टोरियस ने कहा कि जर्मनी और यूरोप ने राजनीतिक प्रभावों पर पर्याप्त ध्यान दिए बिना चीन के साथ आर्थिक संबंधों पर बहुत अधिक ध्यान केंद्रित किया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पिस्टोरियस के साथ वार्ता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और जर्मनी साझा लक्ष्यों पर आधारित ‘‘अधिक जीवंत'' रक्षा संबंध बना सकते हैं। पिस्टोरियस ने जर्मन भाषा में मीडिया से कहा, "मुझे लगता है कि हमें भारत के साथ साझेदारी में उस क्षेत्र (हिंद-प्रशांत) में और अधिक करना काम चाहिए, क्योंकि हम उस समय के करीब आ रहे हैं, जब हम वास्तव में भविष्यवाणी नहीं कर सकते कि अगले कुछ वर्षों में क्या होने वाला है।" उन्होंने कहा, "और हमें भारत और इंडोनेशिया जैसे सामरिक भागीदारों की आवश्यकता है।''पनडुब्बी परियोजना का जिक्र करते हुए पिस्टोरियस ने कहा कि छह पनडुब्बियों की प्रस्तावित खरीद से संबंधित प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और जर्मन उद्योग अनुबंध की दौड़ में ‘‘अच्छे स्थान'' पर है। थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स (टीकेएमएस) कंपनी 43,000 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए बोली लगाने को तैयार है। जर्मन रक्षा मंत्री ने कहा, "हम टीकेएमएस के सौदे के बारे में बात कर रहे हैं..लगभग छह पनडुब्बियों के बारे में, लेकिन निश्चित रूप से प्रक्रिया अभी समाप्त नहीं हुई है। मुझे लगता है कि जर्मन उद्योग उस दौड़ में एक अच्छी जगह पर है।" उन्होंने कहा, "हम भारत द्वारा समर्थित 'मेक इन इंडिया' सिद्धांत का समर्थन करते हैं। हमें लगता है कि यह सही है।" पिस्टोरियस बुधवार को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड का दौरा करेंगे और सार्वजनिक क्षेत्र के रक्षा उपक्रम के अधिकारियों के साथ उनकी बैठकों के दौरान इसके और टीकेएमएस के बीच संभावित सहयोग पर चर्चा हो सकती है। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि मेगा पनडुब्बी परियोजना के लिए बोली प्रक्रिया अगस्त में बंद हो जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच बातचीत में पनडुब्बी परियोजना का मुद्दा उठा।जून 2021 में, रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए छह पारंपरिक पनडुब्बियों को घरेलू स्तर पर बनाने की मेगा परियोजना को मंजूरी दी थी। पिस्टोरियस के साथ अपनी बातचीत में, सिंह ने जोर देकर कहा कि भारत और जर्मनी साझा लक्ष्यों और शक्ति की पूरकता के आधार पर "अधिक सहजीवी" रक्षा संबंध बना सकते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रक्षा गलियारों में जर्मनी से निवेश करने को कहा।अधिकारियों ने बताया कि दोनों रक्षा मंत्रियों ने हिंद-प्रशांत और अन्य क्षेत्रों में चीन की बढ़ती आक्रामकता समेत क्षेत्रीय सुरक्षा स्थितियों की भी समीक्षा की। पिस्टोरियस भारत की चार दिन की यात्रा पर सोमवार को दिल्ली पहुंचे। यह 2015 के बाद से भारत में जर्मनी के किसी रक्षा मंत्री की पहली यात्रा है। उन्होंने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग, जर्मन रक्षा उद्योग की आपूर्ति श्रृंखला में भाग ले सकता है और आपूर्ति श्रृंखला में लचीलापन लाने में योगदान देने के अलावा पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूत बना सकता है। ऐसी जानकारी है कि वार्ता में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण और दुनिया पर इसके असर के बारे में भी चर्चा की गयी। संबंधित पनडुब्बियां रणनीतिक साझेदारी मॉडल के तहत बनायी जाएंगी जो घरेलू रक्षा निर्माताओं को आयात पर निर्भरता कम करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सैन्य मंच बनाने के वास्ते प्रमुख विदेशी रक्षा कंपनियों के साथ मिलकर काम करने की अनुमति देता है। पिस्टोरियस ने जर्मनी के सरकारी प्रसारणकर्ता दायचे वेले से कहा था कि भारत की लगातार रूसी हथियारों पर निर्भरता जर्मनी के हित में नहीं है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की गतिविधियों की समीक्षा की और खासतौर से रक्षा औद्योगिकी भागीदारी बढ़ाने के तरीके तलाशे। मंत्रालय ने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री ने रक्षा उत्पादन क्षेत्र में पैदा हुए अवसरों का उल्लेख किया जिसमें उत्तर प्रदेश तथा तमिलनाडु में दो रक्षा औद्योगिक गलियारों में जर्मनी के निवेश की संभावनाएं शामिल हैं।'' भारत और जर्मनी के बीच साल 2000 से ही रणनीतिक भागीदारी रही है जो 2011 से अंतर-सरकारी विचार-विमर्श के जरिए मजबूत हुई है। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। जर्मनी की ओर से, पिस्टोरियस के साथ रक्षा मंत्रालय के अधिकारी बेनेडिक्ट जिमर के अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। वार्ता से पहले जर्मनी के रक्षा मंत्री ने तीनों सेनाओं की ओर से दिए गए सलामी गारद का निरीक्षण किया। - देहरादून. उत्तराखंड पुलिस में मंगलवार को एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों को कांस्टेबल के पद पर नियुक्त किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में इनमें से 55 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने कहा कि ये भर्तियां राज्य पुलिस में करीब सात साल के अंतराल के बाद की गई हैं। जिला पुलिस, इंडिया रिजर्व बटालियन और अग्निशमन सेवाओं सहित पुलिस बल के विभिन्न संवर्गों में कुल 1,425 उम्मीदवारों को कांस्टेबल के रूप में नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कांस्टेबल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांस्टेबल स्तर की शेष 1550 रिक्तियों के लिए भी जल्द ही भर्तियां शुरू की जाएंगी। धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप राज्य पुलिस को एक आधुनिक और स्मार्ट बल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत को अमेरिका के साथ अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों के बीच परस्पर मजबूत संबंधों और वैश्विक शांति एवं समृद्धि के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की नींव पर बनी है। उन्होंने इस महीने के अंत में होने वाली अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के निमंत्रण के लिए प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष कैविन मैक्कार्थी, सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर, सीनेट रिपब्लिकन नेता मिच मैककॉनेल और प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज को धन्यवाद देते हुए एक ट्वीट में यह टिप्पणी की। प्रधानमंत्री ने कहा, "कैविन मैक्कार्थी, मिच मैककॉनेल, चक शूमर और हकीम जेफरीज को इस निमंत्रण के लिए धन्यवाद। मैं इसे स्वीकार करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं और एक बार फिर कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं।" उन्होंने कहा, "हमें अमेरिका के साथ अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों के बीच परस्पर मजबूत संबंधों और वैश्विक शांति एवं समृद्धि के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की नींव पर बनी है।" मोदी 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। अमेरिकी कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि मोदी भारत के भविष्य के बारे में अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे और दोनों देशों के सामने मौजूद वैश्विक चुनौतियों पर बोलेंगे। राष्ट्रपति जो बाइडन 22 जून को प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका की आधिकारिक राजकीय यात्रा की मेजबानी करेंगे, जिसमें राजकीय रात्रिभोज भी शामिल होगा। अमेरिकी कांग्रेस के नेताओं ने एक बयान में कहा था, ''अमेरिकी प्रतिनिधि सभा और अमेरिकी सीनेट के द्विदलीय नेतृत्व की ओर से आपको (प्रधानमंत्री मोदी को) बृहस्पतिवार 22 जून को कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करना हमारे लिए सम्मान की बात है।" जून 2016 के बाद यह दूसरा मौका होगा जब मोदी अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे।
-
नयी दिल्ली. गुजरात के वडनगर स्थित उस धरोहर विद्यालय का जीर्णोद्धार किया गया है और 'प्रेरणा' परियोजना के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ली थी। 'प्रेरणा' परियोजना के तहत विद्यालय के पुनर्विकास का उद्देश्य यह है कि यह विद्यालय बच्चों के लिए एक प्रेरणा केंद्र के तौर पर काम करे। उन्नीसवीं शताब्दी के अंत में बने इस विद्यालय का जीर्णोद्धार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने एक पुरानी स्थापत्य शैली में किया है। सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री की दृष्टि के आधार पर "अपनी तरह की पहली विद्यालय पुनर्विकास परियोजना 'प्रेरणा: द वर्नाक्युलर स्कूल' देश के युवाओं को परिवर्तन के उत्प्रेरक बनने के लिए प्रेरित करने के वास्ते शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुराने स्कूल का वास्तुशिल्प जीर्णोद्धार और पुनर्विकास ऐतिहासिक शहर वडनगर के लिए एक समग्र एवं बड़ी पुनर्विकास योजना का हिस्सा है। एक सूत्र ने कहा, ‘‘कार्यक्रम इस वर्ष के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। देश के प्रत्येक जिले से दो छात्र इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। प्रत्येक समूह में 30 छात्र होंगे, जो 15 जिलों को कवर करेंगे और इसके तहत 50 सप्ताह में सभी 750 जिले कवर कर लिया जाएगा।'' सूत्र ने कहा कि यह "अनुभवात्मक विद्यालय" एक "अद्वितीय शिक्षा" प्रदान करेगा। सूत्र ने कहाा कि यह बच्चों को मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने और भविष्य में परिवर्तन के उत्प्रेरक बनने के लिए प्रेरित करने के लिए गैर परंपरागत और तकनीक-आधारित, दोनों साधनों का उपयोग करेगा। सूत्र ने कहा कि इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य वडनगर से शुरू करके सभी जिलों में भारतीयों को प्रेरित करना है। स्कूल की इमारत के बारे में सूत्र ने कहा कि इसके जीर्णोद्धार का काम 2018 में शुरू हुआ था। सूत्र ने कहा, ‘‘पुरानी इमारत का जीर्णोद्धार वास्तुकला के स्थानीय तत्वों का उपयोग करके एवं मूल इमारत की एक कल्पना करके किया गया है।'' अहमदाबाद से लगभग 100 किलोमीटर दूर गुजरात के मेहसाणा जिले में वडनगर, लगभग 28,000 की आबादी वाला एक ऐतिहासिक शहर है।
-
पारामारिबो. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घोषणा की है कि भारत ने सूरीनाम में मूल भारतीय प्रवासियों के ‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड के लिए पात्रता मानदंड को चौथी पीढ़ी से छठी पीढ़ी तक बढ़ाने का फैसला किया है, जो 150 साल पुराने द्विपक्षीय संबंधों में उनके महत्व को दर्शाता है। मुर्मू ने सोमवार को यहां इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर एक समारोह को संबोधित करते हुए यह घोषणा की, जहां वह सूरीनाम के अपने समकक्ष चंद्रिका प्रसाद संतोखी के साथ सूरीनाम में भारतीयों के आगमन के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक सांस्कृतिक समारोह की गवाह बनीं। विदेश में बसे और वहां की नागरिकता ले चुके भारतीय लोगों के लिए ओसीआई कार्ड की सुविधा प्रदान की गई है। उल्लेखनीय है कि 452 भारतीय मजदूरों को लेकर पांच जून, 1873 को पहला जहाज ‘लल्ला रूख' सूरीनाम की राजधानी पारामारिबो पहुंचा था। इनमें ज्यादातर मजदूर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे। मुर्मू ने कहा, ‘‘आज, इस ऐतिहासिक अवसर पर, मुझे इस मंच पर यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मेरी सरकार ने ओसीआई कार्ड के लिए पात्रता मानदंड को चौथी पीढ़ी से छठी पीढ़ी तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।'' उन्होंने कहा कि ओसीआई कार्ड को भारत के साथ उनके 150 साल पुराने संबंधों की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भारत के साथ अपने संबंधों को बनाए रखने के प्रयास जारी रखने का आग्रह किया। इससे पहले, ओसीआई सुविधा भारत से सूरीनाम पहुंचे समुदाय के मूल पूर्वजों की केवल चार पीढ़ियों तक के लिए ही थी। इसके परिणामस्वरूप, पांचवीं और बाद की पीढ़ियों से संबंधित समुदाय के कई युवा सदस्य इस लाभ से वंचित थे। मुर्मू ने कहा, ‘‘हम सभी सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ मनाने के लिए आज यहां एकत्र हुए हैं, जो सूरीनाम के इतिहास में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर है। इस अवसर पर, मैं अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उन लोगों को सलाम करती हूं जिन्होंने इस राष्ट्र के निर्माण में मदद की।'' उन्होंने कहा कि एक बहुसांस्कृतिक समाज और अवसरों की भूमि के रूप में सूरीनाम ने उन सभी विभिन्न समुदायों का स्वागत किया है जो यहां आए और बस गए। उन्होंने कहा कि इन वर्षों के दौरान, विविध समुदाय एक परिवार और एक देश के रूप में विकसित हुए। उन्होंने एकता और समावेशिता के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए सूरीनाम के लोगों की सराहना भी की। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि विशाल भौगोलिक दूरियों, विभिन्न समय क्षेत्रों और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद, भारतीय प्रवासी हमेशा अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि विविधता के लिए जाने जाने वाले भारत और सूरीनाम के बीच कई समानताएं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देशों के लोग एक-दूसरे के समाज में बहुत आसानी से मिलजुल सकते हैं। मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं अपने घर पर हूं।'' उन्होंने कहा कि पिछले 150 वर्षों में भारतीय समुदाय न केवल सूरीनाम में समाज का एक अभिन्न अंग बन गया है, बल्कि यह भारत और सूरीनाम के बीच गहरी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ भी है। राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे समय में जब सूरीनाम अपने पूर्वजों की विरासत और भारत के साथ अपने संबंधों का जश्न मना रहा है, भारत एकजुटता और श्रद्धा के साथ सूरीनाम के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सूरीनाम और भारत दोनों ने औपनिवेशिक शासन की लंबी अवधि के बाद अपनी अर्थव्यवस्थाओं और सामाजिक प्रणालियों के पुनर्निर्माण के लिए प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने दोनों देशों के बीच एकजुटता की भावना पैदा की है। मुर्मू ने कहा कि भारत-सूरीनाम द्विपक्षीय संबंध विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित हैं।
इस दौरान अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने एक समावेशी वैश्विक व्यवस्था के लिए भारत के उस दृष्टिकोण को रेखांकित किया जो हर देश और क्षेत्र के वैध हितों और चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत और सूरीनाम के बीच चिरस्थायी संबंधों का उत्सव मना रहे हैं। ऐसे में हम उन साहसी और दृढ़ निश्चयी अग्रदूतों को भी नमन करते हैं, जिन्होंने सूरीनाम का निर्माण किया।'' मुर्मू ने कहा, ‘‘भारत-सूरीनाम संबंधों की पृष्ठभूमि, उपनिवेशवाद के हमारे साझे ऐतिहासिक अनुभव पर आधारित है। हमारे संबंध समय के साथ विकसित हुए हैं और समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘सूरीनाम हमारे भारतीय भाइयों एवं बहनों और उनके वंशजों का पिछले 150 साल से घर रहा है। मुझे यह देखकर खुशी होती है कि हमारे समाज हमारी साझा विरासत, परंपराओं और संस्कृति के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं।'' उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि सूरीनाम में हिंदी भाषा के अलावा कथक, योग एवं भारतीय शास्त्रीय संगीत की लोकप्रियता बढ़ रही है और सूरीनाम के सभी नागरिक दीपावली एवं होली/फगवा जैसे भारतीय त्योहारों को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाते हैं। राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि उनकी चर्चा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती साझेदारी को गति प्रदान करेगी। मुर्मू तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को सूरीनाम पहुंचीं। यह पिछले साल जुलाई में पदभार संभालने के बाद उनकी पहली राजकीय यात्रा है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की कंप्यूटर प्रणाली में मंगलवार को वायरस हमले का पता लगाया गया जिसे संस्थान में स्थापित साइबर सुरक्षा प्रणाली ने निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एम्स ने एक बयान में कहा, ‘‘आज अपराह्न दो बजकर करीब 50 मिनट पर संस्थान में तैनात साइबर सुरक्षा टीम ने वायरस हमले का पता लगाया। सेंध लगाने की कोशिश को नाकाम कर दिया गया और खतरे को निष्क्रिय कर दिया गया। अस्पताल की ई-सेवा पूरी तरह से सुरक्षित है और सामान्य तरीके से काम कर रही है।'' अस्पताल पर साइबर हमले की अफवाह फैलने पर इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्विटर पर स्थिति स्पष्ट की और कहा कि एम्स की प्रणाली में कोई सेंध नहीं लगी है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘एम्स का ई-अस्पताल आतंरिक ऐप है और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं है। किसी ने इस पोर्टल में सेंध लगाने की कोशिश की लेकिन एम्स की सुरक्षा प्रणाली की सतर्कता से यह नाकाम कोशिश रही। उसी व्यक्ति ने संभवत: त्रुटि संदेश का स्क्रीनशॉट लिया है और उसे प्रसारित किया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘साइबर हमले या सेंध की कोई घटना नहीं हुई है। त्रुटि संदेश को भी ठीक कर लिया गया है।'' गौरतलब है कि देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान पर पिछले साल भी साइबर हमला किया गया था जिसकी वजह से उसका सर्वर कई दिनों तक प्रभावित रहा था।
-
पालघर. महाराष्ट्र के पालघर जिले में मंगलवार दोपहर एक निर्माणाधीन दीवार गिरने से तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना विरार इलाके के मनवेलपाड़ा में एक निर्माण स्थल पर अपराह्न करीब चार बजे हुई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने भर्ती करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शौबाई सुले (45), लक्ष्मी घवणे (45) और राधा नवघरे (40) के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि इस घटना में एक अन्य महिला घायल हो गई और उसका इलाज जारी है। विरार पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कल चेन्नई में भारत के पहले अंतर्राष्ट्रीय समुद्री पर्यटन पोत- एम. वी. एम्प्रेस को चेन्नई से श्रीलंका के लिए रवाना किया। इसके साथ ही चेन्नई से अंतरराष्ट्रीय क्रूज पर्यटन टर्मिनल की शुरुआत हो गई है। इस टर्मिनल को लगभग 17 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। इससे देश में समुद्री पर्यटन और व्यापार के एक नए युग की शुरुआत होगी। श्री सोनोवाल ने पर्यावरण दिवस पर बंदरगाह के अन्य अधिकारियों के साथ ढाई हजार पौधे भी लगाए।
श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने और समुद्री व्यापार के अवसर बढ़ाने के लिए अनेक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि चेन्नई और श्रीलंका के बीच पहली क्रूज सेवा की शुरुआत से देश के समुद्री पर्यटन के क्षेत्र में एक नया अध्याय खुला है। -
नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कुछ हवाई मार्गों पर किराए में असामान्य वृद्धि की खबरों पर चिंता व्यक्त की है। नई दिल्ली में एयरलाइन्स परामर्शदाता समूह की एक घंटे चली बैठक में श्री सिंधिया ने हवाई किराए के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एयलाइंस को स्वयं उन चुने हुए मार्गों पर हवाई किराए की निगरानी करनी चाहिए जहां इनमें वृद्धि हुई है। विशेष रूप से उन मार्गों पर किराए पर ध्यान देने की आवश्यकता है जिन पर गो फर्स्ट एयरलाइन्स अपनी सेवाएं दे रही थी। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान मानवता के हित में एयरलाइंस को हवाई टिकटों की कीमत पर विशेष रूप से कडी निगरानी और नियंत्रण रखने की आवश्यकता है। उन्होंने एयरलाइन्स को ओडिशा में रेल हादसे में मृत व्यक्तियों के परिवारों को निशुल्क कार्गो सेवा प्रदान करने की सलाह दी।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने ओडिशा में बालासोर रेल दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पूर्व तटीय रेलवे के खुर्दा डिविजन के सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी के दस सदस्यों के दल ने कल बालासोर के बहनागा में दुर्घटना स्थल का दौरा किया। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सीबीआई दुर्घटना की परिस्थितियों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जांच करेगी। रेलमंत्री सामान्य स्थिति बहाली कार्य के निरीक्षण के लिए बहनागा में हैं। रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को दुर्घटना की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। रेलवे सुरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार पाठक ने भी अलग से दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा बालासोर सरकारी रेलवे पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इस बीच दुर्घटनाग्रस्त मार्ग पर सामान्य रेल सेवा बहाल हो गई है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान- द ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चैन ऑफ येलो स्टार से सम्मानित किया गया है। पारामारिबो में सूरीनाम गणतंत्र के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रपति मुर्मू यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली भारतीय हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि उन 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के लिए भी अत्यन्त महत्वपूर्ण है जिनका वे प्रतिनिधित्व कर रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस सम्मान के लिए सूरीनाम सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि यह दोनों देशों के बीच सतत सहयोग संबंध का प्रतीक है।राष्ट्रपति मुर्मू सूरीनाम के तीन दिन की राजकीय यात्रा पर हैं। उन्होंने सूरीनाम के राष्ट्रपति के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के ही समान सूरीनाम भी विविधता वाला देश है जहां विभिन्न जातियों, भाषाओं और धर्मों के लोग शांति और सद्भाव के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सूरीनाम के गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों ने दोनों देशों के बीच आधुनिक बहुमुखी साझेदारी की नींव रखी है। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि सूरीनाम में हिंदी व्यापक रूप से बोली जाती है जो उन्हें मातृभूमि की याद दिला रही है।राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच क्षमता से कम व्यापार हो रहा है। आपसी लाभ के लिए द्विपक्षीय व्यापार बढाने की दिशा में मिलकर काम करने की आवश्यकता है। इस सिलसिले में दोनों देशों के बीच तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए जिनमें से दो स्वास्थ्य और एक कृषि के क्षेत्र में है।भारत सरकार ने सूरीनाम को बाढ़ राहत प्रयासों के अंतर्गत पांच करोड़ रुपये से अधिक की आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की भी घोषणा की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस सिलसिले में राष्ट्रपति संतोखी को प्रतीकात्मक रूप से दवाओं की एक खेप राष्ट्रपति भवन में हुए समारोह में प्रदान किया।पारामारिबो में विशेष संवाददाता सम्मेलन में विदेश मंत्रालय के पूर्वी मामलों के सचिव सौरभ कुमार ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए उठाये गए कदमों के अंतर्गत भारत सरकार ने सूरीनाम में भारतीय मूल के लोगों की पांचवीं और छठी पीढ़ी को विदेशी भारतीय नागरिकता की सुविधा प्रदान की है। वहां प्रवासी भारतीयों की ओर से लंबे समय से यह मांग हो रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए समझौते से भारतीय दवा उद्योग को सूरीनाम के बाजार का लाभ मिलेगा। राष्ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान राष्ट्रपति सूरीनाम में प्रवासी भारतीयों की ओर से किए गए कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुई।राष्ट्रपति मुर्मू आज वहां लालारूख संग्रहालय, आर्य दिवाकर मंदिर और श्रीविष्णु मंदिर जाएंगीं। इसके बाद वे गेवालेन हेल्डेन 1902 स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगी और फिर प्रवासी भारतीयों की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में भाग लेंगी। -
नयी दिल्ली. भारत के सेवा क्षेत्र की वृद्धि मई में थोड़ी कम हुई, हालांकि इस दौरान पिछले 13 साल में दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एक मासिक सर्वेक्षण में सोमवार को कहा गया कि मांग की अनुकूल स्थिति और नए ग्राहकों की मदद से यह जीत हुई। मौसमी रूप से समायोजित एसएंडपी ग्लोबल इंडिया सेवा पीएमआई कारोबारी गतिविधि सूचकांक मई में 61.2 अंक पर रहा। यह आंकड़ा अप्रैल में 62 पर था। अप्रैल के मुकाबले मई में गतिविधियों में गिरावट के बावजूद सेवा उत्पादन में जुलाई 2010 के बाद से दूसरी सबसे तेज वृद्धि हुई। सेवा गतिविधि सूचकांक लगातार 22वें महीने से 50 से ऊपर बना हुआ है। खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) की भाषा में 50 से ऊपर अंक का मतलब है कि गतिविधियों में विस्तार हो रहा है, जबकि 50 से कम अंक संकुचन को दर्शाता है। एसएंडपी ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस में अर्थशास्त्र की संयुक्त निदेशक पोलियाना डी लीमा ने कहा, ''मई के पीएमआई आंकड़े मौजूदा मांग में लचीलापन, प्रभावशाली उत्पादन वृद्धि और भारत के गतिशील सेवा क्षेत्र में रोजगार सृजन को दर्शाते हैं।'' उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में शामिल कंपनियों ने अपने कार्यबल का विस्तार किया। कंपनियां अगले 12 महीनों में व्यावसायिक गतिविधि में वृद्धि के लिए उत्साहित हैं।
-
प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार देर शाम स्नान के दौरान आई तेज आंधी की वजह से गंगा में डूबे पांच व्यक्तियों में से तीन के शव सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। वहीं, डीहा घाट पर गंगा में डूबे दो किशोरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। झूंसी के सहायक पुलिस आयुक्त चिराग जैन ने बताया कि रविवार को गंगा में डूबे पांच लोगों में से तीन के शव सुबह बरामद कर लिए गए और गोताखोर दो अन्य की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह बरामद तीन शवों में से दो की शिनाख्त सुमित विश्वकर्मा (17) और महेश्वर वर्मा (21) के तौर पर की गई है। वहीं करछना क्षेत्र के डीहा घाट पर स्नान के दौरान डूबे संकेत प्रजापति (14) और मंदीप (16) का अभी तक पता नहीं चल पाया है। करछना के सहायक पुलिस आयुक्त अजित सिंह चौहान ने बताया की गोताखोर संकेत और मंदीप की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इनका सुराग नहीं मिला है। उल्लेखनीय है कि रविवार को संगम क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान आई तेज आंधी में कुछ युवक अनियंत्रित होकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद जल पुलिस एवं गोताखोरों ने चार युवकों को बचा लिया था, जबकि पांच अन्य युवक तेज बहाव में बह गए थे।
-
नयी दिल्ली. स्वदेशी जागरण मंच (एसजेएम) ने सरकार से अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों में भारतीय रुपये के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कहा है। एसजेएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कारोबार की मुद्रा के रूप में रुपये का इस्तेमाल बढ़ने से भारतीय अर्थव्यवस्था को डॉलर के मूल्य में उतार-चढ़ाव से बचाने में मदद मिलेगी। मंच ने सरकार से एक ‘मजबूत' रुपया आधारित बॉन्ड बाजार विकसित करने पर विचार करने का आग्रह भी किया। इससे व्यवसायों को कई तरह के निवेश विकल्प मिलेंगे और उनके लिए रुपये में पूंजी जुटाना आसान हो जाएगा। एसजेएम के सह-संयोजक अश्विनी महाजन ने सोमवार को कहा कि तीन जून और पांच जून को पुणे में हुई दो दिन की बैठक में एसजेएम की राष्ट्रीय परिषद ने सिफारिशें कीं। एसजेएम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध है, जो सत्तारूढ़ दल भाजपा का वैचारिक मार्गदर्शक है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पिछले साल जुलाई में भारतीय रुपये में वस्तुओं और सेवाओं के आयात और निर्यात की अनुमति दी थी। महाजन ने कहा कि एसजेएम की राष्ट्रीय परिषद ने अपनी बैठक में रिजर्व बैंक के फैसले को ‘ऐतिहासिक कदम' बताया और सरकार से ‘इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए' कदम उठाने का आग्रह किया।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा के बालासोर के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस के चालक गुणनिधि मोहंती और उनके सहायक हजारी बेहरा का भुवनेश्वर स्थित एम्स में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दोनों को दो जून को बाहानगा बाजार के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस से बचाया गया था। इस हादसे में 275 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि लगभग 1,200 यात्री घायल हुए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) आदित्य चौधरी ने एक टीवी चैनल को बताया, “दोनों चालकों की हालत स्थिर है, जबकि मोहंती को सोमवार को आईसीयू से बाहर लाया गया।” दोनों ट्रेन चालकों के परिवारों ने सभी से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होने देने का अनुरोध किया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों ट्रेन चालकों को दुर्घटना के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि वे रेल नियमों के अनुसार ट्रेन चला रहे थे।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने सोमवार को ओडिशा के बालासोर जिले में ट्रेन दुर्घटना स्थल से अपने सभी नौ दलों को वापस बुलाने के साथ अपना बचाव अभियान समाप्त कर दिया। इस हादसे में कम से कम 275 लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बल ने 44 पीड़ितों को बचाया और दो जून को दुर्घटना के बाद टीम को तैनात किए जाने के बाद से मौके से 121 शव बरामद किए। उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त हो गया है और सभी नौ दलों को अब वापस बुला लिया गया है, क्योंकि बाहानगा बाजार रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटना स्थल पर कोई जीवित या मृत पीड़ित मौजूद नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि आठ दलों को रविवार को बुला लिया गया था, जबकि एक दल को सोमवार को वापस बुलाया गया। नौ दलों को बालासोर, मुंडाली (कटक जिला) और कोलकाता से भेजे जाने के बाद बचाव और राहत अभियान चलाने के लिए राज्य आपदा बलों और स्थानीय प्रशासन के कर्मियों के साथ जोड़ा गया था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के बचावकर्मियों ने अभियान के दौरान भारी प्लाज्मा और गैस कटर, स्ट्रेचर, श्वान दल और अन्य उपकरण का इस्तेमाल किया। कोरोमंडल एक्सप्रेस शुक्रवार शाम करीब सात बजे ‘लूप लाइन' पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे इसके (कोरोमंडल एक्सप्रेस के) अधिकतर डिब्बे पटरी से उतर गए। उसी समय वहां से गुजर रही तेज रफ्तार बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा कर पटरी से उतर गए।

.jpg)






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)















