- Home
- देश
-
मुंबई। महाराष्ट्र के सरकारी कॉलेजों के सात हज़ार से ज्यादा रेजिडेंट डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर सोमवार को हड़ताल पर चले गए। उनकी मांगों में छात्रावासों की गुणवत्ता में सुधार करना और सहायक तथा एसोसिएट प्रोफेसर के रिक्त पदों को भरना शामिल है।
पत्रकारों से बात करते हुए, राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि उन्होंने रेज़िडेंट डॉक्टरों से वार्ता करने को कहा है और उनसे मामले को नहीं खींचने का आग्रह किया है। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेज़िडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) ने हड़ताल का आह्वान किया है। उसका दावा है कि सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थी छात्रावासों की खराब गुणवत्ता के कारण परेशानी का सामना कर रहे हैं।
रेज़िडेंट डॉक्टरों ने 1,432 वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों की भर्ती और एसोसिएट और सहायक प्रोफेसर के खाली पदों को भरने की मांग की है। मंत्री ने कहा कि हड़ताली डॉक्टरों की आधी मांगों को तुरंत मंजूर किया जा रहा है और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को मरम्मत कार्यों के लिए 12 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
महाजन ने कहा, “ हम हर चीज को लेकर सकारात्मक हैं। उन्हें (डॉक्टरों को) हड़ताल पर जाने से पहले हमसे बात करनी चाहिए थी।” एमएआरडी के अध्यक्ष अविनाश दहिफले ने एक न्यूज़ एजेंसी से कहा कि एसोसिएशन को बातचीत के लिए राज्य सरकार से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। सरकारी और नगर निकाय के अस्पतालों में रेज़िडेंट डॉक्टरों की अहम भूमिका रहती है। -
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी का विद्युत उत्पादन चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर के दौरान 11.6 प्रतिशत बढ़कर 295.4 अरब यूनिट रहा। वहीं इस अवधि में एनटीपीसी का एकल आधार पर उत्पादन 16.1 प्रतिशत बढ़कर 254.6 अरब यूनिट पर पहुंच गया।
एनटीपीसी ने सोमवार को बयान में कहा, ''चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर के दौरान सालाना आधार पर बिजली उत्पादन 11.6 प्रतिशत बढ़कर 295.4 अरब यूनिट रहा।'' एनटीपीसी के कोयला आधारित बिजली संयंत्रों का ‘लोड फैक्टर' यानी क्षमता उपयोग वित्त वर्ष 2022-23 के नौ महीने की अवधि के दौरान 73.7 प्रतिशत रहा।
यह बीते वित्त वर्ष 2021-22 की इसी अवधि में 68.5 प्रतिशत था।'' कंपनी ने उत्पादन में बेहतर प्रदर्शन कर श्रेय अपने कर्मचारियों और बिजली घरों के परिचालन तथा रखरखाव गतिविधियों को दिया है। इसके अतिरिक्त, आलोच्य अवधि में एनटीपीसी के निजी उपयोग वाले खानों से कोयला उत्पादन सालाना आधार पर 51 प्रतिशत बढ़कर 1.46 करोड़ टन हो गया। वर्तमान में एनटीपीसी समूह की कुल क्षमता 70,824 मेगावॉट है। हाल ही में, कंपनी की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 3,000 मेगावॉट को पार कर गयी है। -
जयपुर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में सोमवार को सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ। उसके मुताबिक हनुमानगढ़ और रावतसर के बीच नौरंगदेसर के पास एक ट्रक ने एक ऐसे बाइक को टक्कर मार दी जिसे बदल कर छोटी ट्राली का रूप दिया गया था।
उनके अनुसार इस बाइक-ट्रॉली से सात लोग खेत्रपाल बाबा के दर्शन कर पंजाब के फिरोजपुर लौट रहे थे। पुलिस उपाधीक्षक डीएसपी रमेश माचरा ने कहा, "हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले हैं। वे खेत्रपाल बाबा के यहां मत्था टेकने आए थे।" पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान गुरचरण सिंह (22), गुरविंदर सिंह (23) और बिंदर सिंह (24) के रूप में हुई है। -
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में 17 वर्षीय एक लड़की ने अपने दोस्त के साथ मिलकर कथित तौर पर अपनी मां पर चाकुओं से वार किया और उसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अमित सांगी ने बताया कि घटना की जानकारी रविवार को मिली जिसके बाद लड़की को हिरासत में ले लिया गया और उसके 25 वर्षीय मित्र को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि युवक को दो माह पहले भी गिरफ्तार किया गया था,जब लड़की उसके साथ घर से फरार हो गई थी। बाद में युवक को जमानत मिल गई थी। महिला (38) भिंड जिले की रहने वाली थी और हजीरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत गदियापुर इलाके में अपनी बेटी के साथ रह रही थी।
पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि महिला के घर का दरवाजा नहीं खुल रहा है,जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां उसे महिला का रक्त रंजित शव मिला। उन्होंने बताया कि लड़की घर पर नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने लड़की की तलाश की और रविवार शाम को वह अपने मित्र के साथ मिली। सांघी के अनुसार दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सब्जी काटने वाले चाकू से महिला पर वार किया और फिर गला दबा कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की फरार होने की योजना थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि महिला दोनों के संबंधों के खिलाफ थी और इसलिए उन्होंने उसे रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी। हजीरा पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत हत्या तथा अन्य अपराधों को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। -
अहमदाबाद। अहमदाबाद में एक डुप्लेक्स मकान के शयनकक्ष में सोमवार को सुबह आग लगने से दंपति और उनके आठ साल के बेटे की मौत हो गई। एक दमकल अधिकारी ने यह जानकारी दी। संभागीय दमकल अधिकारी ओम जडेजा ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब आग लगी तो पीड़ित घर की पहली मंजिल पर स्थित शयनकक्ष में थे।
उन्होंने कहा, “आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है और एक फोरेंसिक टीम इसका पता लगाने में जुटी है। हम आत्महत्या की आशंका से इनकार नहीं कर सकते। यह भी संभव है कि परिवार कमरे को गर्म रखने के लिए आग का इस्तेमाल कर रहा था और जब आग भड़की तो वह फंस गया।” अधिकारी ने कहा, “सूचना मिलने के बाद जब दमकल की पहली गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, तो कुछ लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे।
जब बचाव दल ने इमारत में प्रवेश किया, तो उन्हें पहली मंजिल पर शयनकक्ष के दरवाजे के पास तीन शव पड़े मिले।” जडेजा ने कहा कि पीड़ितों की मौत संभवत: धुआं सांस के साथ अंदर लेने तथा दम घुटने से हुई। शरीर के कुछ हिस्से भी जले हुए पाए गए। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान जयेश वाघेला (40), उनकी पत्नी हंसाबेन (35) और बेटे रोहन के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले कि आग घर के अन्य हिस्सों में फैलती, अग्निशमन दल ने उस पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। - नोएडा । यूपी के नोएडा में नए साल पर जमकर जाम छलके । आलम यह हुआ कि शराब बिक्री का रिकॉर्ड टूट गया । बीते साल के मुकाले इस साल आबकारी विभाग के राजस्व में बढ़ोतरी हुई है । 31 दिसंबर, 2022 को सिर्फ शहरवासी 9 करोड़ की शराब गटक गए, जिसमें कंट्री लिकर, फॉरेन लिकर और बीयर शामिल है । दिसंबर, 2022 की बात करें तो करीब 139.6 करोड़ की शराब पी गए हैं। रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री से राजस्व में बढ़ोतरी हुई है । इसके पीछे का कारण पिछले 2 सालों से कोरोना की पाबंदियां के बाद मिली छूट का भी असर माना जा रहा है ।गौतमबुद्ध नगर के सहायक आबकारी आयुक्त आर.बी सिंह ने बताया कि शहर में 98 बार लाइसेंस, 82 के करीब ओकेशनल लाइसेंस, 140 फॉरेन लिकर, 138 बीयर शॉप, 25 मॉडल शॉप, 231 देशी शॉप और 15 प्रीमियम रिटेल वेंडर की शॉप्स हैं । उन्होंने बताया कि दिसंबर, 2022 में कुल 139.6 करोड़ रुपए की बिक्री हुई है । पिछले साल के मुकाबले 23 फीसद लिकर की बिक्री ज्यादा हुई है । बिक्री से आबकारी विभाग की बल्ले बल्ले हो गई है। गौतमबुद्ध नगर में शराब की तकरीबन 550 दुकाने हैं.।गौतमबुद्ध नगर शहरवासी 31 दिसंबर यानी नए साल पर 2,30,000 बल्क लीटर शराब गटक गए। आबकारी विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर को 9 करोड रुपए से ज्यादा की शराब शहरवासी पी गए, जिससे राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। कार्रवाई की बात करें तो आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री पर भी नकेल कसी है, जिसमें 82 कार्रवाई दिसंबर महीने में की गई है और 2512 लीटर शराब जब्त की गई है। न्यू ईयर के लिए 82 अन्य जगहों पर भी 1 दिन से 3 दिन तक ऑकेशनल लाइसेंस लेकर जमकर पार्टी की गई है। आबकारी विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, 82 लोगों ने 1 दिन से 3 दिन तक के ऑकेशनल लाइसेंस के लिए आबकारी विभाग में अप्लाई किया था. सारे मानकों को देखते हुए 1 दिन की 11 हजार की फीस लेकर आबकारी विभाग ने राजस्व वसूला है और 10 लाख रुपए से ज्यादा का राजस्व ऑकेशनल लाइसेंस लेने से आबकारी विभाग को प्राप्त हुआ है.
-
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना में 20 वर्षीय महिला की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसको करीब चार किलोमीटर तक घसीटते ले गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में मारुति बलेनो में यात्रा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसे एक दुर्घटना बताया। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भी मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है।
पुलिस के अनुसार कंझावला थाने (रोहिणी जिला) में रविवार तड़के तीन बजकर 24 मिनट पर सूचना मिली कि कुतुबगढ़ इलाके की ओर जा रही एक कार से एक शव बंधा हुआ है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पीडि़ता का पैर कार के एक पहिये में फंस गया और उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटा गया। मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (तेजी से गाड़ी चलाना) और 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को नहीं पता था कि युवती का शव उनकी कार के साथ खिंचा चला जा रहा है। उन्होंने बताया, बाद में जब उन्हें इसका पता चला तो वे डर गए और शव को कार से हटाने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि कार चालक शराब के नशे में था या नहीं, इसकी जांच के लिए उसके खून के नमूने को संरक्षित कर लिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि पीडि़ता विवाह एवं अन्य कार्यों में पार्ट टाइम काम करती थी। उन्होंने बताया कि जब यह घटना हुई, तब वह ऐसे ही एक समारोह से घर लौट रही थी। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस को समन जारी किया है। मालीवाल ने ट्वीट किया, दिल्ली की सड़कों पर एक लड़की को नशे में धुत लड़कों ने अपनी गाड़ी से कई किलोमीटर तक घसीटा। उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में सड़क पर मिला। ये बेहद भयानक मामला है। दिल्ली पुलिस को हाजऱिी समन जारी कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया, क्या सुरक्षा व्यवस्था थी न्यू ईयर के मौक़े पे? -
जैसलमेर (राजस्थान). केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने नये साल के पहले दिन प्रसार भारती के जैसलमेर स्टेशन का निरीक्षण किया और स्वच्छता के कई उपाय करने के निर्देश दिए। ठाकुर स्वच्छ भारत अभियान के तहत सूचना और प्रसारण मंत्रालय के विभिन्न कार्यालयों में साफ-सफाई और कबाड़ के निस्तारण का नेतृत्व कर रहे हैं। नये साल के पहले दिन ठाकुर ने राजस्थान के जैसलमेर स्थित आकाशवाणी केंद्र का दौरा किया और वहां की साफ-सफाई और कबाड़ के निस्तारण के लिए कई सुझाव दिए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों और जवानों के हित में काम किया है। उन्होंने पूर्व सैनिकों के लिए ‘वन रैंक वन पेंशन' योजना में हाल के बदलावों का उल्लेख किया और किसान सम्मान निधि और मुफ्त अनाज वितरण जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभों पर प्रकाश डाला।
-
बेंगलुरू. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रविवार को एक व्यक्ति कार में मृत पाया गया। उसके शरीर पर गोलियों के निशान थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसका शव नेतिगेरे गांव में एक कार में मिला था।
पुलिस को शक है कि प्रदीप (47) ने खुद को गोली मारी है। हालांकि, इस घटना की जांच चल रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए एक फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें एक राजनेता और पांच अन्य के नाम तथा फोन नंबर हैं -
नयी दिल्ली. एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा ने संवेदनशील लद्दाख सेक्टर सहित उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों की वायु सुरक्षा की जिम्मेदारी वहन करने वाले भारतीय वायुसेना के पश्चिमी कमान के कमांडर-इन-चीफ का पदभार रविवार को संभाल लिया। उन्होंने एयर मार्शल प्रभाकरण की जगह ली है, जो 39 साल से अधिक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में स्थित पश्चिमी कमान के मुख्यालय में पदभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद एयर मार्शल सिन्हा ने सामरिक/रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख क्षेत्र में स्थित थोईस और लेह एयरबेस का निरीक्षण किया और भारतीय वायुसेना की तैयारियों की समीक्षा की। गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख में भारतीय और चीन सेनाओं के बीच 30 महीने से भी ज्यादा वक्त से गतिरोध जारी है। एयर मार्शल सिन्हा ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, पुणे से पढ़ाई की है और जून 1985 में वह वायुसेना में पायलट के रूप में कमीशन किए गए थे। वह वेलिंगटन स्थित प्रतिष्ठित ‘रक्षा सर्विसेज स्टाफ कॉलेज' के अलम्नाइ (पूर्व छात्र) हैं। अनुभवी लड़ाकू विमान पायलट और श्रेणी ‘ए' के उड़ान प्रशिक्षक एयर मार्शल सिन्हा ने 4,500 घंटों से ज्यादा उड़ान भरी है। उन्होंने 37 साल से ज्यादा लंबे अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों का कार्यभार संभाला है।
वह ‘विशिष्ट सेवा पदक' और ‘अतिविशिष्ट सेवा पदक' से सम्मानित हैं। -
हाथरस (उप्र). हाथरस जिले के मुरसान में रविवार शाम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बोलेरो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। मुरसान (हाथरस) के थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि मथुरा की ओर से (मथुरा-हाथरस रोड पर) आ रहे बोलेरो और मथुरा जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली की रविवार शाम यहां टक्कर हो गयी। उन्होंने बताया कि बोलेरो का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि दो घायलों को अलीगढ़ भेजा गया और एक को आगरा भेजा गया। मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक ट्वीट के अनुसार राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया है और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार का निर्देश दिया है। -
सीकर . राजस्थान के सीकर जिले में एक एसयूवी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद एक ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि घटना पलसाना-खंडेला मार्ग पर माजी साहब की ढाणी के पास उस वक्त हुई, जब एसयूवी के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और दोपहिया वाहन पर सवार बीरबल (50) और उनकी पत्नी जानकी देवी (45) को बुरी तरह से कुचल दिया। पुलिस ने कहा कि एसयूवी इसके बाद ड्रिलिंग रिग मशीन ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गया, जिससे एसयूवी में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। ये सभी खंडेला में गणेश धाम जा रहे थे। घटना में मारे गए सभी लोग चोमू कस्बे के सामोद के रहने वाले थे। हादसे के कारण सड़क पर भारी जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने हटा दिया। खंडेला के थाना प्रभारी (एसएचओ) सोहन लाल ने कहा, ‘‘एसयूवी और ट्रक के बीच हुए हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। एसयूवी ने एक बाइक को भी टक्कर मारी थी।'' उन्होंने बताया कि मारे गए आठ एसयूवी सवारों की पहचान विजय (27), पूनम (26) और उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी निक्कू, अनुराधा (25), अरविंद (23), रेखा (23), अजय (20), गोलू (ढाई) के रूप में हुई है। एसएचओ ने कहा कि शवों को पलसाना और खंडेला के शवगृह में रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीकर रेफर कर दिया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि घटना में लोगों की जान जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। गहलोत ने एक बयान में कहा, ‘‘इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस क्षति को सहने की शक्ति दें। साथ ही, सड़क पर घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
- ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में 17 साल की एक लड़की ने कथित रूप से अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी मां पर चाकुओं से वार किया और उसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी रविवार को मिली जिसके बाद आरोपी लड़की को हिरासत में ले लिया गया और उसके आरोपी 25 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक को दो महीने पहले भी गिरफ्तार किया गया था, जब आरोपी लड़की उसके साथ घर से फरार हो गई थी। बाद में आरोपी युवक को जमानत मिल गई थी।मृतक महिला (38 वर्षीय) भिंड जिले की रहने वाली थी और हजीरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत गदियापुर इलाके में अपनी बेटी के साथ रह रही थी। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि महिला के घर का दरवाजा नहीं खुल रहा है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां उसे महिला का लहूलुहान शव मिला। उस समय उसकी बेटी घर पर नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी लड़की की तलाश की और रविवार शाम को वह अपने मित्र के साथ मिली।सांघी के अनुसार दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सब्जी काटने वाले चाकू से महिला पर वार किया और फिर गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की फरार होने की योजना थी। शुरुआती जांच से पता चला है कि महिला दोनों के संबंधों के खिलाफ थी और इसलिए आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी। हजीरा पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत हत्या तथा अन्य अपराधों को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने केंद्र सरकार के 2016 में 500 और 1000 रुपये की श्रृंखला वाले नोटों को बंद करने के फैसले को सोमवार को 4:1 के बहुमत के साथ सही ठहराया। पीठ ने बहुमत से लिए गए फैसले में कहा कि नोटबंदी की निर्णय प्रक्रिया दोषपूर्ण नहीं थी ।हालांकि न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना ने सरकार के फैसले पर कई सवाल उठाए।न्यायमूर्ति एस. ए. नज़ीर की अध्यक्षता वाली पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने कहा कि आर्थिक मामले में संयम बरतने की जरूरत होती है और अदालत सरकार के फैसले की न्यायिक समीक्षा नहीं कर सकती।पीठ में न्यायमूर्ति नज़ीर के अलावा न्यायमूर्ति बी. आर. गवई , न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना, न्यायमूर्ति ए. एस. बोपन्ना और न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमण्यन भी शामिल हैं।लेकिन न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना ने कहा कि 500 और 1000 रुपये की श्रृंखला के नोट कानून बनाकर ही रद्द किए जा सकते थे, अधिसूचना के जरिए नहीं।न्यायमूर्ति नागरत्ना ने कहा, ‘‘ संसद में नोटबंदी कानून लाने को लेकर चर्चा होनी चाहिए थी। इसे गजट अधिसूचना के जरिए नहीं किया जाना चाहिए था। देश के लिए इतने महत्वपूर्ण मामले में संसद को अलग नहीं रखा जा सकता।’’उन्होंने कहा कि रिज़र्व बैंक ने इस मामले में स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया, उससे सिर्फ राय मांगी गई जिसे केंद्रीय बैंक की सिफारिश नहीं कहा जा सकता।वहीं पीठ ने अन्य सदस्यों की राय है कि नोटबंदी के फैसले को अनुचित नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि इस संबंध में फैसला भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) और सरकार के बीच विचार-विमर्श के बाद किया गया।शीर्ष अदालत केंद्र के नोटबंदी के फैसले को चुनौती देने वाली 58 याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी।पीठ ने कहा कि आठ नवंबर 2016 की अधिसूचना को अनुचित नहीं ठहराया जा सकता और फैसला करने की प्रक्रिया के आधार पर इसे रद्द नहीं किया जा सकता। अधिसूचना में 500 और 1000 रुपये की श्रृंखला वाले नोट बंद करने के फैसले की घोषणा की गई थी।न्यायालय ने कहा कि यह नहीं कहा जा सकता कि इसके उद्देश्य हासिल हुए या नहीं।पीठ ने कहा, ‘‘ भारतीय रिज़र्व बैंक और केंद्र ने इस संबंध में छह महीने तक विचार-विमर्श किया। हमारा मानना है कि ऐसा कदम उठाने को लेकर उचित वजह मौजूद थी..’’
- दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि 2025 तक दिल्ली की 80 प्रतिशत बसें बिजली से चलने वाली होंगी और ई-बसें चलाने से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण कम करने में काफी मदद मिलेगी।बता दें कि केजरीवाल ने इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए एक रोडमैप साझा करते कहा कि सरकार 2023 में ऐसी 1,500 बसें खरीदेगी और 2025 तक 6,380 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी।उन्होंने 50 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के लिए राजघाट डिपो में आयोजित एक समारोह में कहा, “हमारे पास अभी 300 इलेक्ट्रिक बसें हैं। दिल्ली की सड़कों पर फिलहाल 7,379 बसें चल रही हैं, जो पिछले 75 वर्षों में सबसे अधिक संख्या है। कई वर्षों से नयी बसें नहीं खरीदी गईं और इस बारे में हमसे सवाल भी पूछे गए।”उन्होंने कहा कि 7,379 बसों में से 4,000 से अधिक दिल्ली परिवहन निगम द्वारा और 3,000 से अधिक डीआईएमटीएस द्वारा संचालित की जा रही हैं।केजरीवाल ने यह भी बताया कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा लगभग 100 इलेक्ट्रिक फीडर बसों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन जो बसें वह नहीं चला पा रहा है, उन्हें दिल्ली सरकार ने ले लिया है।उन्होंने कहा, “2025 तक दिल्ली की सड़कों पर 10,000 से ज्यादा बसें होंगी और उनमें से 80 फीसदी बिजली से चलने वाली होंगी। यह प्रदूषण कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डिपो पर ई-बसों के लिए चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है और तीन डिपो में पहले से ही यह सुविधा उपलब्ध है।केजरीवाल ने कहा, “इस साल जून तक 17 बस डिपो और दिसंबर तक 36 बस डिपो का विद्युतीकरण कर दिया जाएगा।”इलेक्ट्रिक बसों में ‘पैनिक बटन’, जीपीएस और कैमरे लगे होंगे।
-
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान से 631 भारतीय मछुआरों और दो नागरिकों को रिहा करके भारत वापस भेजने के लिए कहा है। उन कैदियों की जेल की अवधि समाप्त होने के साथ ही नागरिकता की भी पुष्टि हो चुकी है। वहीं, पाकिस्तान की हिरासत में पड़े उन 30 और मछुआरों तथा 22 नागरिकों को भी तत्काल राजनयिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है जो भारतीय समझे जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। भारत ने नागरिकों और मछुआरों के आदान-प्रदान के संदर्भ में यह अनुरोध किया है। दोनों देशों के बीच 2008 की संधि के तहत प्रत्येक वर्ष एक जनवरी और एक जुलाई को कैदियों के आदान-प्रदान की व्यवस्था है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान को रिहाई और स्वदेश वापस भेजे जाने की प्रतीक्षा कर रहे सभी भारतीय कैदियों और मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत ने 339 पाकिस्तानी लोगों और 95 पाकिस्तानी मछुआरों की सूची भी साझा की है जो भारत की हिरासत में हैं। भारत और पाकिस्तान ने कल राजनयिक माध्यमों से अपनी-अपनी हिरासत में बंद नागरिकों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। यह भी कहा गया है कि सरकार ने पाकिस्तान के कब्जे से सभी नागरिकों, गुमशुदा भारतीय सुरक्षा कर्मियों और मछुआरों की उनकी नावों के साथ जल्द से जल्द रिहाई और उनकी वापसी की अपील की है।
- पाली । राजस्थान के पाली में बड़ा हादसा हो गया। बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बे पलट गए, जबकि 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। कुल 11 डिब्बे पटरी से उतरे हैं। ट्रेन में एक महिला के घायल होने की सूचना है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी किसी जनहानि की सूचना नहीं है। सोमवार 3.27 बजे जोधपुर मंडल के राजकियावास-बोमदरा सेक्शन के बीच पटरी से उतर गए। उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि इसमें किसी जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे ने जोधपुर से एक दुर्घटना राहत ट्रेन भेजी है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार हादसे में करीब नौ से दस लोगों के घायल होने की सूचना है।सीपीआरओ ने बताया कि जल्द ही उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे एवं अन्य उच्चाधिकारी जयपुर स्थित मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।एक यात्री ने कहा कि मारवाड़ जंक्शन से रवाना होने के 5 मिनट के भीतर ट्रेन के अंदर कंपन की आवाज सुनाई दी और 2-3 मिनट के बाद ट्रेन रुक गई। हम नीचे उतरे और देखा कि कम से कम 8 स्लीपर क्लास के डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे। 15-20 के भीतर मिनट एंबुलेंस आ गई। ट्रेन में जोधपुर की जंबूरी में हिस्सा लेने जा रहे 150 से ज्यादा स्काउट गाइड भी सवार थे। ट्रेन में कुल 26 डिब्बे थे। रेलवे, पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर मौजूद हैं। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने हादसे के बाद जोधपुर रूट की दो ट्रेन रद्द और 12 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया है।गाड़ी संख्या 14821, जोधपुर-साबरमती रेलसेवा दिनांक 02.01.23 को रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 14822, साबरमती-जोधपुर रेलसेवा दिनांक 02.01.23 को रद्द रहेगीरेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किएजोधपुर के लिए: 02912654979, 02912654993, 02912624125, 02912431646पाली मारवाड़ के लिए: 02932250324
-
गुरुग्राम (हरियाणा). गुरुग्राम के सेक्टर 46 इलाके में पुरानी रंजिश के कारण लोगों के एक समूह ने 28 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान मूल रूप से हरियाणा के पलवल जिले के मदनाका गांव के निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। कुमार वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर 46 में जल विहार कॉलोनी में रह रहा था। कुमार अपने रिश्तेदार के यहां बर्तन की दुकान पर काम करता था। शनिवार को दिन में करीब पौने तीन बजे मोटरसाइकिल और स्कूटर पर सवार आठ से अधिक लोगों का एक समूह दुकान पर रुका। पुलिस ने कहा कि उन्होंने कुमार पर डंडों और लोहे की छड़ों से हमला किया और फरार हो गए। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार कुमार को एक निजी अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बाद में पीड़िता का बयान लेने के लिए अस्पताल गई, लेकिन वह बयान देने की हालत में नहीं था। पुलिस ने बताया कि कुमार के चचेरे भाई डेविड की शिकायत के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 148 (दंगा), 149 (गैरकानूनी रूप से जमा होना), 325 (जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी) के तहत शनिवार की रात सेक्टर 50 थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे कुमार के साले ने पुलिस को सूचित किया कि उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कहा कि आईपीसी की धारा 302 (हत्या) को भी प्राथमिकी में जोड़ा गया है। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन मृतक के परिजनों ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा, ‘‘हम कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं और आरोपियों को पकड़ने के लिए संदिग्ध जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
- -
श्रीनगर। कश्मीर में नववर्ष का आगाज कड़ाके की ठंड के साथ हुआ और गुलमर्ग तथा पहलगाम में बीती रात मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।
यह रिजॉर्ट जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। श्रीनगर में लगातार दो रात से तापमान जमाव बिंदु से ऊपर रहा। शहर में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
काजीगुंड में भी कल रात तापमान जमाव बिंदु से ऊपर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में यह शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। -
नोएडा. थाना सूरजपुर क्षेत्र स्थित ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के एक गोदाम पर शनिवार देर रात धावा बोलकर तीन हथियारबंद बदमाशों ने वहां मौजूद गार्ड को बंधक बनाकर 12 लाख 25 हजार रुपये नकद लूट लिये। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) राम बदन सिंह ने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में अमेजन कंपनी का एक गोदाम है। उन्होंने बताया कि कंपनी के अधिकारी वरुण गुप्ता ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि शनिवार देर रात करीब तीन बजे हथियारबंद तीन बदमाश उनके कंपनी पर आए। उन्होंने दर्ज की गई शिकायत के हवाले से बताया कि बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड छोटेलाल को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और कंपनी के अंदर रखी तिजोरी लूट ले गए जिसमें 12 लाख 25 हजार रुपये नकद थे। उन्होंने बताया कि पुलिस इस संबंध में एक मामला दर्ज करके इसकी जांच कर रही है। डीसीपी ने बताया कि बदमाशों का चेहरा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में आ गया है, उसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
- -
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में 29 और 30 दिसंबर की दरमियानी रात को एक बैंक में घुसकर दो लाख रुपये मूल्य के सिक्के चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा कि चोरी एक राष्ट्रीयकृत बैंक की बोईसर शाखा में हुई है। बैंक में चोर एक खिड़की की लोहे की ग्रिल को हटाकर और हवा निकासी पंखे (एग्जॉस्ट फैन) को तोड़कर कोष कक्ष (स्ट्रांग रूम) में घुसे थे। उन्होंने कहा, “20 रुपये के सिक्कों में दो लाख रुपये के चार बैग चोरी हो गए।
विभिन्न सुरागों पर काम करते हुए, दोनों को शुक्रवार को सलवाड़-शिवाजीनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया। हमने लूटी गई राशि में से 1.80 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।” -
नयी दिल्ली। कृषि क्षेत्र में खपत बढ़ने से देश में पेट्रोल और डीजल की मांग दिसंबर में सालाना आधार पर बढ़ी है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने पेट्रोल की बिक्री 8.6 प्रतिशत बढ़कर 27.6 लाख टन हो गई जबकि पिछले साल इसी महीने में 25.4 लाख टन खपत हुई थी। कोविड-19 महामारी से प्रभावित दिसंबर 2020 की तुलना में बिक्री 13.3 प्रतिशत और महामारी पूर्व यानी दिसंबर 2019 की तुलना में 23.2 प्रतिशत अधिक रही। वहीं, मासिक आधार पर बिक्री 3.7 प्रतिशत बढ़ी है।
आंकड़ों के अनुसार, देश में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले ईंधन डीजल की बिक्री पिछले महीने 13 प्रतिशत बढ़कर 73 लाख टन हो गई। दिसंबर 2020 की तुलना में डीजल की खपत 14.8 प्रतिशत और कोविड-पूर्व यानी 2019 की तुलना में 11.3 प्रतिशत अधिक थी।
हालांकि नवंबर 2022 की तुलना में डीजल की बिक्री में 0.5 फीसदी की मामूली गिरावट आई है। जबकि पेट्रोल और डीजल की बिक्री जून के बाद से इस महीने सर्वाधिक रही है। उद्योग सूत्रों ने कहा कि कृषि क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ने से डीजल की मांग तेजी से बढ़ रही है। रबी फसल की बुवाई के साथ आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई और मांग में वृद्धि हुई। वाहन ईंधन की बिक्री जुलाई और अगस्त में मानसून रहने और कम मांग के कारण घटी थी।
विमानन क्षेत्र के खुलने के साथ हवाई अड्डों पर यात्रियों की संख्या कोविड-पूर्व के स्तर पर पहुंच गई। इससे विमानन ईंधन (एटीएफ) की मांग दिसंबर के दौरान 18 प्रतिशत बढ़कर 606,000 टन हो गई। यह दिसंबर, 2020 की तुलना में 50.6 प्रतिशत अधिक है, लेकिन कोविड-पूर्व यानी दिसंबर, 2019 की तुलना में 12.1 प्रतिशत कम है। सूत्रों ने कहा कि घरेलू हवाई यात्रा कोविड-पूर्व स्तरों पर वापस आ गई है, लेकिन कुछ देशों में अब भी जारी कोविड प्रतिबंधों से अंतरराष्ट्रीय यातायात पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में रसोई गैस एलपीजी की बिक्री सालाना आधार पर 7.7 प्रतिशत बढ़कर 27.2 लाख टन रही। एलपीजी की खपत दिसंबर, 2020 की तुलना में 7.7 प्रतिशत और दिसंबर, 2019 की तुलना में 15.9 प्रतिशत अधिक है। मासिक आधार पर एलपीजी की खपत नवंबर के 25.5 लाख टन की तुलना में 6.47 प्रतिशत बढ़ी है। - उज्जैन । नए साल पर महाकालेश्वर मंदिर में पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़ ने बाबा महाकाल के दर्शनों के सारे रिकार्ड तोड़ दिए। पहले दिन ही अनुमान से ज्यादा लगभग 6.5 लाख श्रद्धालु महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। प्रशासन को नववर्ष पर दर्शन के लिए पांच लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान था, लेकिन श्रद्धालुओं का यह आंकड़ा आज शाम को लगभग 6.5 लाख पर पहुंच गया।नई व्यवस्था से भक्तों को 40 मिनट में दर्शन कराए जा रहे थे। श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ने कई बार व्यवस्थाएं बदलना पड़ीं। सुबह भस्म आरती के साथ महाकाल के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद सामान्य दर्शनों का सिलसिला लगातार बढ़ता गया। जिस पर नियंत्रण के लिए श्रद्धालुओं की कतार भी महाकाल लोक के समीप त्रिवेणी संग्रहालय से लगाई गई। यहां से श्रद्धालु प्रवेश कर गणेश मंडपम से दर्शन करते हुए महाकाल लोक में बने निर्गम द्वार से बाहर निकाले गए। इसी तरह 250 रुपये शीघ्र दर्शन की रसीद लेने वाले श्रद्धालु महाकाल थाने के पीछे से प्रवेश कर बड़ा गणेश की गली होते हुए गेट नंबर 4 से प्रवेश दिया गया।श्री महाकालेश्वर की ऑनलाइन भस्म आरती अनुमति 6 जनवरी तक पहले ही बुक हो चुकी है। सात से 13 जनवरी तक ऑनलाइन बुकिंग मंदिर प्रशासन ने ब्लॉक कर दी है। सात दिन कोई भी भक्त ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर सकेगा। इसके पीछे किसी बड़े आयोजन होने का हवाला दिया जा रहा है।लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन आने पर व्यापारियों को बड़ा मुनाफा हुआ। आज हार-फूल प्रसादी, सौंदर्य सामग्री की दुकानें, टैटू बनाने वाले, चाय-नाश्ते की होटल वाले, माथे पर चंदन-तिलक लगाने वाले, महाकाल नाम वाले प्रिंटेड कुर्ते व अन्य सामग्री की दुकान वालों का रोजगार शानदार रहा। इसके ई-रिक्शा वाले होटलों के बाहर लग्जरी गाड़ियो का मेला भी दशार्ता है कि आज खूब ग्राहकी हुई।पुलिस विभाग ने भी नए साल में अनुमान से ज्यादा भीड़ होने की आशंका के चलते सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां की थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आज त्रिवेणी संग्रहालय से लेकर महाकाल लोक और महाकाल मंदिर के चारों ओर ड्रोन से निगरानी की गई। इसके लिए 500 पुलिसकर्मियों को लगाया गया था और महाकाल मंदिर की सुरक्षा में भी 350 जवानों को तैनात किया गया था।
-
संबलपुर। ओडिशा के संबलपुर जिले में रविवार को एक पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) वाहन के एक ट्रक से टकरा जाने पर तीन पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना तड़के अनितापल्ली चाक इलाके में उस समय हुई, जब पुलिस का वाहन एक ट्रक से टकरा गया। हादसे के समय पुलिस वाहन में चार पुलिस कर्मी सवार थे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों को ‘पीसीआर वैन' से बाहर निकालने में मदद की और सदर पुलिस थाने को घटना की जानकारी दी। अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस कर्मी क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी यह हादसा हुआ। तीन पुलिस कर्मी घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये और उन्हें बुरला स्थित वीएसएस चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि तीन में से एक घायल पुलिस कर्मी को गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) में रखा गया है। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। - नयी दिल्ली । कोविड-19 की पाबंदियों के बगैर दो साल बाद नववर्ष का जश्न मना रहे लोगों का उत्साह देखते बना। तमाम पर्यटन स्थलों, क्लब, पब और रेस्तराओं के अलावा मंदिरों, गुरुद्वारे और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी लोगों की भारी भीड़ नजर आयी। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सिर्फ परामर्श जारी किए जाने और प्रशासन द्वारा कोई कड़ी पाबंदी न लगाए जाने के कारण लोगों ने 2023 का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया। इस दौरान पुलिस भी पूरी तरह मुश्तैद रही और शराब पीकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी। राष्ट्रीय राजधानी में, खासतौर इंडिया गेट और कनॉट प्लेस में गाड़ियां रेंगती नजर आयीं और मेट्रो स्टेशनों पर लोगों का ‘महाकुंभ' नजर आया, क्योंकि दो साल बाद कोविड-19 पाबंदियों के बगैर नये साल का जश्न मना रहे लोगों के लिए शनिवार-रविवार की छुट्टी कमाल का सौगात बनकर आयी थी।जम्मू-कश्मीर के रिआसी जिले में स्थित वैष्णो देवी माता मंदिर में तीर्थयात्रियों की लंबी लाइन लगी रही। ऐसी ही स्थिति वाराणसी के घाटों, कन्याकुमारी और पुरी के मंदिरों में नजर आयी। दिल्ली पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 1,329 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें 318 के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और 175 के खिलाफ खतरनाक तरीके से वाहन चलाने का मामला बना। वहीं 53 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कनॉट प्लेस, महरौली, साकेत, नेहरू प्लेस, वसंत विहार और साउथ एक्सटेंशन में विशेष चौकियां बनायी गयी थीं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि दिल्ली में शराब पीकर वाहन चलाने का मामला इस साल पिछले वर्ष के मुकाबले 12 गुना ज्यादा था। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने सहित यातायात उल्लंघन को लेकर 2,465 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। गुजरात पुलिस ने ‘शुष्क' राज्य में शराब पीने, शराब पीकर हंगामा करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने को लेकर लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने अकेले वडोदरा शहर में शराब पीने के संदेह में कम से कम 3,000 लोगों की जांच की और रविवार सुबह पिछले 24 घंटों में शराब पीने से जुड़े 89 मामले दर्ज किए। वहीं, कोलकाता में बच्चों से लेकर बुजुर्गों को पिकनिक मनाते तथा सिनेमाघरों और रेस्तराओं में जाते देखा जा सकता था। कोलकाता के रेस्तराओं, अलीपुर चिड़ियाघर, विक्टोरिया मेमोरियल हॉल, इको पार्क और निक्को पार्क आदि में भी लोगों की भारी भीड़ देखी गयी। वार्षिक ‘कल्पतरु उत्सव' के लिए उत्तरी कोलकाता के काशीपुर उद्यानबाती में हजारों की संख्या में लोग जुड़े। ऐसा माना जाता है कि 1886 में रामकृष्ण परमहंस को इसी मकान में चैतन्य की प्राप्ति हुई थी। बड़ी संख्या में लोग कालीघाट मंदिर और दक्षिणेश्वर काली मंदिर भी गए।नये साल की सुबह मंदिर में जहां विशेष पूजा/अभिषेक का आयोजन किया गया, वहीं गिरजाघरों में मध्यरात्रि में प्रार्थना सभाएं आयोजित की गयीं। लोग नये साल पर भगवान का आशीर्वाद पाने के लिए गुरुद्वारों सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी गए। ज्यादातर हिल स्टेशन और पयर्टक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ नजर आयी और साल का अंतिम दिन और नया साल क्रमश: शनिवार और रविवार को पड़ने के कारण लोगों ने छुट्टियों का खूब लुत्फ उठाया। वहीं, गोवा के विभिन्न बीच पर जाने वाले रास्तों पर मध्यरात्रि के बाद भीषण यातायात जाम रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने गिरजाघरों और उपासना स्थलों में मध्यरात्रि की प्रार्थनासभाओं में हिस्सा लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नये साल के जश्न के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया, ‘‘पुलिस ने बीच पर कड़ी निगरानी रखी थी। हमने जश्न से पहले ही असामाजिक तत्वों को हिरासत में ले लिया था।'' तेलंगाना में लोगों ने हैदराबाद में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन किए। वहीं यादागिरिगुट्टा स्थित लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुन्दरराजन और राज्य के मंत्री भी मंदिर गए और पूजा/अर्चना की। वर्ष 2023 के स्वागत में लोगों ने पटाखे जलाए, केक काटे, और जमकर नाच-गाने किये।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी नये साल पर मत्था टेकने गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना पहुंचे।













.jpg)

.jpg)











.jpg)