- Home
- देश
-
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में शनिवार को कचरे के ढेर में कंटेनर बम में विस्फोट होने से 17 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कोलकाता से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित रहरा थाने के पीछे आजमतला में हुई। उन्होंने बताया कि शेख साहिल (17) के दादा ने इस बम को देखा। साहिल ने अपने दादा के हाथ से इसे ले लिया और इसे खोलने के प्रयास दौरान एक खंभे की ओर फेंक दिया जिसके बाद विस्फोट हुआ। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘शेख साहिल को पहले बैरकपुर बीएन बोस सब-डिवीजनल हॉस्पिटल ले जाया गया और फिर सागर दत्त हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।'' घटना से स्थानीय लोगों में घबराहट पैदा होने के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि बम वहां किसने रखा था। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बम कूड़े के ढेर में कैसे पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए हैं।'' साथ ही उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
-
सीधी . मध्य प्रदेश के सीधी जिले में काले जादू के संदेह में एक युवक ने अपने 60 वर्षीय मामा का कथित तौर पर सिट काट दिया और फिर कटा हुआ सिर तथा कुल्हाड़ी हाथ में लेकर पुलिस थाने की ओर चल दिया, लेकिन पुलिस ने उसे रास्ते में ही पकड़ लिया। पुलिस के एक अधिकारी शेषमणि मिश्रा ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना शुक्रवार को जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर जमोड़ी थाना क्षेत्र के कारीमाटी गांव में हुई। आरोपी युवक (26) को संदेह था कि उसका मामा उस पर जादू टोना कर उसके और परिवार के लिए समस्या पैदा कर रहा है। जमोड़ी थाना प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने बताया कि आरोपी लाल बहादुर गौड़ शुक्रवार को अपने मामा मकसूदन गौड़ के घर गया और जादू टोना की बात पर दोनों में कहासुनी हो गई जिसके बाद युवक ने कुल्हाड़ी से कथित तौर पर मामा पर हमला कर दिया। शेषमणि मिश्रा ने बताया कि, ‘‘हमला इतना तीव्र था कि मकसूदन का सिर धड़ से अलग हो गया।'' मिश्रा ने बताया कि हत्या के बाद युवक हाथ में कटा सिर और कुल्हाड़ी लेकर थाने की ओर चल दिया लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे बीच रास्ते में ही पकड़ लिया। अधिकारी ने आरोपी के हवाले से कहा कि उसके मामा जादू टोने के जरिए उसके लिए परेशानी पैदा कर रहे थे और उसने कई दफा उससे ऐसा नहीं करने के लिए कहा था लेकिन उसका मामा मानने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जब वह अपने मामा के घर पहुंचा तो दोनों में इस बात को लेकर कहासुनी हो गई जिसके बाद युवक ने गुस्से में आकर उस पर हमला कर दिया। मिश्रा ने कहा कि युवक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।
-
बहराइच . उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की नानपारा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ जा रही कार की सामने से आ रही एक जीप से टक्कर हो गयी, जिससे इस घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये। नानपारा थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार/शनिवार की दरम्यानी रात मोतीपुर थाने के आसपास रहने वाले पांच लोग कार में सवार होकर लखनऊ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे नानपारा थानांतर्गत मिहींपुरवा- नानपारा मार्ग पर सामने से आ रही स्कार्पियो जीप व उनकी कार की टक्कर हो गयी। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कार सवार तीरथ राम (38), हरदेव (22) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि कार सवार तीन अन्य लोगों को घायल अवस्था में बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां विनोद कुमार (28) की इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर व रामू का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कार्पियो जीप को घटनास्थल पर छोड़कर जीप चालक फरार हो गया है।
-
नयी दिल्ली. कैंपबेल विल्सन ने एअर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) के तौर पर अपनी नियुक्ति के बारे में कहा कि एक एतिहासिक एयरलाइन की अगुआई करना एक शानदार अवसर है। विल्सन ने कहा कि इस नई भूमिका में उन्हें बहुत चुनौतीपूर्ण काम करना है। वह अभी सिंगापुर एयरलाइंस के पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी स्कूट एयर के सीईओ हैं। सिंगापुर एयरलाइन्स (एसआईए) टाटा समूह के संयुक्त उद्यम वाली एयरलाइन विस्तार में साझेदार है। टाटा संस ने विल्सन को अपनी विमानन कंपनी एयर इंडिया का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। स्कूट के कर्मचारियों को शुक्रवार को भेजे संदेश में विल्सन ने कहा, ''मैंने कार्यकारी दल और कर्मचारी संगठन के नेताओं को स्कूट और एसआईए समूह से अपने इस्तीफे के बारे में बता दिया है।'' विल्सन ने कहा, ‘‘स्कूट को छोड़ने का फैसला खासा मुश्किल रहा है।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘आगे का मार्ग बहुत चुनौतीपूर्ण है और मुझे प्रसन्नता है कि एअर इंडिया के निदेशक मंडल ने मुझे इस एयरलाइन का नया सीईओ चुना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘अब टाटा समूह के स्वामित्व वाली ऐतिहासिक एयरलाइन की अगुआई करने, उसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने का शानदार अवसर है। इस उत्साहजनक चुनौती की यात्रा शुरु करके मैं प्रसन्न हूं।'' टाटा समूह ने गत 27 जनवरी को सरकार से एअर इंडिया का नियंत्रण संभाला है। कर्ज के बोझ से दबी इस एयरलाइन के लिए टाटा समूह ने सबसे ऊंची बोली लगाई थी।
-
नोएडा (उप्र). ई- बाइक टैक्सी चलाने के नाम पर कथित तौर पर धोखाधड़ी करने के आरोप में शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले भी कुछ लोगों की गिरफ्तारी की गई थी।
नोएडा सेक्टर -58 थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने शनिवार को बताया कि सुशीला देवी नामक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नोएडा सेक्टर 62 स्थित एक इमारत में कुछ लोगों ने एमआईपी बाइक के नाम से ई- बाइक टैक्सी चलाने की योजना शुरू की थी। उन्होंने बताया कि महिला के मुताबिक इन लोगों ने एक साल में धन दोगुना करने का लालच देकर कथित तौर पर उससे 1.86 लाख रुपये लिए और यह राशि हड़प ली। कुमार के अनुसार महिला ने सैकड़ों अन्य लोगों से भी इसी तरह की धोखाधड़ी होने का दावा किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आज एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। कुमार ने बताया कि मामले में 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है और पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। - मुंबई। बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शनिवार को कहा कि सरकार ने देश में क्रूज पर्यटन के विकास के लिए एक सक्षम पारिस्थितिकी तंत्र खड़ा करने की खातिर एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है जिसमें सरकारी अधिकारियों के अलावा क्रूज उद्योग के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। सोनोवाल ने उद्योग मंडल फिक्की के सहयोग से शिपिंग, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा यहां आयोजित किए जा रहे पहले दो-दिवसीय भारत अंतर्राष्ट्रीय क्रूज सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अपने राज्य मंत्री श्रीपद नाइक के साथ पीर पाऊ जेटी में तीसरे रासायनिक बर्थ की आधारशिला रखी और महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में केल्शी लाइटहाउस और तमिलनाडु में धनुष कोडी लाइट हाउस का वर्चुअल उद्घाटन किया। सोनोवाल ने कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा कि सरकार का लक्ष्य भारत को सबसे आकर्षक क्रूज पर्यटन स्थल और इस उद्योग को दुनिया का सबसे बड़ा पर्यटन स्थल बनाना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए पर्यटन मंत्रालय के सचिव की अगुआई में एक कार्यबल का गठन किया गया है और जहाजरानी मंत्रालय के सचिव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च-स्तरीय समिति अपने विचारों और सुझावों के माध्यम से कार्यबल की मदद करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक उच्च-स्तरीय समिति के गठन की घोषणा करता हूं जिसमें सरकारी अधिकारी और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योग के खिलाड़ी शामिल होंगे। यह कार्यबल की सहायता करेगा और उसे अपने विचार एवं सुझाव देगा।'' सोनोवाल ने कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य भारत को एक क्रूज पर्यटन केंद्र बनाना है और सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी आधुनिक बुनियादी ढांचा मुहैया कराएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकारें भी क्रूज पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत क्रूज पर्यटन का सबसे आकर्षक गंतव्य बनने जा रहा है। इसमें कोई संदेह नहीं है क्योंकि तटीय क्षेत्रों और अंतर्देशीय जलमार्गों में हमारी क्षमता को तलाशा जाना तय है। अभी तक इसका दोहन नहीं हो पाया है।'' भारत का लक्ष्य क्रूज यात्री यातायात को चार लाख के मौजूदा स्तर से बढ़ाकर 40 लाख तक पहुंचाना है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, आने वाले वर्षों में क्रूज पर्यटन उद्योग के 11 करोड़ डॉलर से बढ़कर 5.5 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
-
नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी ने गुजरात के कवास में स्थित अपनी सौर परियोजना के पहले चरण का वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने की शनिवार को घोषणा की। एनटीपीसी ने बीएसई को दी गई एक सूचना में कहा कि 56 मेगावाट क्षमता वाली इस सौर परियोजना के 20 मेगावाट क्षमता वाले पहले चरण का वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो गया है। शुक्रवार आधी रात से इस चरण का परिचालन शुरू हो गया। इसके साथ ही एनटीपीसी की स्थापित एवं वाणिज्यिक क्षमता बढ़कर 54,616.68 मेगावाट हो गई है।
इसके अलावा एनटीपीसी समूह की कुल स्थापित क्षमता 68,981.68 मेगावाट हो गई है जबकि इसकी वाणिज्यिक क्षमता बढ़कर 68,321.68 मेगावाट हो चुकी है। -
नयी दिल्ली. भारत में शनिवार को कोविड-19 के 2,858 नए मामले आने से कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,31,19,112 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 18,096 हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 11 और मरीजों के महामारी से जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,24,201 हो गयी है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत दर्ज की गयी है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 508 मामलों की गिरावट दर्ज की गयी है। संक्रमण की दैनिक दर 0.59 प्रतिशत दर्ज की गयी और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.66 प्रतिशत रही। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,25,76,815 हो गयी है। मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत दर्ज की गयी। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 191.15 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय के मुताबिक, देश में जिन 11 और मरीजों की मौत हुई है, उनमें से पांच की मौत केरल में, चार की दिल्ली में और दो की महाराष्ट्र में हुई। इस महामारी से अभी तक देश में कुल 5,24,201 लोग जान गंवा चुके हैं। इनमें से 1,47,853 की मौत महाराष्ट्र में, 69,355 की केरल में, 40,105 की कर्नाटक में, 38,025 की तमिलनाडु में, 26,188 की दिल्ली, में, 23,513 की उत्तर प्रदेश में और 21,203 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे। -
नई दिल्ली। त्रिपुरा में श्री बिप्लब कुमार देब ने आज दोपहर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, राज्यसभा सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर माणिक साहा को पार्टी के विधायकों द्वारा त्रिपुरा का नया मुख्यमंत्री घोषित किया गया है।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद सोनकर और अन्य केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में पार्टी विधायक आज शाम राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात करेंगे। इससे पहले दिन में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने आज दोपहर राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना त्याग पत्र सौंपा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सांगठनिक मामलों पर गौर करने और पार्टी को मजबूत करने की बहुत जरूरत है। राज्य में विधानसभा चुनाव फरवरी 2023 में होने वाले हैं।
-
नई दिल्ली। केन्द्र ने कहा है कि गेहूं की बढती कीमतों को देखते हुए इसके निर्यात को नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने आश्वस्त किया है कि देश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली-पीडीएस सुचारू रूप से काम करती रहेगी। खाद्य और उपभोक्ता मामले सचिव सुधांशु पांडेय ने आज नई दिल्ली में कहा कि पीडीएस व्यवस्था देश के खाद्य सुरक्षा और संरक्षा नेटवर्क का आधार है। इसके अन्तर्गत लगभग 81 करोड 35 लाख लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गेहूं के मूल्य में वृद्धि के बावजूद पीडीएस व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत को छोड़कर अन्य सभी देश करीब चार सौ पचास से चार सौ अस्सी डॉलर प्रति टन के हिसाब से गेहूं की बिक्री कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस साल भारत में गेहूं का शुरुआती भंडार 190 लाख टन था जो पिछले साल के शुरुआती भंडार से 273 लाख टन से कम है। श्री पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष 433 लाख टन गेहूँ की खरीद हुई थी। इस वर्ष 444 लाख टन गेहूं की खरीद होने का अनुमान था, लेकिन अभी तक लगभग 180 लाख टन गेहूं की खरीद हुई है।
श्री पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों और संबंधित अधिकारियों के परामर्श से गेहूं और चावल के अनुपात में बदलाव करके खाद्यान्न की कुछ मात्रा फिर से आवंटित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने अतिरिक्त 111 लाख टन का आवंटन करके गेहूं की उपलब्धता को भी बढ़ाया है।कृषि सचिव मनोज आहूजा ने कहा कि देश में गेहूं की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है। वाणिज्य सचिव बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि गेहूं का कोई संकट नहीं है और देश में पर्याप्त खाद्य भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि गेहूं की बढ़ती कीमतों के पीछे इसका अनियंत्रित व्यापार है और सरकार का मुख्य लक्ष्य महंगाई पर रोक लगाना है। - छतरपुर। कार और बाइक की सीधी भिड़ंत में बाइक सवार जीजा-साले में से साले की मौत हुई है। जीजा घायल हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार जारी है।भगवां थाना क्षेत्र के सिमरिया तिराहे पर हुई एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि ग्राम कोंडऩ निवासी रघुवीर यादव 40 वर्ष अपने जीजा मोहन यादव के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। तभी सिमरिया तिराहे के पास एक अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में रघुवीर यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे मोहन को यादव को गंभीर चोटें आई हैं।
- पाली। पाली-जोधपुर बाइपास पर शुक्रवार राज सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई। वहीं दो साल का बच्चा मां की गोद से उछलकर सड़क पर गिर गया। तीनों मोपेड पर सवार थे। सामने से आ रही बाइक से टकराने पर हादसा हुआ। हादसे की सूचन पर परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने दो साल के मासूम को संभाला। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। आज तीनों को पोस्टमार्टम करवाया।पाली के सदर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह खींची ने बताया कि हादसे में खारड़ी हॉल के मंडियारोड पुनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित बाबा रामदेव कॉलोनी के रहने वाले किशनाराम (48) पुत्र रामाजी देवासी, उनकी पत्नी सेणी देवी (42) और 10 साल की बेटी भीकी की मौत हो गई। वहीं 2 साल का बेटा भेराराम घायल हो गया। चारों मोपेड से शुक्रवार देर शाम रोहट के निकट स्थित सज्जनपुरा में एक मंदिर में भजन संध्या में शामिल होने गए थे। रास्ते में पुनायता रीको इलाके की सरहद के पास हादसा हो गया।गलत साइड से जाना पड़ गया भारीपाली-जोधपुर बाइपास पर रेलवे घुमटी के सामने मोपेड में तेल भरवाने के लिए किशनाराम रांग साइड से जा रहे थे। सामने से बाइक पर प्रतापगढ़ गुड़ा एन्दला के रहने वाले जोधाराम सीरवी और बूसी के रहने वाले खीमाराम सीरवी आ रहे थे। इस दौरान मोपेड और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई।चिल्लाने की आवाज सुनकर बाइक मोड़ीगुमानराम ने बताया कि वह भी सज्जनपुरा में मंदिर पर होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। उनकी बाइक मोपेड से करीब आधा किलोमीटर आगे चल रही थी। पेट्रोल भरवाने के लिए किशनाराम देवासी पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही बाइक से मोपेड टकरा गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर उन्होंने बाइक वापस मोडी। एम्बुलेंस को बुलाकर चारों को अस्पताल लेकर गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची।
- भोपाल। गुना के आरोन में शिकारियों से हुई मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस टीम में शामिल ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। घटना शनिवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिकारी नौशाद मेवाती मारा गया। एसआई राजकुमार जाटव के हाथ में गोली लगने के बाद भी उन्होंने कई राउंड फायर किए। घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। ग्वालियर के आईजी अनिल शर्मा को हटा दिया गया है। मध्यप्रदेश सरकार ने तीनों पुलिसकर्मियों के परिवार को 1-1 करोड़ का मुआवजा देने का ऐलान किया है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपराधियों की पहचान हो गई है। पुलिस फोर्स को भेजा गया है। जवाबी एक्शन के लिए पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है।एसपी राजीव कुमार मिश्रा का कहना है कि सगा बरखेड़ा की तरफ से बदमाशों के जाने की सूचना मिली थी। इनकी घेराबंदी के लिए 3-4 पुलिस टीम लगाई गई थीं। शहरोक के जंगल में 4-5 बाइक से बदमाश जाते हुए दिखे। पुलिस ने घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। हमले में सब इंस्पेक्टर राजकुमार जाटव, आरक्षक नीरज भार्गव और आरक्षक संतराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शिकारियों के पास से पांच हिरण और एक मोर के अवशेष जब्त किए हैं। पुलिस ने धरपकड़ में 10 से ज्यादा संदिग्धों को उठाया है। बजरंगगढ़ थाने से पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग हो रही है। लगभग 10 थानों की पुलिस और 100 के लगभग पुलिसकर्मी धरपकड़ में लगे हैं। कलेक्टर ने कहा कि पुलिस तो अपनी कार्रवाई करेगी ही। प्रशासन भी उनके अवैध निर्माण और कार्यों की जानकारी निकाल रहा है। अवैध निर्माण को बुलडोजर से जमींदोज किया जाएगा।गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हमारे परिवार के तीन जांबाज सदस्यों की मौत हो गई। अपराधी कोई भी हो, पुलिस से बचकर जा नहीं सकते। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
- -मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणानई दिल्ली। कटरा से लगभग 1.5 किमी दूर खरमल के पास कटरा से जम्मू जा रही एक स्थानीय बस में आग लगने से 4 लोगों की मृत्यु हो गई और 24 अन्य लोग घायल हो गए हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बस के इंजन क्षेत्र से आग लग गई जिसने जल्द ही पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। .कटरा के एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया कि जब यह बस कटरा से जम्मू की ओर जा रही थी तब इसमें आग लगी थी। आग लगने का ठोस कारण अभी पता नहीं लग पाया है। हादसे में 4 लोगों की मृत्यु और 24 लोग जख्मी हुए हैं। घायलों से पूछताछ जारी है।अनुग्रह राशि की घोषणाकश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि कटरा बस हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी और गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपए दिए जाएंगे:।
- पुणे। कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर माइक्रो ब्लॉगिंग मंच ट्विटर पर नागरिकों के सवालों का पुणे के पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता ने जवाब दिया। और इसी दौरान एक व्यक्ति की इस दुविधा पर कि उसे कहां जाकर बसना चाहिए, उन्होंने मजाकिया अंदाज में सलाह दी : हमेशा अपनी पत्नी की बात सुनिए।नगर पुलिस की ‘पुलिस आयुक्त से सीधी बातचीत’ पहल के तहत गुप्ता ने हाल में लोगों से सवाल मांगे थे।माइक्रो ब्लॉगिंग साइट के एक उपयोगकर्ता ने नगर के शीर्ष पुलिस अधिकारी को बताया कि वह मुंबई से कहीं और जाने की योजना बना रहा है।उन्होंने कहा, “मैं बैंगलोर जाने की सोच रहा हूं लेकिन मेरी पत्नी को पुणे पसंद है। आप क्या सुझाव देते हैं?”गुप्ता ने इस पर हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “दोनों ही बहुत अच्छे शहर हैं, लेकिन नियमावली तो यही कहती है ‘हमेशा अपनी पत्नी की बात सुनें’। हर कोई यही करता है, मैं भी यही करता हूं।”गलत दिशा में ड्राइविंग, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना और सड़कों पर पुलिस की नगण्य मौजूदगी से जुड़े एक सवाल पर आयुक्त ने कहा, “आप सड़कों पर हो सकता है हर जगह पुलिस को नहीं देखें लेकिन उन लोगों पर हमारा पूरा नियंत्रण है जिन्हें उसकी जरूरत है। और बिना हेलमेट वाले बादशाह को भी हॉस्पीटल का रास्ता देखना पड़ता है।”एक उपयोगकर्ता ने पूछा कि क्या “अनजाने” में सिग्नल पर मोटरसाइकिल आगे बढ़ा देने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का गाड़ी की चाभी निकालना जरूरी है क्या ?, इस पर गुप्ता ने कहा, “हमेशा गलती से सिग्नल तोड़ना जरूरी है क्या?” पुलिस प्रमुख ने बाद में नागरिकों को इस पहल में हिस्सा लेने के लिये शुक्रिया अदा किया।
-
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में बुधवार को 11 वर्षीय बाघिन ‘मचमची' की मौत हो गयी। उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि मचमची को 7-8 साल की उम्र में प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बचाकर यहां लाया गया था। तब से वह वन विहार के माहौल में घुलमिल गई थी, लेकिन पिछले दो दिनों से बाघिन ने कुछ नहीं खाया था। ऐसा वह सामान्य तौर पर अक्सर करती थी। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह को उद्यान के गश्ती दल को बाघिन बेहोश पड़ी दिखी। जांच के बाद बाघिन को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शव परीक्षण के बाद उद्यान के नियमों अनुसार बाघिन का शव जला दिया गया। गुप्ता ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघिन की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। बाघिन के विसरा और शरीर के आंतरिक अंगों को जबलपुर स्थित वन्यजीव फॉरेंसिक एवं स्वास्थ्य स्कूल तथा भोपाल स्थित पशु रोग परीक्षा प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है।
-
नयी दिल्ली |वंदे भारत ट्रेन के पहियों की पहली खेप को रोमानिया से हवाई मार्ग से भारत के लिए रवाना कर दिया गया है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन से पहियों की खरीद में अड़चन के कारण ट्रेन के परीक्षण में देरी हुई है और अब यह इस महीने के बजाय अगस्त में किया जाएगा। यूक्रेन से वंदे भारत ट्रेन के 128 पहियों की पहली खेप को सड़क मार्ग से उसके पड़ोसी रोमानिया को भेजा गया और अब पहियों को हवाई मार्ग से भारत लाया जा रहा है। ये पहिये तीन बार में चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचेंगे। करीब 42 पहियों की पहली खेप बुधवार को पहुंची। अन्य दो खेप 13 और 14 मई को पहुंचेंगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। चेन्नई से इन पहियों को हैदराबाद स्थित मेधा सर्वो ड्राइव्स ले जाया जाएगा जिसे वंदे भारत जैसी ट्रेनों की 44 रैक के उत्पादन के लिए विभिन्न उपकरणों की डिजाइन और विनिर्माण का अनुबंध दिया गया है। कंपनी को केवल डिजाइन नहीं, बल्कि पूरी तैयार बोगी की आपूर्ति करने को कहा गया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में घोषणा की थी कि अगले तीन साल में देश में 400 वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जाएगा।---- -
सड़क दुर्घटना में कार के पलटने से चार लोगों की मौत
सरायकेला (झारखंड). झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में बृहस्पतिवार को एक कार सड़क के विभाजक (डिवाइडर) से टकराकर पलट गई। इस दौरान विवाह समारोह से लौट रहे चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु गांव के पास उस समय हुई जब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह सड़क के विभाजक से टकरा गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के वक्त पीड़ित जिले के रामगढ़ इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद उर्मल गांव जा रहे थे। अधिकारी ने कहा कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। - भरूच. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसी भी सरकारी योजना में जब शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाता है तो इससे तुष्टीकरण की राजनीति समाप्त होती है। प्रधानमंत्री यहां आयोजित ‘‘उत्कर्ष समारोह'' को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन भरूच जिले में राज्य सरकार की चार प्रमुख सरकारी योजनाओं के शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने के अवसर पर किया गया है। मोदी ने कहा कि उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार के पिछले आठ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं और उनकी सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि कोई भी हकदार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित ना रह जाए। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम किसी भी योजना में शत प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करते हैं, तो इसका मतलब होता है शासन-प्रशासन संवेदनशील है...जब ‘सेचुरेशन' होता है तो भेदभाव की सारी गुंजाइश खत्म हो जाती है। किसी की सिफारिश की जरूरत नहीं होती... जब शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल होता है तो तुष्टीकरण की राजनीति समाप्त हो जाती है, उसके लिए कोई जगह ही नहीं बचती।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि जानकारी के अभाव में अक्सर बहुत से लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं।उन्होंने कहा, ‘‘कभी कभी तो योजनाएं कागज पर ही रह जाती हैं। कभी-कभी इन योजनाओं का फायदा बेईमान लोग उठा ले जाते हैं।'' उन्होंने कहा कि 2014 में जब उन्हें देश की सेवा का मौका दिया गया था तो देश की करीब-करीब आधी आबादी शौचालय की सुविधा से, टीकाकरण की सुविधा से, बिजली कनेक्शन की सुविधा से, बैंक खाते की सुविधा से वंचित थी। उन्होंने कहा, ‘‘सभी के प्रयासों से अनेक योजनाओं को हम शत प्रतिशत लक्ष्य के करीब ला पाए हैं।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,827 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,31,13,413 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 19,067 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 24 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,24,181 हो गई है। वहीं, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 19,067 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 427 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.60 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.72 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,25,70,165 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 190.83 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 24 मामले सामने आए, जिनमें से केरल में 17, उत्तर प्रदेश में दो और दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड तथा महाराष्ट्र में एक-एक मामला सामने आया। देश में अभी तक संक्रमण से कुल 5,24,181 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,47,850, केरल के 69,342, कर्नाटक के 40,105, तमिलनाडु के 38,025, दिल्ली के 26,184, उत्तर प्रदेश के 23,513 और पश्चिम बंगाल के 21,203 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
-
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने 15 राज्यों में राज्यसभा की 57 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों के कार्यक्रम की आज घोषणा की। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिसा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। चुनाव की अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 31 मई है। 10 जून को मतदान और उसी दिन वोटो की गिनती होगी। राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने वाले कुछ प्रमुख सदस्यों में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन, मुख्तार अब्बास नकवी, पीयूष गोयल, रामचंद्र प्रसाद सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, जयराम रमेश, कपिल सिब्बल, अंबिका सोनी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता प्रफुल पटेल और शिवसेना के संजय राउत शामिल हैं। इन सदस्यों का कार्यकाल इस वर्ष जून से अगस्त के बीच समाप्त होने वाला है।
इसमें छत्तीसगढ़ की भी दो सीटें हैं। ये सीटें भाजपा के रामविचार नेताम और कांग्रेस की छाया वर्मा के रिटायरमेंट से खाली हो रही हैं। दोनों सांसदों का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो जाएगा।
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार को गुरुवार को अगला मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है।विधि मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, वह 15 मई को पदभार संभालेंगे। निवर्तमान सीईसी सुशील चंद्रा का कार्यकाल 14 मई को समाप्त हो रहा है।अधिसूचना और एक प्रेस विज्ञप्ति अपने ट्वीटर हैंडल पर पोस्ट करते हुए विधि मंत्री किरेन रीजीजू ने कुमार को शुभकामनाएं दीं।अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘संविधान के अनुच्छेद 324 के खंड (2) के अनुसार राष्ट्रपति श्री राजीव कुमार को 15 मई 2022 से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के तौर पर नियुक्त करते हुए प्रसन्नता व्यक्त करते हैं।’’चंद्रा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग में एक पद रिक्त हो जाएगा। 1960 में जन्मे कुमार का कार्यकाल फरवरी 2025 में खत्म होगा।उनके कार्यकाल में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव के अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव होंगे।कुमार को जब निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था तब वह लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) के अध्यक्ष थे। उन्होंने तत्कालीन निर्वाचन आयुक्त अशोक लवासा के इस्तीफे के बाद एक सितंबर 2020 को निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला था। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के बिहार/झारखंड कैडर के कुमार फरवरी 2020 में सेवानिवृत्त हुए।
-
बदरीनाथ । बदरीनाथ में बुधवार को दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गयी । कपाट खुलने के बाद से यात्रा में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । चमोली के मुख्य चिकित्साधिकारी डा एसपी कुड़ियाल ने 'भाषा' को बताया कि बुधवार को मरने वालों में राजस्थान के सीकर से आयी एक महिला तीर्थयात्री और एक अज्ञात साधु शामिल है । उन्होंने बताया कि बदरीनाथ यात्रा में अब तक कुल पांच व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है जिनमें से चार की बदरीनाथ धाम में और एक अन्य यात्री की जोशीमठ में जान गई है। उन्होंने बताया कि इन सभी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गयी । कुडियाल ने बताया कि अधिकतर मामलों में मौत का कारण दिल का दौरा पडना है । बदरीनाथ मंदिर के कपाट आठ मई को खुले थे । -
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने राष्ट्रीय राजधानी में एक विश्वविद्यालय को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रपति का कथित रूप से फर्जी ‘लेटरहेड' में बनाने आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में कहा गया है, ‘‘सोशल मीडिया निगरानी के दौरान, यह पाया गया कि अमरदीप सिंह नाम के एक व्यक्ति ने अपने स्वयं के हस्ताक्षर के साथ भारत के माननीय राष्ट्रपति के ‘लेटरहेड' का उपयोग लोगों को यह सूचित करने के लिए किया है कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय का उद्घाटन जल्द ही होने जा रहा है।'' दो मई को दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि ‘लेटरहेड' में दो मोबाइल नंबर, एक वेबसाइट और एक पता उल्लेखित किया गया था। इसमें कहा गया है कि विवरण की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि वेबसाइट पर विवरण के आधार पर विश्वविद्यालय का विज्ञापन करने वाले व्यक्ति को नोटिस भेजा गया है। -
भिवानी (हरियाणा)। हरियाणा के भिवानी में बुधवार को अनोखी शादी देखने को मिली। दुल्हा घोड़ा नहीं ई-रिक्शा में सवार होकर अपनी जीवन संगिनी को लेने पहुंचा। इसमें सबसे अनोखी बात यह रही कि दुल्हा व दुल्हन दोनों नेत्रहीन हैं। शहर में रुपा चंपा गली में स्थित जीणमाता मंदिर में हुई शादी में दूल्हा, दुल्हन के साथ बाराती भी नेत्रहीन ही पहुंचे। गाड़ी की तर्ज पर सजी रिक्शा में सवार होकर नेत्रहीन संदीप जब अपनी जीवन साथी को लेने पहुंचा तो रिक्शा के आगे एक अन्य रिक्शा में रखे डीजे की धुन पर संदीप के दोस्त जमकर थिरके। नेत्रहीनों का डांस देखकर हर किसी ने दांतों तले उंगलियां दबा ली। इस नेत्रहीन दंपति के जीवन में उजियारा बिखरने का कार्य दृष्टि बाधित दिव्यांग सशक्तीकरण संस्थान द्वारा संचालित नेत्रहीन विद्यालय ने किया। संस्थान के संस्थापक सीके गोसाई ने बताया कि नेत्रहीन संदीप व मीरा की शादी करवाने का जो अवसर उन्हें मिला है उसे वह भगवान का बहुत बड़ा आशीर्वाद मानते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेत्रहीन ने विद्यालय में शिक्षा ग्रहण की तथा अब दोनों शादी के बंधन में बंधे हैं तथा उन्हें पूरा विश्वास है कि दोनों एक दूसरे का साथ अच्छी तरह निभाएंगे तथा अपना बेहतर जीवनयापन करेंगे। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर नव दंपति के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस शादी में संस्थान के अलावा जिस व्यक्ति से जो भी सहयोग बना उसने अपने स्तर पर किया ताकि नवविवाहित जोड़े को यह न महसूस हो कि उनकी शादी आम शादियों की तरह नहीं हुई। खाने में लजीज व्यंजन का बारातियों ने जमकर लुत्फ उठाया।






.jpg)








.jpg)











