- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सौरभ भारद्वाज को दिल्ली जल बोर्ड का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। भारद्वाज राघव चड्ढा का स्थान लेंगे जिन्होंने सोमवार को पंजाब से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। ग्रेटर कैलाश से विधायक ने मंगलवार को ट्वीट किया, “यह जिम्मेदारी देने के लिए मेरे नेता अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद देने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं जो भी प्रशासन और लोक सेवा के बारे में जानता हूं, वह मैंने हमारे मुख्यमंत्री सर से सीखा है।” चड्ढा राजेंद्र नगर से विधायक थे और उन्हें दिल्ली में आप की सरकार तीसरी बार बनने पर जल बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया था। राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद चड्ढा को अपनी विधानसभा सीट से इस्तीफा देना होगा।
-
नोएडा(उप्र) । नोएडा की सड़कों पर रोजाना 10 किलोमीटर दौड़ने वाले प्रदीप मेहरा का वीडियो इस कदर वायरल हुआ कि केवल दो दिन में वह सोशल मीडिया सेंसेशन बन गया। हर कोई उसकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा रहा है। अब प्रदीप की मदद के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने हाथ बढ़ाया है। प्रदीप की मुलाकात मंगलवार को गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहस एलवाई से हुई। मुलाकात के बाद सुहास एलवाई ने कहा , ‘‘ प्रदीप मेहरा हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बने हैं, मैं भी प्रदीप का फैन हो गया हूं। मैंने उनसे बात की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी मां के स्वास्थ्य के इलाज के लिए उन्हें मदद मुहैया कराई जाएगी। हमने उसके इलाज के लिए बात की है।'' जिलाधिकारी ने प्रदीप को अपने करियर के लिए सभी विकल्पों का पता लगाने के विकल्प दिए। उन्होंने कहा , ‘‘ हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उसे सर्वोत्तम सुविधाएं प्राप्त हों।'' प्रदीप ने बताया कि वह 12वीं पास है और अभी उसने स्नातक में प्रवेश नहीं लिया है। उसने कहा कि वह आर्मी में जाना चाहता है जिसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहा है। प्रदीप ने जिलाधिकारी को बताया कि बहुत सारे इंस्टीट्यूट और कॉलेज वीडियो वायरल होने के बाद उससे संपर्क कर रहे हैं और उसे अपने यहां मुफ्त प्रवेश देने के लिए तैयार हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि वह प्रदीप को बताएंगे कि उसे किस कॉलेज में प्रवेश लेना चाहिए।उन्होंने प्रदीप की कैरियर काउंसलिंग करवाने के बात भी कही है। प्रदीप मेहरा मूलत: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले का रहने वाला है। उसने बताया कि वह अपने बड़े भाई के साथ नोएडा में रहता है। उसे सुबह आठ बजे तक उठकर अपने भाई के लिए खाना तैयार करना होता है। उसकी मां अस्पताल में भर्ती है। प्रदीप नोएडा सेक्टर-16 में एक रेस्टोरेंट चेन के लिए काम करता है। रात 11 बजे काम खत्म करने के बाद सेक्टर 16 से बरौला स्थित किराए के कमरे तक रोजाना दस किलोमीटर दौड़ लगाता है। फिल्म निर्माता और पत्रकार विनोद कापड़ी ने रविवार की शाम को दो मिनट 20 सेकंड का यह वीडियो ट्विटर पर डाला। लिखा, 'नोएडा की सड़क पर कल रात 12 बजे मुझे ये लड़का कंधे पर बैग टांगे बहुत तेज दौड़ता नजर आया, मैंने सोचा- किसी परेशानी में होगा, लिफ़्ट देनी चाहिए. बार-बार लिफ्ट का ऑफर किया, पर इसने मना कर दिया। वजह सुनेंगे तो आपको इस बच्चे से प्यार हो जाएगा।' इस ट्वीट की उन्होंने 'खरा सोना' शीर्षक दिया। कुछ ही घंटों में यह वायरल हो गया और उसे लाखों लोगों ने रिट्वीट और रिपोस्ट भी किया।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल में प्रतिष्ठित शिक्षाविद् सुनन्दा सान्याल का यहां एक निजी अस्पताल में मंगलवार को निधन हो गया। सान्याल (84) उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और उन्हें 26 फरवरी को सॉल्ट लेक में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार में एक बेटा है। अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया, “ वह सेप्सिस से पीड़ित थे और उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। हमारी मेडिकल टीम ने उनके इलाज के लिए हर संभव कोशिश की लेकिन दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।” उनका अंतिम संस्कार निमताला श्मशान घाट में किया गया। उनका जन्म एक फरवरी 1934 में पबना में हुआ था जो अब बांग्लादेश में है। उन्हें पश्चिम बंगाल में प्राथमिक कक्षाओं में अंग्रेजी नहीं पढ़ाने के वाम सरकार के फैसले का कड़ा विरोध करने के लिए जाना जाता है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को बीरभूम जिले में आग लगने से आठ लोगों की मौत के मामले में पश्चिम बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह से मुलाकात की और इस मामले में उनसे हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और इस घटना के मद्देनजर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस घटना को लेकर जल्द से जल्द विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। पुलिस ने बताया कि बीरभूम जिले के रामपुरहाट में मंगलवार तड़के कुछ मकानों में आग लगने से दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गयी। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज मालवीय ने कोलकाता में संवाददाताओं को बताया कि यह घटना तड़के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पंचायत स्तर के एक नेता की हत्या के कुछ घंटे बाद हुई। मालवीय ने कहा कि जले हुए मकानों में से एक में सात लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि गंभीर रूप से झुलसे हुए एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।
- रांची ।चारा घोटाले में रांची में सजा भुगत रहे राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को किडनी में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगलवार शाम लगभग छह बजे विशेष विमान से उनकी बेटी मीसा भारती उन्हें अपने साथ दिल्ली स्थित एम्स ले गयीं। रिम्स के मेडिकल बोर्ड की सलाह पर उन्हें दिल्ली ले जाया गया। राजद के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने विधानसभा परिसर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लालू प्रसाद यादव को उनकी बेटी मीसा भारती अपने साथ विशेष विमान से दिल्ली ले गयीं जहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका इलाज होगा। इससे पहले मेडिकल बोर्ड की बैठक से निकलने के बाद रिम्स निदेशक डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने कहा कि लालू यादव की स्थिति खराब होती जा रही है। उनके हृदय एवं गुर्दार (किडनी) पर असर हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी इलाज के लिए उन्हें एम्स दिल्ली भेजा गया था। एक बार फिर उन्हें उच्चतर इलाज के लिए एम्स दिल्ली भेजा जा रहा है। राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मंगलवार को मेडिकल बोर्ड की बैठक में लालू प्रसाद यादव को दिल्ली भेजने पर फैसला लिया गया। बोर्ड ने पाया कि लालू यादव का क्रिएटिनिन स्तर बढ़ता जा रहा है और वह नियंत्रित नहीं हो पा रहा है। लालू यादव के साथ ही चारा घोटाले में सजा भुगत रहे राजद के पूर्व सांसद आरके राणा को भी दिल्ली ले जाने की तैयारी है जिसके लिए रिम्स ने अनुशंसा कर दी है। लेकिन अभी उन्हें दिल्ली ले जाने की व्यवस्था नहीं हो सकी है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और आरके राणा की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए रिम्स प्रबंधन के द्वारा बनाये गये मेडिकल बोर्ड ने मंगलवार को एक आपातकालीन बैठक की जिसमें लालू के मुख्य चिकित्सक डॉ. विद्यापति के साथ रिम्स के निदेशक और अधीक्षक भी मौजूद थे। इस निर्णय की जानकारी चिकित्सकों ने जेल प्रबंधन को दी जिसने लालू को दिल्ली ले जाने की इजाजत आनन फानन में दे दी। वहीं पूर्व सांसद आरके राणा को लेकर रिम्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉक्टर प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि पूर्व सांसद आर के राणा के पेट और लीवर में पानी भर गया है। इस वजह से उन्हें ऑक्सीजन की कमी हो रही है जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टर प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि आरके राणा जिस स्थिति में हैं, वैसी स्थिति को चिकित्सा क्षेत्र में कई अंगों का काम नहीं करना माना जाता है। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का क्रिएटिनिन लेवल 4.1 से बढ़कर 4.6 हो गया है। इस बीच डॉक्टर विद्यापति ने बताया कि लालू यादव शूगर, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, किडनी की बीमारी, किडनी में स्टोन, तनाव, थैलीसीमिया, प्रोस्टेट के बढ़ने, यूरिक एसिड का बढ़ने तथा मस्तिष्क से सम्बन्धित बीमारियों से ग्रस्त हैं। उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं लालू कमजोर प्रतिरोधक क्षमता, दाहिने कंधे की हड्डी में दर्द, पैर की हड्डी की समस्या तथा दृष्टि दोष से भी ग्रस्त हैं। उनकी किडनी की स्थिति चौथे यानी अंतिम चरण में है। रिम्स और जेल से अनुमति मिलने के बाद लालू यादव को लेने के लिए बेटी मीसा भारती के साथ भोला यादव रिम्स पहुंचे। इससे पूर्व इस वर्ष 21 फरवरी को चारा घोटाले के तहत डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये के गबन के मामले में दोषी करार दिये गये राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख 73 वर्षीय लालू प्रसाद यादव को सीबीआई की विशेष अदालत ने पांच वर्ष की कैद एवं साठ लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनायी थी जिसके चलते एक बार फिर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
- नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्म पुरस्कार ग्रहण करने के अगले दिन मंगलवार को, इन पुरस्कारों से सम्मानित हस्तियां यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक देखने गयीं। एक सरकारी बयान के अनुसार, ये लोग स्मारक पर गये और रक्षाबलों के उन कर्मियों के नाम देखे जिन्होंने राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्रपति कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम में, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 54 लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान किये। पद्म पुरस्कारों से सम्मानित हस्तियों ने यह यात्रा करवाने एवं राष्ट्रीय राजधानी में स्मारक को लोकप्रिय बनाने के प्रयासों को लेकर सरकार की तारीफ की। बयान के अनुसार इन हस्तियों का मानना है कि युद्ध स्मारक पर जाने से लोगों के अंदर देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं बलिदान का भाव पैदा करने एवं उनके मन में राष्ट्रवाद की भावना गहरी करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 फरवरी 2019 को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का लोकार्पण किया था।बयान के अनुसार इस साल जिन लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान किये गये हैं, वह पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की बदलती प्रोफाइल को दर्शाता है और यह पूरी प्रक्रिया को बदलने के लिए सरकार द्वारा सोच-समझकर लिये गये निर्णय का परिणाम है। बयान के मुताबिक, उन लोगों को पहचान देने की कोशिश है जो समाज की नि:स्वार्थ सेवा कर रहे हैं। प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल एवं ऑनलाइन नामांकन ने प्रक्रिया को लोगों के लिए आसान एवं सुगम बना दिया है और 2022 के पद्म पुरस्कारों के लिए 4.80 लाख से अधिक प्रविष्टियां मिली थीं। बयान के अनुसार स्व-नामांकन, ऑनलाइन नामांकन तथा गुमनाम नायकों का बड़ी संख्या में चयन एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया ने पद्म पुरस्कारों को ‘जन पद्म' बना दिया है।--
- नयी दिल्ली. रेलटेल ने मंगलवार को कहा कि देशभर में अब 6100 रेलवे स्टेशनों पर उच्च गति वाली मुफ्त वाईफाई इंटरनेट सुविधा उपलब्ध है। रेलटेल ने बयान में कहा है, ‘‘उत्तर रेलवे के लखनऊ संभाग में उबरानी रेलवे स्टेशन (उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में) पर वाईफाई सुविधा चालू किये जाने के बाद आज (मंगलवार को)6100 स्टेशनों पर वाईफाई की उपलब्धि हासिल हो गई है।'' रेल मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सार्वजनिक उपक्रम रेलटेल ने कहा कि वह देशभर में सभी स्टेशनों पर इस सुविधा का विस्तार करने के करीब पहुंच गया है। हॉल्ट स्टेशन इसका अपवाद हैं। उसने कहा कि उक्त 6100 स्टेशनों में 5000 से अधिक स्टेशन ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। उसने कहा कि स्टेशनों पर मुफ्त वाईफाई इंटरनेट सुविधा प्रदान करने की परियोजना की संकल्पना 2015 के रेलवे बजट में की गयी थी।
- चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में संविदा पर काम करने वाले 35,000 कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करेगी। मान ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘समूह सी और डी के 35,000 संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया गया है।'' उन्होंने कहा, यह ऐतिहासिक फैसला है। मान ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले उनकी पार्टी ने सत्ता में आने पर संविदा कर्मियों की सेवाएं नियमित करने का वादा किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विधानसभा के अगले सत्र से पहले इस संबंध में विधेयक का मसौदा तैयार करने का निर्देश मुख्य सचिव को दिया है ताकि उसे विधानसभा में पारित कराया जा सके और उसे लागू किया जा सके। मान ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव से भर्ती के लिये संविदा और आउटसोर्सिंग की व्यवस्था को समाप्त करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और फैसले लिए जाएंगे। गौरतलब है कि मान ने कुछ दिन पहले सरकारी विभागों में 25,000 रिक्त पदों को भरने की भी घोषणा की थी। मान ने उस वक्त कहा था कि पंजाब पुलिस विभाग में 10,000 नौकरियां दी जाएंगी और बाकी भर्तियां अन्य विभागों में की जाएंगी।
- नयी दिल्ली. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि प्रौद्योगिकी में तेजी से हो रहे बदलाव और हरित ईंधन के चलते इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की कीमत में कमी आएगी तथा अगले दो साल में इनकी कीमत पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों के बराबर होगी। लोकसभा में ‘वर्ष 2022-23 के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदानों की मांगों' पर चर्चा का जवाब देते हुए गडकरी ने यह भी कहा कि किफायती और स्वदेशी ईंधन पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि इस तरह का ईंधन जल्द ही वास्तविकता बनेगा औेर प्रदूषण पर नियंत्रण होगा। केंद्रीय मंत्री ने सांसदों से कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्रों में सीवेज के पानी का उपयोग करके ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए पहल करें। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन जल्द ही सबसे सस्ता वैकल्पिक ईंधन होगा। गडकरी ने कहा कि अधिक से अधिक दो साल के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत में कमी आएगी तथा अगले दो साल में इनकी कीमत पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों के बराबर होगी।
- लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दोबारा सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। 25 मार्च को सरकार के गठन के लिए 'शपथ ग्रहण समारोह' का आयोजन किया जाएगा। शपथ ग्रहण से पहले शुक्रवार की सुबह आठ से नौ बजे के बीच भाजपा कार्यकर्ता राज्य के 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्र के मंदिरों में जाकर लोक कल्याण के लिए पूजन करेंगे। इससे पहले बृहस्पतिवार की शाम को भाजपा विधानमंडल दल के नेता के चुनाव के लिए बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सह पर्यवेक्षक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार बैठक में योगी आदित्यनाथ के विधानमंडल दल के नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी होगी। शाह राज्य सरकार के नये मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी विचार विमर्श कर सकते हैं। 25 मार्च को गठित होने वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के नामों को लेकर अभी अटकलें लगाई जा रही हैं। भाजपा के राज्य मुख्यालय में सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बंसल ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के पूर्ण बहुमत में आने के बाद गोरखपुर से पांच बार के सांसद रहे योगी आदित्यनाथ को 'लोकभवन' में संपन्न विधायक दल की बैठक में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुना गया था। इसके बाद योगी ने 19 मार्च 2017 को दो उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉक्टर दिनेश शर्मा समेत अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 403 सीट पर सहयोगियों समेत 273 सीटें जीत कर फिर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। पार्टी राज्य में 37 साल बाद लगातार पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाने का कीर्तिमान रचेगी। इससे पहले वर्ष 1985 में नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की लगातार दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी। भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने मंगलवार को ' बताया कि नई सरकार के गठन के लिए 25 मार्च को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, शहीद पथ, लखनऊ में भव्य तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण दोपहर बाद होगा। शुक्ल की ओर से पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों को पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यशस्वी नेतृत्व, पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और उप्र की जनता के भरपूर सहयोग से भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पत्र में पदाधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी गई है कि प्रदेश के सभी जिला-मंडल और शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता समारोह में आएं। सभी आने वालों के लिए आमंत्रण कार्ड और प्रवेशपत्र की व्यवस्था की जाएगी और इसकी भी व्यवस्था जिलों से ही होगी। पदाधिकारियों को पत्र के जरिये पार्टी की ओर से यह भी हिदायत दी गई है कि शपथ ग्रहण के दिन सभी जिलों के प्रमुख चौराहों, बाजारों में होर्डिंग लगाने के साथ साज सज्जा की व्यवस्था की जाये। पत्र में कहा गया है कि कार्यकर्ता कार्यक्रम से पहले सुबह आठ से 10 बजे के बीच शक्ति केंद्र स्तर पर मंदिरों में जाकर लोक कल्याण के लिए पूजन का कार्यक्रम तय करें और संपन्न कराएं। समारोह में प्रदेश भर के सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रमुख नेताओं, लेखक, साहित्यकार, चिकित्सक,अभियंता और धार्मिक मठ-मंदिरों के साधु-संतों को भी आमंत्रित किया जाएगा
- नयी दिल्ली. इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट 3-5 अप्रैल तक भारत की यात्रा पर रहेंगे और उनकी इस यात्रा में कृषि, जल, कारोबार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विविध क्षेत्रों में शानदार द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बेनेट की भारत यात्रा की आधिकारिक घोषणा करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेनेट तीन दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं। इसमें कहा गया है कि इससे पहले दोनों नेता नवंबर 2021 में ग्लासगो में सीओपी 26 सम्मेलन से इतर मिल चुके हैं तथा दोनों के बीच 16 अगस्त 2021 को टेलीफोन पर भी बातचीत हो चुकी है। प्रधानमंत्री के रूप में बेनेट की यह पहली भारत यात्रा होगी। इजराइल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ और भारत अपनी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के समारोह मना रहा है। बयान के अनुसार, जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान भारत और इजराइल के द्विपक्षीय संबंधों को सामरिक गठजोड़ के स्तर पर उन्नत बनाया गया था। इसमें कहा गया है कि इजराइल के प्रधानमंत्री की यात्रा से कृषि, जल, कारोबार, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विविध क्षेत्रों में हमारे शानदार द्विपक्षीय संबंधों के और प्रगाढ़ होने की उम्मीद है। इससे पहले, रविवार को इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भारत-इजरायल संबंधों को परस्पर ‘‘सराहना और सार्थक सहयोग'' पर आधारित बताया था। उन्होंने कहा था कि वह दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर अप्रैल के पहले सप्ताह में भारत की यात्रा करेंगे। बेनेट ने कहा था, ‘‘मैं अपने मित्र, प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी के निमंत्रण पर भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा को लेकर खुश हूं और साथ में हम अपने-अपने देशों के संबंधों को आगे की दिशा में बढ़ाते रहेंगे।'' उन्होंने कहा था कि मोदी ने भारत और इजराइल के बीच संबंधों की फिर से शुरुआत की और इसका ऐतिहासिक महत्व है। इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा था कि हमारी दो अनूठी संस्कृतियों - भारतीय संस्कृति और यहूदी संस्कृति के बीच संबंध गहरे हैं और वे अगाध सराहना एवं सार्थक सहयोग पर आधारित हैं। बेनेट ने कहा था, ‘‘हम भारतीयों से कई चीजें सीख सकते हैं और यही हम करने का प्रयास करते हैं। साथ में हम नवाचार और प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और साइबर, कृषि और जलवायु परिवर्तन के अलावा अन्य क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करेंगे।''
- नयी दिल्ली. भारत मकानों की कीमतों में वार्षिक वृद्धि के मामले में वैश्विक सूची में 51वें स्थान पर आ गया है। संपत्ति सलाहकार नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में देश में घरों के दामों में 2.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। नाइट फ्रैंक ने अपनी ताजा शोध रिपोर्ट ‘वैश्विक आवास मूल्य सूचकांक-चौथी तिमाही, 2021' में कहा कि वैश्विक सूची में भारत का स्थान अक्टूबर-दिसंबर, 2021 तिमाही के दौरान पांच स्थान के उछाल के साथ 51वें पर आ गया है। वर्ष 2020 की इसी तिमाही में भारत 56वें स्थान पर था। रिपोर्ट के अनुसार, तुर्की में घरों की कीमतों में पिछले वर्ष की चौथी तिमाही में वार्षिक आधार पर सबसे तेज 59.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अलावा न्यूज़ीलैंड में 22.6 प्रतिशत, चेक गणराज्य में 22.1 प्रतिशत, स्लोवाकिया में भी 22.1 फीसदी और ऑस्ट्रेलिया 21.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वही दूसरी तरफ मलेशिया, माल्टा और मोरक्को में घरों के दामों में क्रमश: 0.7 प्रतिशत, 3.1 प्रतिशत और 6.3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। यह सूचकांक आधिकारिक आंकड़ों के जरिये दुनिया के 56 देशों और क्षेत्रों में घरों की कीमतों में घटबढ़ पर नजर रखता है।
- नयी दिल्ली. सरकार ने मंगलवार को कच्चे जूट का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2022-23 के लिये 250 रुपये बढ़ाकर 4,750 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) की बैठक में 2022-23 के लिये कच्चे जूट के न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाये जाने को मंजूरी दी गयी। कृषि लागत और मूल्य आयोग (सीएसीपी) की सिफारिशों के आधार पर यह मंजूरी दी गयी है।आधिकारिक बयान के अनुसार 2022-23 के सीजन के लिये कच्चे जूट (टीडीएन 5 के समरूप टीडीएन 3) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 250 रुपये बढ़ाकर 4,750 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यह उत्पादन की अखिल भारतीय भारांश औसत लागत पर 60.53 प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करेगा।'' भारतीय जूट निगम (जेसीआई) मूल्य समर्थन को लेकर केंद्र सरकार की नोडल एजेंसी के रूप में अपना काम करता रहेगा। इस तरह के संचालन में किसी प्रकार का नुकसान होने पर केंद्र सरकार उसकी पूरी भरपाई करेगी। कच्चे जूट के लिये तय एमएसपी बजट 2018-19 में घोषित उत्पादन की अखिल भारतीय भारांश औसत लागत का कम-से-कम 1.5 गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने के सिद्धांत के अनुरूप है। बयान के अनुसार, ‘‘यह न्यूनतम 50 प्रतिशत लाभ का आश्वासन देता है। यह जूट उत्पादकों को पारिश्रमिक का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने और गुणवत्ता वाले जूट फाइबर को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण और प्रगतिशील कदमों में से एक है।'
- नयी दिल्ली. सरकार ने मंगलवार को बताया कि देश में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए विभिन्न कदम उठाए गए हैं और यूजी (स्नातक स्तर) मेडिकल सीटों की संख्या 75 प्रतिशत बढ़कर 89,875 हो गई है जो 2014 से पहले 51,348 थी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनुसख मांडविया ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल यूजी सीटों की संख्या 2014 से पहले 51,348 थी जो बढ़कर अब 89,875 हो गई है। उन्होंने कहा कि इन सीटों में 75 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मेडिकल की पीजी (स्नातकोत्तर) सीटों की संख्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इनकी संख्या 2014 से पहले 31,185 थी जो अब 93 प्रतिशत बढ़कर 60202 हो गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए विदेश जाते हैं और जब छात्र विदेशी चिकित्सा योग्यता प्राप्त कर लेते हैं, तो उन्हें भारत में चिकित्सा व्यवसायी के रूप में पंजीकृत होने के लिए विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (स्क्रीनिंग टेस्ट) उत्तीर्ण करनी होती है। मांडविया ने कहा कि मेडिकल सीटों में वृद्धि करने के लिए कई उपाय किए गए हैं। इन उपायों के तहत जिला अस्पतालों व रेफरल अस्पतालों को उन्नत कर नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए केंद्रीय प्रायोजित योजना शुरू की गई है तथा 157 नए मेडिकल कॉलेज अनुमोदित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉकों के निर्माण द्वारा सरकारी मेडिकल कॉलेजों के उन्नयन के लिए केंद्रीय क्षेत्र की स्कीम के तहत कुल 75 परियोजनाएं अनुमोदित की गई हैं तथा 55 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। मांडविया ने कहा कि नए एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) की स्थापना के लिए केंद्रीय क्षेत्र की स्कीम के तहत, 22 एम्स को मंजूरी दी गयी है और 19 ऐसे संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रम शुरू हो गए हैं
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने मंगलवार को संसद में कहा कि काले धन पर श्वेत पत्र लाने का कोई प्रस्ताव उसके विचाराधीन नहीं है। काले धन पर श्वेत पत्र लाने संबंधी एक सवाल के लिखित जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा को यह जानकारी दी। काले धन पर लगाम के लिए सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने इस लड़ाई में अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर रॉय ने वर्ष 2012 में तत्कालीन सरकार द्वारा काले धन के बारे में लाए गए श्वेत पत्र का उदाहरण देते हुए सरकार से सवाल किया था कि क्या वह काले धन पर एक अन्य श्वेत पत्र जारी करेगी। इसके जवाब में चौधरी ने कहा, ‘‘ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। जैसा कि उल्लेख किया गया है देश में काले धन पर लगाम लगाने के लिए आयकर विभाग ने ठोस कदम उठाए हैं।'' उन्होंने कहा कि 2012 में काले धन पर सरकार द्वारा संसद में श्वेत पत्र जारी करने के बाद देश में इस समस्या पर लगाम कसने के लिए आयकर विभाग ने ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इनमें क्षमता निर्माण और सूचनाओं के एकीकरण तथा सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रयोग के माध्यम से इस पर उचित ध्यान देने के साथ ठोस विधायी और प्रशासनिक ढांचे, प्रणालियां एवं प्रक्रियाएं अपनाना शामिल है।'' उन्होंने कहा कि 2014 में काले धन के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायाधीशों की अध्यक्षता में विशेष जांच दल का गठन किया गया और विदेशों में रखे गए काले धन से विशेष रूप से एवं अधिक प्रभावी ढंग से निपटने के लिए काला धन और कर अधिरोपण अधिनियम, 2015 लाया गया।'' उन्होंने कहा कि इस कानून में कठोर दंडात्मक परिणाम निर्धारित करने के अलावा धन शोधन निवारण कानून 2002 में अघोषित विदेशी संपत्ति के संबंध में जानबूझकर कर से बचने के प्रयास आदि को अनुसूचित अपराध के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर, 2021 की स्थिति के अनुसार काला धन और कर अधरोपण अधिनियम 2015 के तहत अघोषित विदेशी संपत्ति और 39620 करोड़ रुपए से अधिक की आय वाले 586 मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2012-13 से 2021-22 (जनवरी, 2022 तक) के दौरान आय कर विभाग द्वारा 6730 समूहों के संबंध में की गई तलाशी एवं जब्ती कार्रवाई के तहत 9867.04 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
- पुणे. पुणे का प्रतिष्ठित आगा खान पैलेस पिछले महीने से पानी की भारी किल्लत का सामना कर रहा है क्योंकि शहर के नगर निकाय ने 1.70 करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि का भुगतान न करने के कारण पानी का ‘कनेक्शन' काट दिया है। महात्मा गांधी को देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान आगा खान पैलेस में एक कैदी के रूप में रखा गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने पुणे नगर निगम (पीएमसी) से एएसआई के नाम पर पानी का एक नया कनेक्शन प्रदान करने का अनुरोध किया है ताकि आगंतुकों को कोई असुविधा न हो। पैलेस में एएसआई के संरक्षण सहायक गजानन मंडावरे ने बताया कि सप्ताह के कार्यदिवसों में, स्मारक में 700 से 800 आगंतुक आते हैं और सप्ताहांत में यह संख्या 1,200 तक पहुंच जाती है। ‘भारत छोड़ो' आंदोलन की शुरुआत के बाद, महात्मा गांधी, उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी और उनके सचिव महादेव देसाई को आगा खान पैलेस में हिरासत में रखा गया था, जिसे सुल्तान मोहम्मद शाह आगा खान तृतीय ने 1892 में बनवाया था। देसाई और कस्तूरबा गांधी की हिरासत में मृत्यु हो गई थी और उनकी ‘समाधियां' परिसर में स्थित हैं।पीएमसी जल आपूर्ति विभाग के मुख्य अभियंता अनिरुद्ध पावस्कर के अनुसार, पानी के 1.72 करोड़ रुपये के बकाया बिल के कारण पांच फरवरी को पैलेस के बगीचे के लिए तीन इंच के पानी के पाइप का कनेक्शन काट दिया गया था। मंडावरे ने कहा कि छह एकड़ में फैला यह बगीचा पानी की कमी के कारण काफी हद तक प्रभावित है और आगंतुकों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘पीएमसी के मुताबिक, पिछले 30 सालों से पानी का बिल नहीं चुकाया गया है। इस साल अचानक बिल आया और कनेक्शन काट दिया गया।'' उन्होंने कहा कि उन्होंने पीएमसी को पत्र लिखकर उन्हें एएसआई के नाम पर पानी का एक नया कनेक्शन प्रदान करने के लिए कहा है, ताकि आगंतुकों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
- नयी दिल्ली. देश की प्रमुख कपड़ा कंपनी अरविंद ने स्वयं सौरभ को अपना मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया है। इससे पहले सौरभ कैब सेवा कंपनी ओला के सीएफओ थे। कंपनी ने शेयर बाजारों को दी जानकारी में कहा कि सौरभ, जयेश शाह का स्थान लेंगे। शाह कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और समूह सीएफओ की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक मंगलवार को हुई जिसमें 22 मार्च, 2022 से स्वयं सौरभ की सीएफओ के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी गई। निदेशक मंडल ने संजय एस लालभाई की चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के तौर पर पुन: नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है। उनका पांच साल का कार्यकाल एक अप्रैल, 2022 से शुरू होगा।
- शाहजहांपुर (उप्र) .शाहजहांपुर जिले में अन्यत्र शादी तय किए जाने से क्षुब्ध प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन के आगे कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस आनंद ने मंगलवार को बताया कि थाना सेहरामऊ अंतर्गत सिंहरही गांव में रहने वाले पिंटू (22) और सुमन (18) के शव मंगलवार सुबह कहेलियां रेलवे स्टेशन के फाटक के पास मिले। इस संबंध में प्रारंभिक जांच के बाद ग्रामीणों के हवाले से उन्होंने बताया कि पिंटू के परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे इसी से नाराज होकर दोनों सोमवार की रात गायब हो गए। एसपी ने बताया कि मंगलवार सुबह कहेलियां रेलवे स्टेशन के पास दोनों के शव बरामद हुए। आशंका है कि रात में ही दोनों किसी ट्रेन के आगे कूद गए जिसके चलते दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों एक ही जाति के थे और शादी करना चाहते थे लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को शहीद दिवस के अवसर पर कोलकाता स्थित विक्टोरिया मेमोरियल में नवनिर्मित विप्लवी भारत दीर्घा का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री 23 मार्च को शाम छह बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से , कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल हॉल में निर्मित विप्लवी भारत गैलरी का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 जनवरी 2020 को कोलकाता में जीर्णोद्धार के बाद प्रतिष्ठित ओल्ड करेंसी बिल्डिंग, बेलवेडियर हाउस, विक्टोरिया मेमोरियल हॉल और मेटकॉफ हाउस को राष्ट्र को समर्पित किया था। इस दौरान उन्होंने विक्टोरिया मेमोरियल की पांच दीर्घाओं में से तीन दीर्घाओं के बंद होने को लेकर चिंता जताई थी । उन्होंने सुझाव दिया था कि इसमें कुछ जगह स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को प्रदर्शित करने के लिए भी होनी चाहिए और इसे विप्लवी भारत का नाम दिया जाना चाहिए। पीएमओ ने कहा कि इस दीर्घा में स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों के योगदान और ब्रिटिश औपनिवेशिक राज के विरुद्ध उनके सशस्त्र प्रतिरोध को दर्शाया जायेगा। पीएमओ ने कहा, ‘‘इस पक्ष को स्वतंत्रता आंदोलन के मुख्य विमर्श में प्रायः समुचित स्थान नहीं दिया जाता है। इस नई गैलरी का उद्देश्य है कि उन सारी घटनाओं का समग्र चित्रण प्रस्तुत किया जाये जो 1947 में अपनी पराकाष्ठा पर पहुंची थीं। साथ ही क्रांतिकारियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर किया जाये।'' पीएमओ ने कहा कि विप्लवी भारत गैलरी में वह राजनीतिक और बौद्धिक पृष्ठभूमि प्रस्तुत की गई है, जिसने क्रांतिकारी आंदोलन को प्रेरित किया। गैलरी में क्रांतिकारी आंदोलन के जन्म, क्रांतिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण संगठनों का निर्माण, आंदोलन का विस्तार, इंडियन नेशनल आर्मी का गठन, नौसेना विद्रोह का योगदान आदि की झलक पेश की जाएगी।
- नोएडा (उप्र) .यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर वाहनों के भारी दबाव को कम करने के लिए पांच और फास्टट्रैक लेन शुरू किए जाएंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक आंकड़े के अनुसार 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर रोजाना 30 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं।यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (वाईईआईडीए) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया, ‘‘पिछले कुछ दिनों से टोल प्लाजा पर लग रहे जाम को देखते हुए फास्ट्रैक लेन की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया था। यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली जेपी इंफ्राटेक ने इस पर सहमति जताते हुए जेवर टोल प्लाजा पर काम सबसे पहले कराने की बात कही है।'' सीईओ ने कहा, ‘‘यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर, मथुरा और आगरा टोल प्लाजा हैं। तीनों टोल पर पांच-पांच लेन की बढ़ोतरी होने से वाहन चालकों को काफी मदद मिलेगी। जेवर टोल प्लाजा पर 22 जुलाई तक काम पूरा कर लिया जाएगा जिसके बाद हर टोल प्लाजा पर दो-दो महीने के भीतर पांच-पांच अतिरिक्त लेन बढ़ाने का काम किया जाएगा।'' हालांकि यमुना एक्सप्रेसवे के तीनों टोल प्लाजा पर दोनों ओर सभी 12 लेन पर फास्टैग की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन जाम को देखते हुए लेन बढ़ाने का निर्णय किया गया है। केंद्र सरकार ने सभी एक्सप्रेसवे पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया है लेकिन निजी एक्सप्रेसवे होने के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर यह सुविधा इस साल फरवरी से प्रारंभ हुई।
- नोएडा (उप्र)। गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर 76 स्थित एक सोसायटी में रहने वाले एक कारोबारी की पत्नी ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते घर के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना सेक्टर 113 के थाना अध्यक्ष शरद कांत ने बताया कि सेक्टर 76 स्थित प्रिंसले स्टेट सोसायटी में रहने वाले विकास व्यापार करते हैं, लेकिन बीती रात उनकी 31 वर्षीय पत्नी रिचा ने मानसिक तनाव के चलते घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मृतका अपने पति के व्यापार में साझेदार थी। मृतका के परिजनों ने इस मामले में पति पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के एक दल द्वारा करवाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अगर इस मामले में मृतका के परिजन कोई शिकायत करते हैं, तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी। (प्रतीकात्मक फोटो)
-
बेरहामपुर . आजकल गौरैया का दिखना दुर्लभ हो गया है लेकिन ओडिशा के बाघझरी गांव ने पिछले कुछ वर्षों में पक्षियों की इस विलुप्तप्राय: प्रजाति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गंजाम जिले के इस गांव में एक स्थानीय संगठन ने कई कृत्रिम घोंसले बनाए जिनमें आज इन नन्हीं चिड़ियों को चहचहाते देखा जा सकता है। लगभग एक दशक पहले, ‘आंचलिक बिकास परिषद' (एबीपी) ने वन विभाग के साथ मिलकर गांव में गोरैया के संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाया। एबीपी के अध्यक्ष सागर पात्रा ने कहा, “गांव में गौरैया की संख्या मात्र पांच थी जो अब बढ़कर लगभग दो हजार हो गई है।” मिट्टी के घड़े और कृत्रिम घोंसले ग्रामीणों में वितरित किये गए और उन्हें घरों के बाहर टांगा गया ताकि गौरैया को आकर्षित किया जा सके। बाघझरी के अलावा, लंजिया और गुंथाबंधा तथा जिले के कुछ अन्य गांव के लोगों ने भी इस अभियान में भाग लिया। पात्रा ने कहा, “अब हमने गंजाम और गजपति जिलों में विभिन्न स्थानों पर लगभग दो सौ पर्यावरण के अनुकूल कृत्रिम घोंसले और भोजन के बक्से लगाए हैं।” उन्होंने कहा कि इन्हें लगाने और अभियान में लोगों की भागीदारी के बाद, इन पक्षियों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। रविवार को संगठन ने विश्व गौरैया दिवस मनाया और इस अवसर पर बेरहामपुर मंडलीय वन अधिकारी अमलन नायक और ईको क्लब के जिला समन्वयक शंकर नारायण बेज तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
-
नोएडा . सेना में भर्ती होने के वास्ते तैयारी के तहत अपने कार्यस्थल से 10 किलोमीटर दूर स्थित घर तक रात के समय दौड़ लगाते एक युवक के वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। अल्मोड़ा निवासी प्रदीप मेहरा का वीडियो एक पत्रकार-सह-फिल्म निर्माता विनोद कापड़ी ने बनाया था और इसके सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद, सेना के कई पूर्व अधिकारियों और अन्य लोगों ने युवक के सपने को साकार करने में मदद के लिए कदम बढ़ाया है। वीडियो में, प्रदीप आधी रात के आसपास शहर की सड़क पर दौड़ता दिखाई दे रहा है, जिसके कंधे पर एक छोटा सा बैग और हाथ में एक मोबाइल फोन है। रास्ते में कापड़ी द्वारा कार में घर छोड़ने की पेशकश करने पर युवक प्रदीप ने मदद लेने से इनकार कर दिया और कहा कि वह हर रात सेक्टर-16 (कार्यस्थल) से नोएडा के बरोला स्थित अपने घर तक लगभग 10 किलोमीटर की दौड़ लगाता है ताकि वह सेना में भर्ती होने होने के लिए खुद को तैयार कर सके। रविवार शाम कापड़ी द्वारा ट्विटर पर साझा की गई क्लिप को 75,000 से अधिक रीट्वीट, 11,000 टिप्पणी और लगभग 2.50 लाख लाइक मिले। तब से इस क्लिप को विभिन्न मशहूर हस्तियों सहित कई अन्य लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। कापड़ी ने ट्वीट किया, ‘‘कल रात 12 बजे नोएडा रोड पर मैंने इस लड़के को कंधे पर बैग लिए बहुत तेज दौड़ते देखा। मुझे लगा कि वह किसी परेशानी में है और इसलिए उसने उसे एक सवारी की पेशकश की। मैंने उसे बार-बार लिफ्ट देने की पेशकश की लेकिन उसने मना कर दिया। इसका कारण जानकर आपको इस बच्चे से प्यार हो जाएगा।'' पोस्ट के सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रदीप को आर्थिक मदद की पेशकश की, जबकि कई उसके प्रयासों से अभिभूत थे। -
नयी दिल्ली. विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने सोमवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया मालाबार नौसैन्य अभ्यास का हिस्सा बना रहेगा। साथ ही श्रृंगला ने यह स्पष्ट संकेत दिए कि क्वाड के सभी सदस्य देश इसमें हिस्सा लेंगे। क्वाड चार देशों भारत,अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का संगठन है। ऑस्ट्रेलिया ने इस बड़े नौसैन्य अभ्यास में 2020 और 2021 में भी हिस्सा लिया था। श्रृंगला ने कहा,‘‘ जैसा कि आप जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया को मालाबार अभ्यास में शामिल किया गया है। उन्होंने 2020 और 2021 में भी मालाबार अभ्यास में हिस्सा लिया था, और वे मालाबार अभ्यास का हिस्सा बने रहेंगे ....।'' उन्होंने कहा,‘‘ मुझे लगता है कि हम यकीनन सभी संबद्धो की भागीदारी को लेकर उत्सुक हैं।''
विदेश सचिव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष स्कॉट मॉरिसन के बीच डिजिटल शिखर सम्मेलन के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। गौरतलब है कि मालाबार अभ्यास हिंद महासागर में भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच द्विपक्षीय अभ्यास के रूप में 1992 में शुरू हुआ था,बाद में जापान 2015 में इस अभ्यास का स्थायी सदस्य बना था। -
पटना. देश में सांप्रदायिक सौहार्द की एक मिसाल कायम करते हुए बिहार के एक मुस्लिम परिवार ने राज्य के पूर्वी चंपारण जिले के कैथवलिया इलाके में बनने वाले दुनिया के सबसे बड़े हिंदू मंदिर-विराट रामायण मंदिर- के लिए 2.5 करोड़ रुपये की जमीन दान में दी है। पटना स्थित महावीर मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख आचार्य किशोर कुणाल ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि जमीन इश्तियाक अहमद खान ने दान की है जो गुवाहाटी में रहने वाले पूर्वी चंपारण के एक व्यापारी हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक पूर्व अधिकारी कुणाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन्होंने हाल ही में केशरिया सब-डिवीजन (पूर्वी चंपारण) के रजिस्ट्रार कार्यालय में मंदिर निर्माण के लिए अपने परिवार से संबंधित भूमि की दान से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।'' आचार्य ने कहा कि खान और उनके परिवार का यह दान दो समुदायों के बीच सामाजिक समरसता और भाईचारे का एक बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों की मदद के बिना इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करना मुश्किल होता। महावीर मंदिर ट्रस्ट को अब तक इस मंदिर के निर्माण के लिए 125 एकड़ जमीन मिली है। ट्रस्ट को जल्द ही क्षेत्र में 25 एकड़ और जमीन भी मिल जाएगी। बताया जाता है कि विराट रामायण मंदिर कंबोडिया में विश्व प्रसिद्ध 12वीं शताब्दी के अंकोरवाट परिसर से भी ऊंचा होगा है, जो 215 फीट ऊंचा है। पूर्वी चंपारण के परिसर में ऊंचे शिखरों वाले 18 मंदिर होंगे और इसके शिव मंदिर में दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग होगा। कुल निर्माण लागत करीब 500 करोड़ रुपये आंकी गई है। ट्रस्ट नयी दिल्ली में नये संसद भवन के निर्माण में लगे विशेषज्ञों से जल्द ही सलाह लेगा।



.jpg)
.jpg)
.jpg)















.jpg)





