- Home
- देश
- नयी दिल्ली. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10 की उड़िया की ओएमआर शीट का विशेषज्ञों की समिति द्वारा स्वीकृत सही उत्तर तालिका से पुनर्मूल्यांकन किया है जिससे 28 हजार छात्रों को फायदा हुआ। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सीबीएसई ने कक्षा 10 की उड़िया विषय की पहले टर्म की परीक्षा में पूछे गए सवालों और उसके उत्तर में कथित रूप से अंतर की जांच के लिए सोमवार को एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया था। बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस मुद्दे का समाधान अगले 24 घंटे में करने का निर्देश दिया था और छात्रों की शिकायत का तत्काल और उचित ढंग से निपटारा करने को कहा था।” बयान में कहा गया, “तथ्यों की जांच के लिए सीबीएसई द्वारा एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया था।” समिति ने सोमवार को शाम छह बजे अपनी रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट के आधार पर सीबीएसई ने कक्षा 10 की पहले टर्म की उड़िया विषय की परीक्षा के ओएमआर को विशेषज्ञों द्वारा स्वीकृत सही उत्तर तालिका से मूल्यांकन किया। बोर्ड ने कहा कि संबंधित स्कूलों को छात्रों के संशोधित प्रदर्शन भेज दिए गए हैं और इससे कुल 28,310 छात्रों को लाभ हुआ।
- उधमपुर. सेना की उत्तरी कमान ने यहां आयोजित एक समारोह के दौरान केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तैनात अपने 117 जवानों को आतंकवाद और घुसपैठ के खिलाफ लड़ाई में वीरतापूर्ण एवं उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए पुरस्कृत किया। 'सेना मेडल' से सम्मानित होने वाले जवानों में एक लेफ्टिनेंट जनरल और दो मेजर जनरल भी शामिल हैं।जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल ने अधिकारियों, जूनियर कमीशन अधिकारियों और अन्य रैंक के जवानों को पुरस्कार दिये। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि विषम परिस्थितियों में अनुकरणीय साहस दिखाने वालों को 92 वीरता पुरस्कार जबकि राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा के लिए 25 उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि 92 वीरता पुरस्कारों में से 19 पुरस्कार उन शहीदों के परिवारों को दिए गए, जिन्होंने कर्तव्य निभाने के दौरान लड़ते हुए जान न्यौछावर कर दी। इनमें 44 राष्ट्रीय राइफल्स (राजपूत) के मेजर मयंक विश्नोई भी शामिल रहे, जिन्होंने घाटी में एक आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान 12 आम नागरिकों को बचाया और एक आतंकी को मार गिराया था।
- नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,568 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 4,29,96,062 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 33,917 रह गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 97 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,15,974 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 33,917 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.08 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,251 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत हो गई है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 4,24,46,171 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 180.40 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। संक्रमण की दैनिक दर 0.37 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.46 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 77.97 करोड़ नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 7,01,773 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में की गई। उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 97 मामले सामने आए, जिनमें से 78 मामले केरल में सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 5,15,974 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,43,753, केरल के 66,886, कर्नाटक के 40,022, तमिलनाडु के 38,024, दिल्ली के 26,141, उत्तर प्रदेश के 23,492 और पश्चिम बंगाल के 21,188 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली. वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को राज्यसभा को सूचित किया कि सरकार द्वारा क्रिप्टोकरेंसी पेश करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि मौजूदा समय में, भारत में क्रिप्टोकरेंसी अनियंत्रित हैं अर्थात इसका विनियमन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘रिजर्वबैंक क्रिप्टोकरेंसी जारी नहीं करता है। पारंपरिक कागजी मुद्रा एक कानूनी निविदा है और रिजर्व बैंक द्वारा भारतीय रिजर्वबैंक अधिनियम, 1994 के प्रावधानों के अनुसार जारी की जाती है। पारंपरिक कागजी मुद्रा के एक डिजिटल संस्करण को सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) कहा जाता है।'' उन्होंने एक अन्य जवाब में कहा, ‘‘रिजर्व बैंक मौजूदा समय में, सीबीडीसी की शुरुआत के लिए एक चरणबद्ध कार्यान्वयन रणनीति की दिशा में काम कर रहा है और उपयोग के मामलों की जांच कर रहा है जिसे कम या बिना किसी व्यवधान के लागू किया जा सकता है।'' उन्होंने कहा कि समय के साथ नोटों की छपाई में गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019-20 के दौरान 4,378 करोड़ रुपये के नोट छापे गए, जो 2020-21 में घटकर 4,012 करोड़ रुपये रह गए।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए गए अभियान में शामिल दूतावासों के अधिकारियों और सामुदायिक संगठनों से संवाद किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के अभियान में ‘‘विशेष दूत'' के तौर पर यूक्रेन की सीमा से सटे देशों में भेजे गए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वी के सिंह, किरेन रिजिजू और हरदीप सिंह पुरी ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने यूक्रेन से भारतीयों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के अभियान में शामिल दूतावास के अधिकारियों और सामदुयिक संगठनों से संवाद किया। इससे पहले, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में एक बयान में मुश्किल एवं चुनौतीपूर्ण हालात में युद्धग्रस्त यूक्रेन से छात्रों सहित 22,500 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी अन्य देश वहां से इतनी संख्या में अपने नागरिकों को नहीं निकाल सका जितना भारत ने किया और इसके लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद रूस, यूक्रेन के राष्ट्रपतियों एवं अन्य पड़ोसी देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात कर रास्ता निकाला। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण अभ्यास में पूरा तंत्र जुड़ा था जिसमें प्रधानमंत्री मोदी स्वयं लगभग हर रोज समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता कर रहे थे तथा विदेश मंत्रालय में 24 घंटे के आधार पर निकासी कार्यों की निगरानी की गयी।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने राज्यों से निर्धारित केंद्रों पर समर्पित कोविड-19 टीकाकरण सत्र आयोजित करने और टीका लगाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देने को कहा है, ताकि 12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण के दौरान टीकों के मिश्रण से बचा जा सके। भारत में बुधवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर 12 से 14 साल के बच्चों का कोविड-19 टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इस आयु वर्ग के लाभार्थियों को केवल हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई द्वारा विकसित कोर्बेवैक्स टीका लगाया जाएगा। लाभार्थी बुधवार सुबह नौ बजे से शुरू हो रहे ऑनलाइन पंजीकरण के अलावा सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी वैक्सीन लगवा सकेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों से हुई बातचीत में कहा, “12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण के दौरान टीकों का मिश्रण न हो, यह सुनिश्चत करने के लिए टीका लगाने वालों और टीकाकरण टीम को प्रशिक्षण देने की जरूरत है।” भूषण ने कहा, “टीकों का मिश्रण रोकने के लिए राज्यों को निर्धारित कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों पर समर्पित टीकाकरण सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।” स्वास्थ्य सचिव के मुताबिक, राज्यों से उपलब्ध कोविड-19 टीकों का उनके इस्तेमाल की तिथि के हिसाब से विवेकपूर्ण प्रयोग सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। पू्र्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, राज्य टीके की उन शीशियों को बदल सकते हैं, जिनके इस्तेमाल की अवधि जल्द खत्म होने वाली है।
- नयी दिल्ली. सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने मंगलवार को भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की याद में शीर्ष सैन्य थिंक टैंक ‘यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया' (यूएसआई) में ‘चेयर ऑफ एक्सेलेंस' स्थापित किये जाने की घोषणा की। जनरल रावत की 65वीं जयंती की पूर्व संध्या पर यह घोषणा की गयी। जनरल रावत की गत वर्ष आठ दिसम्बर को तमिलनाडु के कुन्नूर के निकट हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गयी थी। इस दुर्घटना में जनरल रावत की पत्नी मधुलिका तथा 12 सशस्त्र बलों के कर्मी भी मारे गये थे। जनरल बिपिन रावत स्मृति ‘चेयर ऑफ एक्सेलेंस' सशस्त्र बलों के बीच एकजुटता और अखंडता पर ध्यान केंद्रित करेगा। बयान में कहा गया है, ‘‘भारत के पहले सीडीएस और 27वें सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत असाधारण पेशेवर व्यक्ति थे और भारतीय सेना के सर्वाधिक महत्वपूर्ण बदलावों में से एक के संवाहक थे।'' सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘यूएसआई के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बी. के. शर्मा को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा गया है, इसका भुगतान नामित ‘चेयर ऑफ एक्सेलेंस' को मानद राशि के तौर पर किया जाएगा।'' सेना ने कहा, ‘‘चेयर ऑफ एक्सेलेंस जनरल रावत के कुशाग्र नेतृत्व और पेशेगत विशेषज्ञता को एक श्रद्धांजलि है।'' सेना प्रमुख ने अपने सम्बोधन में कहा कि जनरल रावत रणनीतिक मामलों को लेकर बहुत जोशीले थे तथा विभिन्न थिंक टैंक की गतिविधियों में अपना व्यापक समय और ऊर्जा खपाये थे। जनरल नरवणे ने कहा, ‘‘और, इसलिए उनकी 65वीं जयंती ने उनके बौद्धिक संस्थानों के साथ सेवाओं को फिर से जोड़ने का अवसर प्रदान किया है।'' सेना प्रमुख ‘चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी' (सीओएससी) के पदेन अध्यक्ष के तौर पर अपनी सेवा दे रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष के शोध का विषय रखा गया है - ‘‘भारत में जमीनी लड़ाई के संदर्भ में एकजुटता एवं अखंडता।'' शोध की अवधि एक वर्ष की होगी, जो हर साल एक जुलाई से शुरू होगी।
- नयी दिल्ली. केंद्र ने प्रख्यात संस्कृत विद्वान एवं भारत रत्न से सम्मानित पी.वी. काणे की स्मृति में स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार को लिखे पत्र में यह जानकारी दी है। पवार ने इस संबंध में वैष्णव को पत्र लिखा था। वैष्णव ने पवार को लिखे पत्र में कहा, '' यह सूचित किया जाता है कि भारत रत्न पी वी काणे पर स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूर किया गया है।'' पिछले महीने वैष्णव को लिखे पत्र में पवार ने कहा था कि भारत रत्न से सम्मानित होने वाली हस्तियों में से काणे एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी याद में डाक विभाग ने डाक टिकट जारी नहीं किया है। वर्ष 1980 में जन्मे काणे एक संस्कृत विद्वान, वकील, सांसद और भारतविद थे, जिन्हें हिंदू कानून पर लिखी गई उनकी पुस्तक ''हिस्ट्री ऑफ धर्मशास्त्र'' के लिए खासतौर पर पहचाना जाता है। काणे को वर्ष 1963 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
-
नई दिल्ली। 12 से 14 वर्ष की आयुवर्ग के बच्चों को कल से कोविडरोधी टीके लगाये जाएंगे। इन्हें केवल कोर्बेवैक्स टीका लगाया जाएगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने इस संबंध में सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों तथा प्रशासकों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि साठ और इससे अधिक आयुवर्ग के लोगों को एहतियाती टीके लगाये जाएंगे। कोविड के दूसरे टीके के नौ महीने पूरे होने पर एहतियाती टीका लगाया जाएगा। भारत का राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण पिछले साल 16 जनवरी को स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के टीकाकरण के साथ शुरू हुआ था। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 95 दशमलव पांच प्रतिशत पात्र लोगों को कम से कम पहली खुराक दी जा चुकी है। 80 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का पूरी तरह से टीकाकरण किया जा चुका है।
-
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की बैठक आज नई दिल्ली के आम्बेडकर भवन में हुई। बैठक के दौरान हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में पार्टी की भारी जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का अभिनंदन किया गया। गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पियुष गोयल तथा प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र प्रकाश सहित अन्य नेता बैठक में शामिल हुए।
-
पणजी। गोवा विधानसभा के नवनिर्वाचित 39 सदस्यों ने मंगलवार को शपथ ग्रहण की। नए सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने मंगलवार को विधानसभा सत्र बुलाया था। श्रीधरन ने नवनिर्वाचित विधायक गणेश गांवकर को विधानसभा सत्र से पहले सोमवार को प्रोटेम स्पीकर (अस्थायी अध्यक्ष) के रूप में शपथ दिलाई थी। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 14 फरवरी को हुआ था और परिणाम 10 मार्च को घोषित किए गए थे। गांवकर ने सदन के 39 निर्वाचित सदस्यों को मंगलवार को शपथ दिलाई। विधायकों ने अपनी सहूलियत के हिसाब से कोंकणी, मराठी या अंग्रेजी भाषा में शपथ ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 40 सदस्यीय विधानसभा में सर्वाधिक 20 सीट पर जीत हासिल की थी, हालांकि बहुमत का आंकड़ा वह नहीं छू पाई, जो 21 है। भाजपा ने अभी तक सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है। विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिगंबर कामत ने दावा किया कि राज्य के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि बिना सरकार बने विधायकों को शपथ दिलाई गई है। इससे पहले शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने दो विधायक दोपहिया वाहन से विधानसभा भवन पहुंचे थे।
- नयी दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान के सदन की सदस्यता से त्यागपत्र को स्वीकार कर लिया है।पंजाब के मुख्यमंत्री बनने जा रहे मान ने सोमवार को बिरला से मुलाकात कर निचले सदन की सदस्यता से इस्तीफे का पत्र सौंपा था।बिरला ने मंगलवार को सदन को मान के इस्तीफे के बारे में सूचित किया।उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के संगरूर से लोकसभा सदस्य भगवंत मान ने त्यागपत्र दे दिया है। मैंने 14 मार्च के प्रभाव से उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है।’’गौरतलब है कि पंजाब में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। आप ने 117 सदस्यीय विधानसभा के लिये हुए चुनाव में 92 सीट जीती। कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली।आप ने सांसद भगवंत मान को पार्टी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था। मान को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। वह बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- देहरादून। उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को यहां एक मल्टीप्लैक्स में 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म देखी और उसके निर्देशक विवेक अग्निहोत्री से बात कर उन्हें जम्मू-कश्मीर में हिंदुओं पर हुए अत्याचार जैसे विषय पर एक अच्छी फिल्म बनाने के लिए बधाई दी । ट्विटर पर जानकारी साझा करते हुए धामी ने यह भी बताया कि उन्होंने मुख्य सचिव को फिल्म को उत्तराखंड में करमुक्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं । शुक्रवार को रिलीज हुई 'कश्मीर फाइल्स' कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर आधारित है।
- बीजिंग। चीन ने सोमवार को कहा कि वह ‘‘वास्तविक जरूरतों'' वाले कुछ विदेशी छात्रों को देश में लौटने की अनुमति देने की योजना बना रहा है, जो चीन के कोविड वीजा प्रतिबंधों के चलते लगभग दो साल से अपने देश में फंसे हुए हैं। यह घोषणा इन खबरों के बीच आयी है कि बीजिंग ने कुछ पाकिस्तानी छात्रों को वीजा जारी किया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने यहां एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘सुरक्षा सुनिश्चित करने के आधार पर, हम महामारी की बदलती अंतरराष्ट्रीय स्थिति और छात्रों की वास्तविक जरूरतों के मद्देनजर छोटी संख्या में विदेशी छात्रों की चीन वापसी के लिए व्यवस्था का समन्वय कर रहे हैं।'' हालांकि, उन्होंने "वास्तविक जरूरतों" के मानदंडों के बारे में विस्तार से नहीं बताया।इन सवालों के जवाब में कि पाकिस्तान स्थित चीनी दूतावास ने पाकिस्तानी छात्रों को वीजा जारी करना शुरू कर दिया है, उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित छात्रों को चीन के महामारी रोकथाम प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना चाहिए।'' बीजिंग द्वारा कोविड-19 वीजा प्रतिबंध के कारण 28,000 से अधिक पाकिस्तानी छात्र लगभग दो वर्षों से अपने देश में फंसे हुए हैं। झाओ ने पाकिस्तानी छात्रों को वीजा दिए जाने की खबरों का खंडन नहीं किया, लेकिन 23,000 भारतीय छात्रों को अनुमति देने के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की। इनमें से ज्यादातर चीन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। पिछले महीने, चीन ने भारत से 23,000 से अधिक भारतीय छात्रों की "जल्द वापसी" के लिए काम करने का वादा किया था और नयी दिल्ली को आश्वासन दिया था कि उनके साथ किसी भी तरह से "भेदभाव" नहीं किया जाएगा क्योंकि उनकी पढ़ाई फिर से शुरू होना एक "राजनीतिक मुद्दा" नहीं है।
- चंडीगढ़। वरिष्ठ अधिवक्ता अनमोल रतन सिद्धू पंजाब के नए महाधिवक्ता होंगे। सूत्रों ने यहां सोमवार को यह जानकारी दी। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह निर्णय लिया गया है। सिद्धू पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के आठ बार अध्यक्ष रह चुके हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद दीपिंदर सिंह पटवालिया ने पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद महाधिवक्ता का पद रिक्त हो गया था।
- मुंबई,। मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में सोमवार दोपहर एक आवासीय भवन में रखरखाव कार्य के दौरान एक लिफ्ट के गिरने से 43 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और जबकि एक अन्य घायल हो गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना बलराम स्ट्रीट स्थित सिद्धज्योति बिल्डिंग में हुई। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा, ‘‘मृतक की पहचान सूर्यकांत राजीव पुजारी के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति अनुभव त्रिपाठी, एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती है।
- बेंगलुरु। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में सोमवार को इसरो के नए प्रक्षेपण यान स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (एसएसएलवी) के नव विकसित सॉलिड बूस्टर स्टेज (एसएस1) का सोमवार को परीक्षण किया गया। बेंगलुरु में स्थित इसरो के मुख्यालय ने एक बयान में कहा कि परीक्षण के दौरान सभी प्रणोदन पैरामीटर संतोषजनक और पूर्वानुमानों के साथ मेल खाते हुए पाए गए। बयान में कहा गया है, ''सॉलिड बूस्टर स्टेज के सफल परीक्षण ने एसएसएलवी (एसएसएलवी-डी1) की पहली उड़ान के लिये पर्याप्त आत्मविश्वास दिया है जो मई 2022 में निर्धारित है।'' बयान के अनुसार एसएसएलवी के शेष चरण - एसएस 2 और एसएस 3 सफलतापूर्वक आवश्यक भूमि परीक्षण से गुजर चुके हैं और एकीकरण के लिए तैयार हैं।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने नियामकीय अनुपालन में कमियों के लिए आठ सहकारी बैंकों पर 12.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय बैंक ने सोमवार को यह जानकारी दी।आरबीआई ने ‘खुलासा मानकों एवं वैधानिक/ अन्य प्रतिबंध यूसीबी' के तहत निर्देशों का पालन न करने के लिए नबापल्ली सहकारी बैंक लिमिटेड (पश्चिम बंगाल) पर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बघाट शहरी सहकारी बैंक लिमिटेड (हिमाचल प्रदेश) पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।केंद्रीय बैंक ने मणिपुर महिला सहकारी बैंक लिमिटेड (मणिपुर), यूनाइटेड इंडिया सहकारी बैंक लिमिटेड (उप्र), जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (नरसिंहपुर), अमरावती मर्चेंट सहकारी बैंक लिमिटेड (अमरावती), फैज मर्केंटाइल सहकारी बैंक लिमिटेड (नासिक) और नवनिर्माण सहकारी बैंक लिमिटेड (अहमदाबाद) पर भी जुर्माना लगाया गया है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोविड-19 महामारी से परेशान लोगों को बड़ी राहत देते हुए सोमवार को कहा कि उनकी सरकार 88 लाख घरेलू उपभोक्ताओं के 6,400 करोड़ रुपये के बिजली के बिल माफ करेगी। मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए चौहान ने यह भी कहा कि कर्ज चुकाने में असमर्थ किसानों के ब्याज का भुगतान सरकार द्वारा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विधायक निधि मौजूदा दो करोड़ रुपये से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की कठिनाइयों को देखते हुए 88 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का 6400 करोड़ रुपये का बिजली बिल माफ कर दिया जाएगा, अब उनसे उस बिजली बिल की वसूली नहीं होगी। चौहान ने कहा कि गरीबों के लिए 23 लाख आवास पूर्ण कर लिए गए हैं और इस वर्ष के अंत तक 30 लाख आवास बनाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि पिछली सरकार द्वारा वर्ष 2019-20 की फसल बीमा योजना का प्रीमियम जमा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने फसल बीमा का 2200 करोड़ रुपये का प्रीमियम जमा करके किसानों के खाते में राशि डलवाने का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में सड़कों के निर्माण के लिए आठ हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में 5100 मेगावाट अक्षय ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है। चौहान ने कहा कि मौजूदा कीमतों पर मध्यप्रदेश की विकास दर 19.7 प्रतिशत है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि मौजूदा कीमतों के आधार पर वर्तमान में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय एक लाख 24 हजार रुपये हो गई है, जो कि कांग्रेस के शासन में केवल 15 हजार रुपये थी। यह राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की प्रशंसा करते हुए चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि विधायक निधि दो करोड़ रुपये से बढ़ाकर तीन करोड़ कर दी जाएगी। विधायक निधि में से 50 लाख रुपये वे स्वेच्छा निधि के रूप में उपयोग कर सकते हैं, इससे वे कई जरूरतमंदों की मदद कर पाएंगे। विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक मुख्यमंत्री के अभिभाषण के दौरान टोका-टोकी करते रहे। चौहान ने सदन से अनुपस्थित रहने पर नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ पर कटाक्ष किया। चौहान के अभिभाषण के बाद अध्यक्ष गिरीश गौतम में सदन की कार्यवाही को दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
- बेंगलुरु। कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री सी एन अश्वथ नारायण ने सोमवार को देश के पहले डिजिटल वॉटर डेटा बैंक ‘एक्वेरियम' का उद्घाटन किया। नारायण ने बेंगलुरु स्थित कंपनी एक्वाक्राफ्ट ग्रुप वेंचर्स के इस डिजिटल स्टार्टअप की शुरुआत करते हुए कहा कि टिकाऊ एवं हरित प्रौद्योगिकियों का सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता के साथ संयोजन वाला यह एक अनूठा नवाचार है। उन्होंने स्वच्छ जल एवं जल सुरक्षा को भारत के लिए अहम बताते हुए कहा कि देश का 297 अरब डॉलर का जल एवं स्वच्छता बाजार बेहद असंगठित है और जल प्रबंधन की दिशा में समग्र दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। एक्वेरियम को पेश करने वाली कंपनी एक्वाक्राफ्ट के संस्थापक चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुब्रमण्यम कुसनूर ने कहा कि यह नवाचार, टिकाऊपन एवं सामाजिक उद्यमशीलता के केंद्र के तौर पर काम करेगा। एक्वेरियम के माध्यम से पानी, साफ-सफाई, जल-भूगर्भ विज्ञान एवं डेटा साइंस के क्षेत्रों में 10 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना है। यह सामाजिक फ्रेंचाइजी मॉडल पर काम करेगा।
- नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को कहा कि विभिन्न एयरलाइन और हवाई अड्डों के लिए उनकी उड़ानों और टर्मिनल परिसर में भारतीय संगीत बजाने को अनिवार्य किए जाने की उसकी कोई योजना नहीं है। नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी।नागर विमानन मंत्रालय ने 27 दिसंबर को सभी एयरलाइन एवं हवाई अड्डों से उनकी उड़ानों एवं टर्मिनल पर भारतीय संगीत बजाये जाने पर विचार करने को कहा था। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) ने 23 दिसंबर को नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भारतीय विमान वाहक द्वारा परिचालित की जाने वाली उड़ानों में भारतीय संगीत को प्रोत्साहन देने का अनुरोध किया था। कांग्रेस की सदस्य अंबिका सोनी ने उच्च सदन में प्रश्न किया कि क्या सरकार का कोई ऐसा प्रस्ताव है कि भारतीय एयरलाइन एवं हवाई अड्डों पर भारतीय शास्त्रीय या सुगम या वाद्य यंत्र संगीत को बजाना अनिवार्य किया जाए। इसके लिखित जवाब में नागर विमानन राज्य मंत्री सिंह ने कहा, ‘‘नहीं''। नागर विमानन मंत्रालय ने 27 दिसंबर को सभी एयरलाइन एवं हवाई अड्डों को लिखे पत्र में कहा कि विश्व भर में अधिकतर एयरलाइन जिस देश की होती हैं वहां का संगीत बजाती हैं। मंत्रालय ने ध्यान दिलाया, ‘‘किंतु भारतीय एयरलाइंस अपनी उड़ान में भारतीय संगीत को यदा-कदा ही बजाती है। हमारे संगीत की समृद्ध परंपरा एवं विरासत है और यह उन कई चीजों में से एक है जिस पर प्रत्येक भारतीय गर्व करता है।
- जबलपुर। पश्चिम-मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के एक मुख्य टिकट निरीक्षक ने चालू वित्त वर्ष में बिना टिकट यात्रा करने वाले रेल यात्रियों से कुल 1.70 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्व रंजन ने सोमवार को यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 16 टिकट निरीक्षकों ने व्यक्तिगत रुप से बिना टिकट यात्रियों से एक करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया। उन्होंने कहा कि मुख्य टिकट निरीक्षक आशीष यादव ने इस साल एक अप्रैल 2021 से नौ मार्च तक 20,600 यात्रियों से 1.70 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला। यह व्यक्तिगत क्षमता के लिहाज से सबसे अधिक संग्रह हो सकता है। रंजन ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में यादव सहित 42 सदस्यों वाले उड़न दस्ते ने विभिन्न ट्रेन में बिना टिकट यात्रियों से 71 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया है। पश्चिम मध्य रेलवे जोन का मुख्यालय जबलपुर में है। इसमें तीन रेल मंडल जबलपुर, भोपाल और कोटा रेल मंडल शामिल हैं।
- नयी दिल्ली. दिल्ली के ऊर्जा मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को कहा कि 27 जून तक दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर सौ नए ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे और इनमें से 71 मेट्रो स्टेशनों पर होंगे। जैन ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि स्टेशन सुविधा का उपयोग करने का शुल्क ‘‘दो रुपये प्रति यूनिट'' होगा। उन्होंने दावा किया कि यह शुल्क ‘‘देश में सबसे कम'' होगा। जैन ने कहा, ‘‘हमारी ईवी नीति में शहर में प्रति 3 किलोमीटर पर एक चार्जिंग स्टेशन की परिकल्पना की गई है। 500 चार्जिंग पॉइंट वाले 100 (ई-वाहन) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए निविदाएं मंगाई गई थीं। निविदा की प्रक्रिया पूरी हो गई। 100 प्रमुख स्थानों की पहचान की गई है, जहां चार्जिंग स्टेशन स्थापित किये जाएंगे। इनमें से 71 मेट्रो स्टेशनों पर स्थित होंगे।'' निविदा के अनुसार, स्टेशन पीपीपी (सार्वजनिक-निजी-भागीदारी) मोड पर बनाए जाएंगे, जिसमें सरकार द्वारा भूमि, केबलिंग और पारेषण आधारभूत ढांचा प्रदान किया जाएगा और कंपनी द्वारा उपकरण और जनशक्ति प्रदान की जाएगी। मंत्री ने कहा कि सबसे कम सेवा शुल्क के आधार पर निविदा का चयन किया गया। जैन ने कहा कि समझौतों पर 8 अप्रैल तक हस्ताक्षर किए जाएंगे और 27 जून तक ये चालू हो जाएंगे। संवाद और विकास आयोग (डीडीसी) के उपाध्यक्ष जैस्मीन शाह ने कहा कि वर्तमान में शहर में लगभग 400 चार्जिंग पॉइंट मौजूद हैं और इनका स्वामित्व सरकारी और निजी कंपनियों के पास है। उन्होंने कहा, ‘‘अब, 500 और चार्जिंग पॉइंट के साथ, संख्या जल्द ही दोगुनी से अधिक हो जाएगी।''
- आगरा. आगरा के एत्मादपुर में एक सरकारी महिला चिकित्सक ने एक नवजात बच्ची को अपने मुंह से ऑक्सीजन देकर उसे बचा लिया। महिला चिकित्सक ने नवजात के मुंह से मुंह सटाकर सांसें भरी और उसकी सांसों को थमने नहीं दिया। इस बीच प्रसूता मां बच्ची की जिंदगी की आस में चिकित्सक को एकटक देखे जा रही थी। उधर, महिला चिकित्सक तब तक कोशिश करती रही जब तक नवजात की किलकारी नहीं गूंजी। अंतत: चिकित्सक के प्रयास ने एक नवजात को जीवन प्रदान कर दिया। मामला एत्मादपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। यहां खुशबू नाम की महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन नवजात सांस नहीं ले पा रही थी। फिर ऑपरेशन थियेटर में प्रसव करा रहीं डॉ.सुरेखा द्वारा नवजात को मशीन से ऑक्सीजन देने का प्रयास असफल होने पर डॉ.सुरेखा ने नवजात को अपने मुंह से लगाकर सांस देना शुरू कर दिया। यह देख वहां मौजूद स्टाफ हतप्रभ रह गया। एक स्टाफ ने इसका वीडियो बना लिया। डॉ.सुरेखा खून से लथपथ नवजात को मुंह से सांस देने के साथ साथ सीने पर पम्प कर रही थीं। आखिरकर उनकी कोशिश रंग लाई और वह नवजात को जीवन देने में सफल रहीं। इस संबंध में डॉ.सुरेखा ने कहा कि उन्होंने नवजात को सात मिनट तक मुंह से सांस दी जिससे उनकी कोशिश रंग लाई और नवजात बच्ची सांस लेने लगी। इससे संबंधित दो मिनट 50 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहा है। डॉ. चौधरी ने कहा, ‘‘ शुरुआत में नर्स ने नवजात का प्रारंभिक इलाज किया, लेकिन यह काम नहीं किया। अंतत: मैंने उसे मुंह सटाकर कम से कम सात मिनट तक सांस देना शुरू किया।
- चेन्नई. प्रख्यात बाल कल्याण विशेषज्ञ मीना स्वामीनाथन का सोमवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष की थीं और वृद्धावस्था संबंधी स्वास्थ्य परेशानियों से पीड़ित थीं। मीना कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन की पत्नी थीं। उनके परिवार में पति, तीन बेटियां, पांच पोते-पोतियां और एक भाई है।मीना स्वामीनाथन तमिलनाडु में एकीकृत बाल कल्याण विकास योजना (आईसीडीएस) की सिफारिश करने वाली समिति की अध्यक्ष भी रहीं और वह एम एस स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन (एमएसएसआरएफ) की एमेरिटस ट्रस्टी भी थीं। मीना मोबाइल क्रेच की संस्थापकों में से एक थीं। वह दिल्ली समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष और महिला विकास अध्ययन केंद्र की संस्थापक सदस्य भी थीं। इसके अलावा उन्होंने बच्चों की देखभाल और शिक्षा पर यूनेस्को और यूनिसेफ के साथ एक अंतरराष्ट्रीय सलाहकार के रूप में भी काम किया। तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने बाल कल्याण विशेषज्ञ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मीना एक प्रख्यात शिक्षक, शिक्षाविद् और लेखक थीं। राज्यपाल ने कहा कि उन्हें लैंगिक समानता, महिला और बाल विकास में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मीना के घर पहुंचकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मीना स्वामीनाथन एक महान शिक्षाविद् और बहुआयामी व्यक्तित्व वाली महिला थीं। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है।''











.jpg)















