- Home
- विदेश
-
न्यूयॉर्क. अमेरिका के दैनिक समाचारपत्र 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' और 'द वाशिंगटन पोस्ट' को वर्ष 2023 में गाजा में युद्ध से लेकर बंदूक हिंसा जैसी घटनाओं पर उल्लेखनीय कार्य के लिए सोमवार को तीन श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया गया। इसके अलावा समाचार एजेंसी 'द एसोसिएटेड प्रेस' ने अमेरिका में वैश्विक स्तर पर प्रवासियों के आवागमन की कवरेज के लिए फीचर फोटोग्राफी श्रेणी में पुलित्जर पुरस्कार जीता है। हमास की ओर से पिछले साल सात अक्टूबर में इजराइल पर किए गए हमले और उसके बाद की परिस्थितियों को लेकर उल्लेखनीय पत्रकारिता करने के लिए 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को दो पुलित्जर पुरस्कार और एक विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा समाचार एजेंसी रायटर को फोटोग्राफी की श्रेणी में पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 'प्रोपब्लिका' ने प्रतिष्ठित लोक सेवा (पब्लिक सर्विस) पुरस्कार जीता। उसे अमेरिकी उच्चतम न्यायालय पर की गई खबरों के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया जिनमें अरबपतियों द्वारा न्यायाधीशों को महंगे उपहार और विलासितापूर्ण यात्राओं के उठाए गए खर्च का खुलासा किया गया था। संवाददाता जोशुआ कपलान, जस्टिन इलियट, ब्रेट मर्फी, एलेक्स मिरजेस्की और कर्स्टन बर्ग के काम को नवाजा गया है। वर्ष 2023 के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ कार्य के अलावा पुस्तक, संगीत और रंगमंच समेत कला जगत की आठ श्रेणियों में भी यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। लोक सेवाओं के विजेताओं को स्वर्ण पदक जबकि अन्य सभी विजेताओं को 15,000 अमेरिकी डॉलर की राशि पुरस्कार में प्रदान की जाती है।
- मॉस्को ।रूस की राजधानी मॉस्को में स्थित राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ में मंगलवार को आयोजित एक भव्य समारोह में व्लादिमीर पुतिन ने देश के राष्ट्रपति के रूप में अपना पांचवां कार्यकाल शुरू किया। पुतिन ने अपने राजनीतिक विरोधियों को परास्त करने के अलावा यूक्रेन में विनाशकारी युद्ध की शुरुआत के साथ ही खुद को और अधिक शक्तिशाली साबित किया है।पुतिन अब अगले छह वर्षों तक देश के राष्ट्रपति पद पर रहेंगे। बीते करीब 25 वर्षों से देश की सत्ता पर काबिज पुतिन, जोसेफ स्टालिन के बाद राष्ट्रपति के पद पर सबसे लंबे समय तक रहने वाले रूस के पहले नेता बन गए हैं।पुतिन का नया कार्यकाल 2030 तक जारी रहेगा और इसके बाद वह राष्ट्रपति के अगले कार्यकाल की दावेदारी के लिए संवैधानिक रूप से एक बार फिर से पात्र बन जाएंगे। ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस के अंदर आयोजित समारोह में पुतिन ने रूसी संविधान पर अपना हाथ रखा और इसकी रक्षा करने की कसम खाई।इस दौरान चुनिंदा गणमान्य हस्तियां वहां मौजूद थीं। 1999 में राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन का उत्तराधिकारी बनने के बाद से पुतिन ने रूस को आर्थिक पतन से उबारते हुए एक ऐसे देश के रूप में तब्दील कर दिया है, जिसे पश्चिम देश वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा मानते हैं। अब देखना यह है कि 71 वर्षीय पुतिन अगले छह वर्षों के दौरान देश और विदेश दोनों मोर्चों पर रूस को कहां लेकर जाएंगे।
-
वाशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस' के एक द्वार से शनिवार रात एक वाहन के टकरा जाने के कारण चालक की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अमेरिकी खुफिया सेवा ने एक बयान में कहा कि ‘व्हाइट हाउस' परिसर की बाहरी परिधि के एक द्वार से रात लगभग साढ़े दस बजे एक वाहन टकरा गया और इस दुर्घटना के बाद चालक वाहन में मृत पाया गया। एजेंसी ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया है लेकिन ‘व्हाइट हाउस' को कोई खतरा नहीं है। मृत चालक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
-
न्यूयॉर्क (अमेरिका) .न्यूयॉर्क का प्रतिष्ठित ‘टाइम्स स्क्वायर' सैकड़ों महिलाओं की भिन्न प्रकार और शैलियों की साड़ियों से सजा दिखायी दिया तथा भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ ही अन्य देशों की सैकड़ों महिलाओं ने यहां एक विशेष कार्यक्रम में साड़ियों की शाश्वत सुंदरता, विरासत और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया। ‘टाइम्स स्क्वायर' में शनिवार को आयोजित ‘साड़ी गोज ग्लोबल' कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के साथ ही कम से कम उन नौ देशों की 500 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया जहां नौ गज का यह परिधान लोकप्रिय है तथा उसे पसंद किया जाता है। इन देशों में बांग्लादेश, नेपाल, ब्रिटेन, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, युगांडा, त्रिनिदाद और गुयाना शामिल हैं। खादी सहित विभिन्न प्रकार के कपड़ों पर उत्कृष्ट कढ़ाई एवं शैलियों वाली रंग-बिरंगी साड़ियां पहनी हुईं महिलाओं ने गर्व से अपने संग्रह का प्रदर्शन किया, राष्ट्रीय ध्वज लहराए, एक साथ नृत्य किया, तस्वीरें लीं और अपनी साड़ियों, संस्कृति तथा विरासत के बारे में कहानियां साझा कीं। यह कार्यक्रम ‘ब्रिटिश वुमेन इन साड़ी' ने उमा संगठन के साथ मिलकर आयोजित किया जिसमें संगीत, नृत्य और साड़ी ‘वॉकथन' के जरिए साड़ी की शाश्वत सुंदरता का प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य दुनियाभर में कार्यक्रम आयोजित कर भारत में हथकरघा कलाकारों की मदद करते हुए साड़ी के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। उमा ग्लोबल की अध्यक्ष डॉ. रीता ककाती-शाह और ‘ब्रिटेन वुमेन इन साड़ी' की चेयरपर्सन डॉ. दीप्ति जैन ने दुनियाभर में एकता और महिला सशक्तीकरण के प्रतीक के तौर पर साड़ी की महत्ता पर जोर दिया।
-
नई दिल्ली। नेपाल ने शुक्रवार को 100 रुपये के नए नोट छापने की घोषणा की जिसमें एक मानचित्र होगा और उसमें विवादित स्थल लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी को दर्शाया जाएगा।
भारत पहले ही इन क्षेत्रों को कृत्रिम रूप से विस्तारित करार दे चुका है। सरकार की प्रवक्ता रेखा शर्मा ने कैबिनेट फैसले के बारे में जानकारी देते हुए मीडियाकर्मियों को बताया, ”प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल ‘प्रचंड’ की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक में 100 रुपये के नोट में नेपाल का नया नक्शा छापने का निर्णय लिया गया, जिसमें लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी को दर्शाया जाएगा।” -
लंदन। असम की एक वन्यजीव जीवविज्ञानी को लुप्तप्राय ‘ग्रेटर एडजुटेंट स्टॉर्क' और उसके आर्द्रभूमि निवास स्थान के संरक्षण प्रयासों के लिए अग्रणी ब्रिटिश वन्यजीव धर्मार्थ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। लंदन में ‘रॉयल ज्योग्राफिकल सोसाइटी' में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन को ‘व्हिटली फंड फॉर नेचर' (डब्ल्यूएफएन) द्वारा व्हिटली गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया जिसके तहत उन्हें एक लाख ब्रिटिश पाउंड की राशि प्रदान की गई। यह पुरस्कार दुनियाभर में जमीनी स्तर पर संरक्षण करने वालों को प्रदान किया जाता है। बर्मन को असमिया में स्थानीय रूप से ‘‘हरगिला'' के रूप में पहचाने जाने वाले सारस के संरक्षण के लिए यह सम्मान दिया गया। उन्हें यह पुरस्कार ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स तृतीय की बहन, धर्मार्थ संस्था की संरक्षक राजकुमारी ऐनी ने प्रदान किया। बर्मन के प्रयासों के लिए उन्हें 2017 में ‘व्हिटली' पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘उनके पंख, उनकी गहरी नीली आंखें, उनकी चोंच की आवाज मेरे बचपन के साथी रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उनके बारे में सब कुछ पसंद है, वे बेहद प्रेरणादायक हैं। लेकिन ऐसा लगता है कि बाकी सभी उनसे नफरत करते हैं।'' बर्मन की कोशिश भारत और कंबोडिया में सारस की इस प्रजाति की पक्षियों की संख्या को 2030 तक दोगुना यानी 5,000 करने की है।
-
बोगोटा (कोलंबिया). सैनिकों के लिए सामान ले जा रहा सेना का एक हेलीकॉप्टर सोमवार को उत्तरी कोलंबिया के एक ग्रामीण इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार नौ जवानों की मौत हो गयी। कोलंबियाई सेना ने एक बयान में कहा कि यह हेलीकॉप्टर सांता रोसा डेल सुर की नगरपालिका में सैनिकों के लिए सामान लेकर जा रहा था। इस इलाके में हाल में नेशनल लिबरेशन आर्मी गुरिल्ला समूह और ‘गल्फ क्लैन' के नाम से पहचाने जाने वाले मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के बीच झड़पें हुई थीं। सेना ने हेलीकॉप्टर हादसे को एक दुर्घटना बताया है।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोमवार को ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे सेना के हलीकॉप्टर में सवार नौ यात्रियों की मौत पर अफसोस है। यह सैनिकों को सामान की आपूर्ति कर रहा था जो कि गल्फ क्लैन के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।'' सेना ने बताया कि हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। - लॉस एंजिलिस। यूरोप के सबसे बड़े लगून के सरंक्षण के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने वालीं पर्यावरण कार्यकर्ता टेरेसा विसेंट ने गोल्डमैन पर्यावरण पुरस्कार जीता है, जिसे ‘ग्रीन नोबेल' के नाम से जाना जाता है। अपने पुराने दिनों को याद करते हुए विसेंट कहती हैं कि उस समय वह स्पेन के मार मेनोर में बिल्कुल स्वच्छ पानी में तैरती थीं और समुद्री जीव उसमें साफ नजर आते थे लेकिन खनन और विकास कार्यों की वजह से होने वाले दीर्घकालिक प्रदूषण ने यूरोप के सबसे बड़े, खारे पानी के लगून को लगभग बर्बाद कर दिया। समुद्री तटों पर ज्वार की वजह से जब पानी की लहरें उठती हैं तो पानी तट पार कर आगे सूखे हिस्से में आ जाता है। लेकिन बाद में यह पानी भाटा के समय वापिस समुद्र में नहीं जाता। इस पानी के अवशोषण के कारण जमीन का यह भाग सतह से थोड़ा नीचे चला जाता है और झील बन जाती है जिसे लगून कहते हैं। वर्ष 2019 में बड़े पैमाने पर मछलियों की मौत ने दर्शनशास्त्र की प्रोफेसर विसेंट को लगून के सरंक्षण के लिए कार्य करने को प्रेरित किया। अगले कुछ वर्षों में 61 वर्षीय विसेंट ने क्षेत्र की पारिस्थितिकी की दृष्टि से अहम जलक्षेत्र लगून को खत्म होने से बचाने के लिए जमीनी स्तर के एक अभियान का नेतृत्व किया। विसेंट के प्रयासों से 2022 में एक नया कानून पारित होने में मदद मिली, जिससे लगून को संरक्षण और क्षति निवारण का कानूनी अधिकार मिल गया।
-
नैरोबी. अफ्रीकी देश केन्या के पश्चिमी इलाके में सोमवार को सुबह एक बांध के टूटने के कारण कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है। केन्या पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, बांध का पानी आस-पास के इलाके में स्थित लोगों के घरों में घुस गया और पानी के बहाव के परिणामस्वरूप एक प्रमुख सड़क से संपर्क कट गया। पुलिस अधिकारी स्टीफन किरुई ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि यह घटना सोमवार की सुबह ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र के माई माहिउ इलाके में स्थित 'ओल्ड किजाबे बांध' के ढहने के बाद हुई। ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र में अचानक बाढ़ आने का खतरा बना रहता है। बांध टूटने के बाद पानी नीचे की ओर बहने लगा। केन्या में बीते कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के कारण अब तक करीब 100 लोगों की मौत हो चुकी है और स्कूलों के खुलने में भी देरी हो रही है। केन्या में मार्च के मध्य से ही भारी बारिश का दौर जारी है । मौसम विज्ञान विभाग ने और बारिश की चेतावनी दी है। भारी बारिश के कारण पूर्वी अफ्रीकी क्षेत्र के कई देशों को बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। तंजानिया में बाढ़ के कारण 155 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि पड़ोसी देश बुरुंडी में दो लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। केन्या के प्रमुख हवाईअड्डे पर शनिवार को पानी भर गया, जिससे कुछ उड़ानों के मार्ग परिवर्तित करने पड़े। लोगों ने रनवे, टर्मिनल और कार्गो सेक्शन में पानी भर जाने के वीडियो ऑनलाइन साझा किए गए। पूरे केन्या में दो लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में घर जलमग्न हो गए हैं और लोग स्कूलों में शरण ले रहे हैं। केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने राष्ट्रीय युवा सेवा संगठन को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी शिविर हेतु जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
- बीजिंग। भारत में टेस्ला की कारों को लेकर काफी दिनों से इंतजार चल रहा है। पिछले हफ्ते ही ईलान मस्क को भारत आना था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई मंत्रियों और उद्योगपतियों से मुलाकात करनी थी। लेकिन उन्होंने भारत का प्लान कैंसिल कर दिया और आज बिना किसी घोषणा के चीन पहुंच गए। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान वे चीन के कई अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और फुल सेल्फ ड्राइविंग (FSD) सॉफ्टवेयर के रोलऑउट को लेकर चर्चा करेंगे।गौरतलब है कि मस्क को 21 और 22 अप्रैल को भारत के दौरे पर आना था, लेकिन उससे एक दिन पहले यानी 20 अप्रैल को उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने भारत न आने की सूचना दी और कहा कि जल्द ही वे इसी साल के अंदर भारत का दौरा करेंगे। स्पेसएक्स ( में रजिस्टर्ड एक गल्फस्ट्रीम स्थानीय समय दोपहर करीब 2 बजे बीजिंग में उतरा। मस्क की यात्रा योजनाओं से परिचित एक व्यक्ति ने ब्लूमबर्ग को बताया वह आज यानी रविवार को बीजिंग में रहेंगे।मस्क देश में फुल सेल्फ-ड्राइविंग या FSD पर बातचीत करने के लिए चीन में हैं। टेस्ला अपनी ऑटोपायलट टेक्नोलॉजी के सबसे एडवांस्ड वर्जन FSD को नए बाजारों में लाने पर काम कर रही है।बता दें कि इसी महीने ही टेस्ला CEO मस्क ने एक X यूजर को रिप्लाई देते हुए कहा था कि चीन में जल्द ही FSD सॉफ्टवेयर लाया जा सकता है। यूजर ने सवाल किया था कि चीन में कब अमेरिकी EV कारमेकर FSD लॉन्च करने वाली है। टेस्ला ने हाल ही में अमेरिका में भी FSD की कीमत को 12,000 अमेरिकी डॉलर से घटाकर 8,000 अमेरिकी डॉलर कर दिया था। जबकि, 2015 में जब इसकी कीमत 15,000 डॉलर थी तो मस्क ने कहा था कि यह अभी बहुत कम है। अगर उनकी कार पूरी तरह से ड्राइवरलेस हो जाती है तो इसकी वैल्यू काफी ज्यादा बढ़ जाएगी।
- गुजरात स्थित गांव में हुई प्रार्थना सभाआणंद/न्यूयॉर्क. मूल रूप से गुजरात के आणंद जिले की रहने वाली और अमेरिका में बस चुकीं तीन महिलाओं की अमेरिकी राज्य दक्षिण कैरोलिना में एक भीषण कार दुर्घटना में मौत हो गई। उनके रिश्तेदारों ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। मीडिया की एक खबर में कहा गया है कि दक्षिण कैरोलिना राजमार्ग गश्ती दल के मुताबिक, दुर्घटना शुक्रवार को लेकसाइड रोड के पास इंटरस्टेट 85 से लगे स्टॉन्टन ब्रिज रोड पर हुई। इसमें कहा गया कि पेड़ों से टकराने से पहले तेज रफ्तार कार हवा में कम से कम 20 फुट ऊपर उछली। गुजरात में रिश्तेदारों ने तीनों की पहचान रेखा दिलीप पटेल, संगीता भवनेश पटेल और मनीषा राजेंद्र पटेल के रूप में की है। वे राज्य के आणंद जिले के बोरसाद तालुका के वसना (बोरसाद) और कविता गांवों की थीं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आपस में रिश्तेदार थीं। रेखा और संगीता के पति - क्रमशः दिलीप पटेल और भवनेश पटेल - भाई हैं, जबकि मनीषा के पति राजेंद्र दोनों के चचेरे भाई हैं। कविता गांव के पास रहने वाले संगीता के पिता विट्ठलभाई को छोड़कर, तीनों महिलाओं के परिवार के अन्य सभी सदस्य और उनके पति बहुत पहले ही अमेरिका चले गए थे। विट्ठलभाई पटेल ने यहां संवाददाताओं को बताया, “मुझे पता चला है कि मेरी बेटी और दो अन्य महिलाओं की शुक्रवार को अमेरिका में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। चौथी महिला, जो एक रिश्तेदार है, को वहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे सभी घूमने जा रहे थे।” उन्होंने कहा कि लगभग 20 साल पहले वहां जाने के बाद संगीता कभी भारत नहीं लौटीं। विट्ठलभाई ने कहा, उसका (संगीता का) बेटा कुछ महीने पहले अपनी शादी से जुड़ी खरीदारी के लिए यहां आया था। वसना (बोरसाद) के निवासी निरंजन पटेल ने कहा कि उनके गांव में तीन महिलाओं के लिए एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। निरंजन पटेल ने कहा, “रेखाबेन और संगीताबेन अपने पतियों के साथ अटलांटा, जॉर्जिया में रहती थीं और साउथ कैरोलिना की ओर जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। प्रार्थना सभा के दौरान ग्रामीणों ने दुख व्यक्त किया।” ‘फॉक्स कैरोलिना' की खबर के मुताबिक, ग्रीनविले काउंटी कोरोनर कार्यालय के अधिकारी माइक एलिस ने बताया कि कथित तौर पर भारतीय महिलाएं इंटरस्टेट 85 के उत्तर की ओर जाने वाली सड़क पर एसयूवी में यात्रा कर रही थीं।
-
नई दिल्ली। मलेशियाई नौसेना ने कहा कि मंगलवार को एक प्रशिक्षण सत्र के दौरान दो सैन्य हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिससे उनमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। नौसेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब हेलीकॉप्टर नौसेना की 90वीं वर्षगांठ के जश्न की तैयारी के लिए उत्तरी पेराक राज्य में एक नौसैनिक अड्डे पर प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे थे। नौसेना की 90वीं वर्षगांठ अगले महीने है।
बयान के मुताबिक, ”दोनों हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।” नौसेना ने बयान में बताया कि मृतकों की पहचान के लिए शव अस्पताल भेज दिये गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कई हेलीकॉप्टर कम ऊंचाई पर ‘फोर्मेशन’ में उड़ रहे थे कि तभी एक हेलीकॉप्टर दूसरे विमान के ‘रोटर’ से टकरा गया, जिस वजह से दोनों हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गये। पुलिस के मुताबिक, हेलिकॉप्टर इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए कि उन्हें पहचाना नहीं जा सका।पुलिस ने बताया कि बचावकर्मियों ने शवों को ढूंढने के लिए मलबे में छानबीन भी की। पुलिस ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि दिल और आत्मा को झकझोर देने वाली इस घटना पर पूरे देश ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नौसेना दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच करेगी।नौसेना ने बताया कि समुद्री अभियानों में इस्तेमाल होने वाले हेलीकाप्टर एडब्ल्यू139 में चालक दल के सात सदस्य सवार थे। इस हेलीकॉप्टर को अगस्तावेस्टलैंड ने बनाया था, जो इटली के रक्षा ठेकेदार लियोनार्डो की सहायक कंपनी है। बयान के मुताबिक, दूसरे हेलीकॉप्टर में चालक दल के तीन सदस्य सवार थे और ये एक हल्का फेनेक हेलीकॉप्टर था, जो एयरबस द्वारा निर्मित था। स्थानीय मीडिया की खबर के मुताबिक, एडब्ल्यू 139 नौसैना अड्डे के एक खेल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ जबकि फेनेक पास के एक तरणताल से टकराया। -
इस्लामाबाद. पूर्वी अफगानिस्तान में खेलने के दौरान बच्चों को मिली पुरानी बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से नौ बच्चों की मौत हो गई। तालिबान के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। गजनी में तालिबान के सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक हमीदुल्ला निसार ने बताया कि गजनी सूबे के गेरो जिले के एक गांव में बच्चों को खेलने के दौरान करीब एक दशक पुरानी बारूदी सुरंग मिली थी। उन्होंने बताया कि बारूदी सुरंग में हुए धमाके की चपेट में आने से पांच लड़कों और चार लड़कियों की मौत हो गई जिनकी आयु पांच से 10 साल के बीच थी। अफगानिस्तान कई दशकों से युद्ध का सामना कर रहा है और उन बच्चों के लिए अति खतरनाक क्षेत्र है जो अपने परिवार का गुजारा चलाने के लिए कबाड़ एकत्र करते हैं। पूर्व में भी नहीं फटे गोला-बारूद में धमाके होने से कई बच्चों की जान चुकी है या उनका अंग भंग हुआ है।
-
पेशावर. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बीते 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के कारण कुछ घर गिरने से पांच बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शनिवार को लगातार दूसरे दिन खैबर पख्तूनख्वा के बड़े हिस्से में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। कबायली जिले बजौर में बारिश के कारण एक घर ढह जाने से तीन बच्चों समेत पांच लोग मलबे में दफन हो गए।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने कहा कि शांगला जिले में मूसलाधार बारिश के कारण कमरे की छत गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। बारिश ने खैबर कबायली जिले, पेशावर, नौशेरा और चारसद्दा जिलों में भी फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत उपाय शुरू किए। अधिकारियों ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में, पूरे पाकिस्तान में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 37 लोग मारे गए थे। -
मेक्सिको सिटी. मेक्सिको के दक्षिणी प्रशांत तट के पास एक नौका हादसे में आठ प्रवासियों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतक संभवत: एशिया के थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मेक्सिको के दक्षिणी प्रांत ओक्साका में अभियोजकों ने कहा कि इस हादसे में जीवित बचे एक एशियाई व्यक्ति का पता लगा लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति एशिया के थे। मृतकों के शव प्लाया विसेंटे शहर में एक समुद्र तट के पास मिले। नौका हादसे का कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
-
काठमांडू. नेपाल के चितवन जिले में शनिवार सुबह एक टैक्सी खाई में गिर गई, जिससे दो महिलाओं और एक नाबालिग सहित कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब सात बजे हुई। पुलिस ने बताया कि काठमांडू से गोरखा जिले की ओर जा रही टैक्सी पृथ्वी राजमार्ग के पास इच्छाकामना ग्रामीण नगर पालिका में त्रिशूली नदी में 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। टैक्सी में करीब छह यात्री सवार थे। यात्रियों में शामिल एक 18 वर्षीय युवती कथित तौर पर लापता है।
मृतकों में 71 वर्षीय वृद्धा समेत दो महिलाएं और एक नौ वर्ष का बच्चा भी शामिल। -
कराची. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भारी बारिश के कारण एक मकान की छत गिरने से कम से कम पांच खदान श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मकान स्थानीय कोयला खदान के बाहर मजदूरों के रहने के लिए बनाया गया था। उन्होंने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण कोयला खदान ढह गई और पांच मजदूर मलबे में दब गए जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके मूल क्षेत्रों में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इसी इलाके में भारी बारिश के कारण एक घर ढह जाने से करीब सात लोगों की मौत हो गई।
- मैरीलैंड ।अमेरिका के मैरीलैंड में पुलिस ने कहा है कि बाल्टीमोर में फ्रांसिस स्कॉट की पुल के गिरने के बाद लापता हुए छह लोगों को मृत मान लिया गया है। एक मालवाहक जहाज ने फ्रांसिस स्कॉट की पुल को कल टक्कर मार दी थी, जिससे पुल ध्वस्त होकर नदी में गिर गया। अधिकारियों ने कहा है कि कम तापमान और दुर्घटना के बाद काफी समय बीत जाने के कारण लापता लोगों को मृत मान लिया गया है।यह दुर्घटना उस समय हुई, जब सिंगापुर के ध्वज वाला डेली मालवाहक जहाज बाल्टीमोर के बंदरगाह से श्रीलंका के कोलंबो के लिए रवाना हो रहा था कि अचानक यह नियंत्रण से बाहर हो गया और फ्रांसिस स्कॉट की पुल के एक खंभे से टकरा गया। जहाज के चालक दल के सभी 22 सदस्य भारतीय नागरिक थे। बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो लोगों को बचा लिया था।
-
बाल्टीमोर. अमेरिका के बाल्टीमोर में मंगलवार तड़के (स्थानीय समय) एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक कंटेनर जहाज के टकराने के बाद एक बड़ा पुल टूटकर ढह गया. इस हादसे में कई गाड़ियां नीचे नदी में गिर गई. उधर बचावकर्मियों ने बताया कि पानी में कम से कम सात लोगों की तलाश कर रहे है.
बाल्टीमोर अग्निशमन विभाग के संचार निदेशक केविन कार्टराईट ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, ऐसा प्रतीत होता है कि जहाज फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज के एक सपोर्ट से टकरा गया है, जिससे वह पुल कई जगहों पर टूटकर पानी में गिर गया. इस टक्कर से जहाज में आग लग गई और ऐसा प्रतीत होता है कि वह पानी में डूब गया.
बाल्टीमोर अग्निशमन विभाग के संचार निदेशक केविन कार्टराईट ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, ‘यह एक गंभीर आपात स्थिति है. अभी हमारा ध्यान इन लोगों को बचाने और ठीक करने की कोशिश पर है.’ उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ सामान पुल से लटक रहा है.
कार्टराईट ने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रियाकर्ता कम से कम सात लोगों की तलाश कर रहे है, जिनके बारे में माना जाता है कि वे पानी में गिर गए. उन्होंने कहा कि एजेंसियों को देर रात करीब डेढ़ बजे (स्थानीय समय) 911 पर कॉल प्राप्त हुईं, जिसमें बताया गया कि बाल्टीमोर से जा रहा एक जहाज पुल पर एक पिलर से टकरा गया है. उस समय पुल पर कई वाहन थे, जिनमें से एक ट्रैलर ट्रक भी था.
पटाप्सको नदी पर इस पुल को 1977 में खोला गया था. यह इस शहर के काफी अहम था, जो बाल्टीमोर पोर्ट के साथ पूर्वी तट पर शिपिंग का केंद्र है. इसका नाम ‘द स्टार-स्पैंगल्ड बैनर’ के लेखक के नाम पर रखा गया है. -
काठमांडू. नेपाल की राजधानी काठमांडू और अन्य पहाड़ी जिलों में रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच रंगों का त्योहार होली मनाया गया। हालांकि, देश के दक्षिणी मैदानी इलाके तराई में यह त्योहार सोमवार को मनाया जाएगा। राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने इस अवसर पर अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि होली से "समाज में आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा तथा राष्ट्रीय एकता और मजबूत होगी।” देश-विदेश में सभी नेपालियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए, राष्ट्रपति पौडेल ने होली को "अन्याय पर न्याय की जीत और बुराई पर सदाचार की जीत" का उत्सव बताया। नेपाल पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए काठमांडू घाटी और उसके आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटी में लगभग 5,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया। त्योहार के दौरान संभावित यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने के लिए बल ने लगभग 100 स्थानों पर वाहनों की जांच भी शुरू कर दी। स्थानीय प्रशासन ने बिना सहमति के लोगों पर रंग छिड़कने या पानी फेंकने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। काठमांडू घाटी यातायात पुलिस कार्यालय ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कम से कम 250 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है।
-
थिम्पू। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भूटान के उनके समकक्ष शेरिंग टोबगे ने यहां भारत के सहयोग से निर्मित एक आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया। ‘ज्ञाल्त्सुएन जेत्सुन पेमा वांगचुक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल' 150 बिस्तर वाला आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल है जिसे थिम्पू में भारत सरकार के सहयोग से बनाया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्वास्थ्य देखभाल में साझेदारी को बढ़ावा मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ थिम्पू में ज्ञाल्त्सुएन जेत्सुन पेमा मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से संपन्न यह अस्पताल भारत-भूटान विकास सहयोग का चमकता उदाहरण है।''
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भारत ने दो चरणों में अस्पताल के विकास में सहयोग दिया है। पहले चरण में 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण हुआ और यह 2019 से संचालनात्मक है। दूसरे चरण का निर्माण 12वीं पंचवर्षीय योजना के तहत 119 करोड़ रुपये की लागत से 2019 में शुरू किया गया तथा हाल में निर्माण कार्य पूरा हुआ। इसमें कहा गया है कि इस नवनिर्मित अस्पताल से भूटान में माता व बाल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी। इस नए अस्पताल में बाल चिकित्सा, स्त्री रोग और प्रसूति विज्ञान, एनेस्थिसियोलॉजी, ऑपरेशन थियेटर, नवजात गहन देखभाल और बाल चिकित्सा गहन देखभाल के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भूटान नरेश ने शुक्रवार को यहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो' से सम्मानित किया। यह सम्मान पाने वाले वह पहले विदेशी शासनाध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार रात ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘मैं बड़ी विनम्रता के साथ ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो' सम्मान स्वीकार करता हूं। मैं यह सम्मान देने के लिए महामहिम भूटान नरेश का आभार व्यक्त करता हूं। मैं इस सम्मान को भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करता हूं। मुझे विश्वास है कि भारत-भूटान के संबंध बढ़ते रहेंगे और हमारे नागरिकों को फायदा पहुंचाएंगे।'' भारत और भूटान के बीच राजनयिक संबंध 1968 में स्थापित हुए थे। भारत-भूटान संबंधों की मूल रूपरेखा 1949 में दोनों देशों के बीच हुई मित्रता एवं सहयोग संधि रही है जिसमें फरवरी 2007 में संशोधन किया गया था। -
न्यूयॉर्क. बुधवार को जारी वैश्विक प्रसन्नता सूचकांक में भारत 143 देशों में से 126वें स्थान पर था। इसमें कहा गया कि दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में अधिक उम्र उच्च जीवन संतुष्टि से जुड़ी है। विश्व प्रसन्नता रिपोर्ट 2024 में शीर्ष पर रहते हुए फिनलैंड दुनिया का सबसे खुशहाल देश बनकर उभरा है, यह लगातार सातवां वर्ष है जब देश ने सूची में शीर्ष स्थान पर कब्जा किया है। शीर्ष 10 देशों में डेनमार्क, आइसलैंड, स्वीडन, इजराइल, नीदरलैंड, नॉर्वे, लक्जमबर्ग, स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रेलिया हैं। संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय प्रसन्नता दिवस के अवसर पर बुधवार को घोषित निष्कर्षों के अनुसार, लीबिया, इराक, फलस्तीन और नाइजर जैसे देशों के बाद भारत सूची में 126वें स्थान पर है। ‘वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट' गैलप, ऑक्सफोर्ड वेलबीइंग रिसर्च सेंटर, यूएन सस्टेनेबल डेवलपमेंट सॉल्यूशंस नेटवर्क और डब्ल्यूएचआर के संपादकीय बोर्ड की साझेदारी है। भारत में युवा “सबसे अधिक खुश” हैं जबकि “निम्न मध्यमवर्गीय” लोग सबसे कम खुश हैं।
वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट पहली बार 2012 में प्रकाशित हुई थी और तबसे यह पहला मौका है जब अमेरिका (23वें स्थान पर) शीर्ष 20 से बाहर हो गया है। यह 30 साल से कम उम्र के अमेरिकी लोगों की भलाई में बड़ी गिरावट के कारण हुआ है। अफगानिस्तान दुनिया के ‘सबसे नाखुश' देश के रूप में समग्र रैंकिंग में सबसे नीचे बना हुआ है। सूची में पाकिस्तान 108वें स्थान पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में अधिक उम्र उच्च जीवन संतुष्टि से जुड़ी है, “उन दावों के विपरीत कि उम्र और जीवन संतुष्टि के बीच सकारात्मक संबंध केवल उच्च आय वाले देशों में मौजूद है।” इसमें कहा गया कि औसतन, भारत में वृद्ध पुरुष वृद्ध महिलाओं की तुलना में जीवन से अधिक संतुष्ट हैं, लेकिन अन्य सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए, वृद्ध महिलाएं अपने पुरुष समकक्षों की तुलना में अधिक जीवन संतुष्टि दर्शाती हैं। भारत में, माध्यमिक या उच्च शिक्षा प्राप्त वृद्ध वयस्क और उच्च सामाजिक जातियों के लोग औपचारिक शिक्षा के बिना समकक्षों और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों की तुलना में उच्च जीवन संतुष्टि की जानकारी देते हैं। रिपोर्ट में कहा गया, “भारत की वृद्ध आबादी दुनिया भर में दूसरी सबसे बड़ी है, जिसमें 60 और उससे अधिक उम्र के 14 करोड़ भारतीय हैं, जो 25 करोड़ चीनी समकक्षों के बाद दूसरे स्थान पर है। इसके अतिरिक्त, 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के भारतीयों की औसत वृद्धि दर देश की समग्र जनसंख्या वृद्धि दर से तीन गुना अधिक है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि रहने की व्यवस्था से संतुष्टि, कथित भेदभाव और स्व-निर्धारित स्वास्थ्य इस अध्ययन में भारत के लिए जीवन संतुष्टि के शीर्ष तीन भविष्य की स्थिति बताने वाले आधार के रूप में उभर कर सामने आए हैं। इसमें कहा गया, “हमने पाया कि वृद्ध पुरुष, जो उच्च आयु वर्ग में हैं, वर्तमान में विवाहित हैं, और जो शिक्षित थे, अपने साथियों की तुलना में उच्च जीवन संतुष्टि दर्शाते हैं। रहने की व्यवस्था के साथ कम संतुष्टि, कथित भेदभाव और खराब स्व-रेटेड स्वास्थ्य वृद्ध भारतीयों के बीच कम जीवन संतुष्टि से जुड़े महत्वपूर्ण कारक थे।”
-
व्लादिमीर पुतिन लगातार पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत गए हैं। लगभग 88 प्रतिशत वोटों के साथ चुनाव जीतकर पुतिन पांचवा कार्यकाल संभालेंगे। 71 साल के पुतिन 1999 से एक बार भी चुनाव नहीं हारे। व्लादिमीर पुतिन दुनिया के सबसे अमीर राजनेताओं की लिस्ट में शामिल हैं। पुतिन बहुत ही लग्जरी लाइफस्टाइल के मालिक हैं। उनकी जीवनशैली और निजी संपत्ति किसी को भी हैरान कर दे। हालांकि पुतिन दावा करते हैं कि रूस के राष्ट्रपति के रूप में उन्हें केवल 1,16,07,722 रुपये (1,40,000 डॉलर) का सालाना वेतन मिलता है। आइए जानते हैं व्लादिमीर पुतिन की कुल संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल के बारे में।
व्लादिमीर पुतिन की हवेली
एक रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति पुतिन की निजी संपत्ति 200 अरब डॉलर है। उनकी निजी संपत्ति में काला सागर की एक चर्चित हवेली भी शामिल है। इस शानदार हवेली को 'पुतिन का कंट्री कॉटेज' के नाम से भी जाना जाता है।
बताया जाता है कि उनकी हवेली में ग्रीक देवताओं की मूर्तियों से सजा हुआ एक संगमरमर का स्विमिंग पूल, एक एम्फीथिएटर, अत्याधुनिक आइस हॉकी रिंक, वेगास शैली का कसीनो और एक नाइट क्लब भी है। हवेली के इंटीरियर में 5,00,000 डॉलर का डाइनिंग रूम फर्नीचर; 54,000 डॉलर का एक बार टेबल; 850 डॉलर की कीमत वाला टॉयलेट ब्रश और 1,250 डॉलर कीमत वाले टॉयलेट पेपर होल्डर से सजा हुआ वॉशरूम शामिल है।
पुतिन के पास विमान और हेलीकॉप्टर
एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि पुतिन के पास 19 अन्य घर हैं। इसके अलावा उनके कलेक्शन में 700 कारें, 58 विमान और हेलीकॉप्टर है। राष्ट्रपति के पास 716 मिलियन डॉलर के विमान हैं, जिन्हें 'द फ्लाइंग क्रेमलिन' नाम दिया गया है।
लग्जरी घड़ियों का शौक
इसके अलावा व्लादिमीर पुतिन के पास लग्जरी घड़ियों का संग्रह भी है। 60000 डॉलर से लेकर 5,00,000 डॉलर के मूल्य की घड़ियां उनके कलेक्शन का हिस्सा हैं। इतना ही नहीं पुतिन के पास शहेराजादे नाम की नौका है, जिसकी कीमत 70 करोड़ (700 मिलियन डॉलर) है।
लग्जरी लाइफस्टाइल
आलीशान और भव्य जीवन शैली को बनाए रखने के लिए पुतिन के पास चालीस कर्मचारी हैं, जिन पर वह बीस लाख डॉलर सालाना खर्च करते हैं। पुतिन को विमान उड़ाना, पनडूब्बी तैराना भी आता है। उनके लग्जरी घर मास्को, फिनलैंड समेत कई अन्य जगहों पर हैं। -
अबुजा. दक्षिणी नाइजीरिया में दो समुदायों के बीच झड़प के दौरान स्थिति संभालने पहुंचे चार अधिकारियों सहित कम से कम 16 सैनिकों की मौत हो गई। रक्षा अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। रक्षा मुख्यालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तुकुर गुसाउ ने एक बयान में बताया कि यह हमला बृहस्पतिवार को बोमाडी परिषद क्षेत्र में उस समय हुआ जब शांति बनाए रखने के लिए तैनात सैनिकों को ‘‘समुदाय के कुछ युवाओं ने घेर लिया और मार डाला।'' गुसाउ ने बताया कि इस हमले में कमांडिंग ऑफिसर, दो मेजर, एक कैप्टन और 12 सैनिकों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इसकी जांच सेना कर रही है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि यह झड़प ओकुआमा और ओकोलोबा समुदायों के बीच लंबे समय से जारी भूमि विवाद के कारण हुई। इस विवाद के कारण एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया था और सैनिकों ने उसे छुड़ाने के लिए बातचीत करने की असफल कोशिश की थी।
-
फेयरलेस हिल्स . अमेरिका के फिलाडेल्फिया के उपनगर में शनिवार तड़के हुई गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के कारण ‘सेंट पैट्रिक्स डे' परेड रद्द करनी पड़ी और बच्चों का ‘थीम पार्क' बंद करना पड़ा। ‘मिडलटाउन टाउनशिप' पुलिस ने बताया कि ईस्टर्न पेंसिल्वेनिया की फॉल्स टाउनशिप में ‘‘गोलीबारी की घटना की पुष्टि'' हुई है और इस घटना में ‘‘कई लोग हताहत'' हुए हैं। बक्स काउंटी के प्राधिकारियों ने क्षेत्र के निवासियों को अपने घरों में रहने और दरवाजे बंद रखने की चेतावनी दी है। एक स्थानीय निर्वाचित अधिकारी ने गोलीबारी की इस घटना को ‘‘घरेलू'' बताया। ‘फॉल्स टाउनशिप बोर्ड ऑफ सुपरवाइजर' के अध्यक्ष जेफरी डेंस ने कहा कि हमलावर टाउनशिप में दो स्थानों पर गया और उसने कई लोगों को गोली मारी, जिनमें से तीन की मौत हो गई। मिडलटाउन टाउनशिप पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय संदिग्ध की पहचान कर ली गई है।


.jpg)


.jpg)


.jpg)

.jpg)
.jpeg)














.jpeg)
