ब्रेकिंग न्यूज़

ब्याज दरों में बढ़ोतरी के चक्र से उपभोग ऋण मांग पर असर संभव : शेट्टी

मुंबई. भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने सोमवार को कहा कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी के चक्र से उपभोग या विवेकाधीन खंड से ऋण मांग प्रभावित हो सकती है, लेकिन प्रणाली के स्तर पर खुदरा परिसंपत्ति की गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका नहीं है। बैंकिंग उद्योग के संगठन आईबीए के चेयरमैन शेट्टी ने यहां 'बिजनेस स्टैंडर्ड बीएफएसआई इनसाइट समिट' में कहा कि एसबीआई को आरबीआई की दिसंबर की मौद्रिक समीक्षा में एक और आधा प्रतिशत की दर वृद्धि और फरवरी, 2027 की बैठक में यथास्थिति की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ''यदि नीतिगत दरों में कुछ बढ़ोतरी होती है, तो विवेकाधीन उपभोग मांग और उपभोग ऋण प्रभावित होंगे।''
चालू वित्त वर्ष में अपेक्षित मजबूत 7.1 प्रतिशत की वृद्धि की ओर इशारा करते हुए, शेट्टी ने कहा कि उत्पादक क्षेत्रों से मांग प्रभावित होने की संभावना नहीं है। इस महीने की शुरुआत में, आरबीआई ने मुद्रास्फीति के जोखिमों के कारण तीन साल से अधिक समय में पहली बार दरों में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि की थी। केंद्रीय बैंक ने अपने नीतिगत रुख को भी तटस्थ से बदलकर नपा-तुला सख्त कर दिया है। शेट्टी ने कहा कि प्रणाली स्तर पर खुदरा ऋण गुणवत्ता को लेकर चिंता का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा, ''व्यापक रूप से प्रणाली स्तर पर मुझे नहीं लगता कि हमें वास्तव में खुदरा मोर्चे पर परिसंपत्ति की गुणवत्ता के बारे में चिंता करनी चाहिए।'' उन्होंने हालांकि स्वीकार किया कि कुछ अत्यधिक कर्ज वाले उधारकर्ताओं के लिए ब्याज दरों में 0.75 प्रतिशत की वृद्धि का सामना करना कठिन हो सकता है। शेट्टी ने यूपीआई लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाने के प्रस्ताव का स्वागत किया, और कहा कि इससे बैंकों द्वारा बुनियादी ढांचे और जोखिम प्रबंधन में निवेश को समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आईबीए यह सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के साथ काम कर रहा है कि यूपीआई पर एमडीआर के कारण ग्राहक को अधिक भुगतान करने के लिए मजबूर न होना पड़े। शेट्टी ने कहा कि बैंक अपने लोकप्रिय योनो मोबाइल एप्लिकेशन के एक नए संस्करण पर काम कर रहा है, जिसके जरिये 53 करोड़ के अपने कुल जमाकर्ता आधार में 17 करोड़ से अधिक जन धन खाताधारकों को लक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 'योनो भारत' नाम से नया संस्करण एक साल में उपलब्ध होगा, और इससे योनो मंच का कुल उपयोगकर्ता आधार मौजूदा 11 करोड़ से बढ़कर 2030 तक 30 करोड़ होने की उम्मीद है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english