तालपुरी की महिलाओं ने निभाईं मातृशक्ति की विविध भूमिकाएं
महिला दिवस और होली मिलन समारोह आयोजित
-टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी महिला समिति के तत्वावधान में रविवार को क्लब हाउस में विश्व महिला दिवस और होली मिलन समारोह का रंगारंग आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा हाउजी का भरपूर लुत्फ लिया। सबसे खास आकर्षण लघु नाटिका थी, जिसमें महिलाओं ने मातृ शक्ति के विविध रूपों को भाव-भंगिमाओं के जरिये खूबसूरती से अभिनीत किया। इसकी सूत्रधार मनोरमा सिंह थी तथा आशा जानी ने नेपथ्य से आवाज देकर इसे जीवंत बनाया। वहीं होली गाने की धुन पर महिलाओं ने नृत्य के माध्यम से जमकर धमाल मचाया।
मातृ शक्ति के विविध रूप प्रदर्शित
लघु नाटिका में माला यादव ने नन्हें शिशुओं की भाग्य विधात्री माता, सरला श्रीवास्तव ने माता लक्ष्मी, रेखा मालवीय ने देवी पार्वती, सुशीला सूर्यवंशी ने देवी सरस्वती, कृतिका साव ने माता अनुसूया, भावना राव ने माता शबरी, ममता शुक्ला ने मां गंगा तथा सरोज तिवारी ने आधुनिकता, कैरियर और परिवार के बीच बेहतरीन तालमेल बिठाने वाली आज की नारी की भूमिका निभाई। नाटिका के अंत में सभी देवियों ने मिलकर आधुनिक माता को आशीर्वाद दिया। इनके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाली महिलाओं में नीतू साहू, अनीता सिंह, ममता वर्मा, विजया राव तथा लीना जांगड़े भी शामिल हैं।
राष्ट्र निर्माण में नारी की अहम भूमिका
इससे पहले समिति की आध्यक्ष एवं अधिवक्ता रेखा सिंह और पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह की विधिवत शुरुआत की। रेखा सिंह ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि नारी शब्द मात्र नहीं है, वह शक्ति, सम्मान, त्याग और प्रेम की प्रतिमूर्ति है। यदि आप अपने बच्चों का लालन-पालन, तालीम-तीमारदारी बेहतरीन ढंग से कर रही हैं, तो इसका अर्थ है आप राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं। इस समिति का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, विचार और संस्कार व्यक्त कर सकें। इस मौके पर अध्यक्ष रेखा सिंह, उपाध्यक्ष महिमा धोबले, कोषाध्यक्ष धनेश्वरी शर्मा एवं कार्यकारिणी सदस्य श्यामली मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।












Leave A Comment