शाह ने मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए असम के मुख्यमंत्री, पुलिस की सराहना की
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ निरंतर कार्रवाई करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और राज्य पुलिस को बृहस्पतिवार को बधाई दी। शाह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मादक पदार्थ नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार! असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा जी और असम पुलिस को इस निरंतर कार्रवाई के लिए बधाई, जिसके परिणामस्वरूप 945 गिरफ्तारियां, 547 मामले और 182 करोड़ रू से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों की जब्ती हुई है, साथ ही 703 'हॉटस्पॉट्स' के खिलाफ कार्रवाई और लगभग 31 करोड़ रू मूल्य की संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया जारी है।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'नशा मुक्त भारत' के दृष्टिकोण के तहत मादक पदार्थ नियंत्रण संबंधी दृष्टि-पत्र 2026-29 में मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, उनके वित्तीय आधार पर प्रहार करने और युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने संबंधी सरकार के संकल्प को दोहराया गया है। शाह ने कहा, ''मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई अटूट संकल्प के साथ जारी रहेगी।''









.jpg)
Leave A Comment