संयुक्त संचालक ने ली विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों की बैठक
महासमुंद / संभागीय संयुक्त संचालक रायपुर श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुशासन तिहार की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा मौजूद थे।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक रायपुर श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी का प्रमुख उद्देश्य बच्चों की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों में कक्षा एवं विषयानुसार दक्षता विकसित की जाए तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में अध्ययन-अध्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने डीप अकाउंट एवं इनएक्टिव अकाउंट को 30 अप्रैल तक पूर्ण रूप से क्लियर करने के निर्देश दिए। अपार आईडी में प्रगति लाने हेतु जिन विद्यार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है, उनके पालकों को प्रेरित कर शीघ्र आधार कार्ड बनवाने तथा स्कूल में प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आधार में आवश्यक सुधार एवं एमबीयू कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में आई गोट कर्मयोगी पोर्टल पर सभी शिक्षा विभाग के कर्मचारी की ऑनबोर्डिंग एवं कोर्स पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सेवा पुस्तिका, पासबुक एवं कार्यालयीन अभिलेख अद्यतन रखने हेतु निर्देशित किया गया।
विद्यालयों में अनिवार्य पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र मांग पत्र प्रस्तुत करने, तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश हेतु सटीक संख्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सत्र प्रारंभ होने से पूर्व ही सामग्री विद्यालयों तक पहुंचाई जा सके।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र हेतु विशेष अभियान चलाकर पालकों को जागरूक करने, तथा cgschool.in पोर्टल में मूलभूत जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
अशासकीय विद्यालयों के संबंध में निर्देशित किया गया कि संबंधित बोर्ड की मान्यता अनुसार ही पुस्तकें संचालित की जाएं। यदि विद्यालय CBSE से संबद्ध है तो NCERT की पुस्तकें तथा छत्तीसगढ़ बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम की पुस्तकें ही लागू हों। साथ ही शुल्क वृद्धि शुल्क विनियमन अधिनियम 2020 के तहत समिति की अनुशंसा के पश्चात ही की जाए।
इस संबंध में जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के नोडल प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे दिनांक 27 अप्रैल (सोमवार) को संस्था प्रमुखों की बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में डीपीओ श्री प्रमोद कन्नौजे सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसीसी उपस्थित रहे।











Leave A Comment