दंतेवाड़ा जिले के 14 ग्राम पंचायतों में 1 जून को होगा मतदान
-शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए शस्त्र जमा करने के आदेश जारी
दंतेवाड़ा, । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के निर्देशानुसार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। आयोग द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के रिक्त पदों हेतु उप निर्वाचन कराया जाएगा। मतदान 01 जून 2026, सोमवार को संपन्न होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद पंचायत दंतेवाड़ा के ग्राम पंचायत फूलनार, केशापुर एवं मेटापाल-1, जनपद पंचायत गीदम के तुमरीगुण्डा, चेरपाल, झोडियाबाडम एवं सियानार, जनपद पंचायत कटेकल्याण के टेटम एवं मारजूम तथा जनपद पंचायत कुआकोंडा के अरनपुर, मदाड़ी, कडमपाल, जबेली एवं पालनार ग्राम पंचायतों में उप निर्वाचन कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया 11 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।
जिला प्रशासन ने बताया कि निर्वाचन कार्यवाही को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संबंधित पंचायत क्षेत्रों के शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को आदेश जारी किए गए हैं। आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17 (2) एवं 17 (4) के तहत जारी आदेशानुसार सभी लाइसेंसधारियों को आदेश जारी होने के 48 घंटे के भीतर अपने शस्त्र एवं अनुज्ञप्ति संबंधित थाने में जमा करना होगा। हालांकि ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों, बैंक सुरक्षा गार्डों एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों, जिनके लिए पदीय दायित्वों के निर्वहन हेतु शस्त्र रखना आवश्यक है, उन्हें इस आदेश से मुक्त रखा गया है।

.jpg)











Leave A Comment