ब्रेकिंग न्यूज़

  दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के निर्देश-  केदार कश्यप

 रायपुर । जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथाओं से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से दंतेवाड़ा जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
 वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, जिससे नई पीढ़ी तक वीरों की गाथाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने देश की आजादी और संस्कृति की रक्षा के लिए हुए संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 नवंबर 1913 को राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित मानगढ़ पहाड़ी पर संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए भील जनजातीय आंदोलन के दौरान ब्रिटिश सेना ने एकत्रित आदिवासियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसे मानगढ़ नरसंहार या आदिवासी जलियांवाला बाग कहा जाता है। इस घटना में लगभग 1,500 जनजातीय लोगों (महिलाओं, पुरुषों और बच्चों) के शहीद होने का उल्लेख मिलता है। साथ ही कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि भोपाल रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखा जाना ऐतिहासिक विरासत का सम्मान है।
 जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण को लेकर श्री कश्यप ने निम्नलिखित निर्देश दिए। जनजातीय गौरव वाटिका दंतेवाड़ा में विकसित करने के लिए वन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने की व्यवस्था करने को कहा गया। उन्होंने पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण और बेहतर आयोजन के लिए कलेक्टर को विस्तृत रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए गए। समारोह में विधायक श्री चौतराम अटामी ने जनजातीय लोककला और परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया, वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य महानायकों के योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और उपलब्धि हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
 इस अवसर पर जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी दी। समारोह में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english