सेवा सेतु शिविर में ओमप्रकाश को त्वरित रूप से मिला श्रमिक परिचय पत्र
0- श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ मिलने की खुली राह
बालोद. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ की परिकल्पना जिले में पूरी तरह साकार हो रही है। शासन की मंशानुरूप आम नागरिकों और श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु गांव-गांव में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ हितग्राहियों तक पहुँच रहा है। इसी कड़ी में बालोद विकासखंड के क्लस्टर स्तरीय शिविर ग्राम लिमोरा में अरौद के निवासी श्री ओमप्रकाश की समस्याओं का मौके पर निराकरण कर उन्हें श्रम विभाग की महत्वपूर्ण योजना से लाभान्वित किया गया।
शिविर में हाथों-हाथ मिला असंगठित कर्मकार परिचय पत्र
बलोद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम अरौद निवासी श्री ओमप्रकाश ने बताया कि वे लंबे समय से असंगठित कर्मकार के रूप में कार्य कर रहे हैं। आज आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्होंने श्रम विभाग के स्टॉल पर जाकर अपना पंजीयन कराया, जहाँ विभागीय अमले द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल ‘छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल’ का आधिकारिक परिचय पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन के खुद द्वार पर आने से बिना किसी भागदौड़ के गांव के पास ही उन्हें यह कार्ड प्राप्त हो गया।
श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
हितग्राही ओमप्रकाश ने कहा कि यह परिचय पत्र मिलने से अब उन्हें और उनके परिवार को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा। उन्होंने सेवा सेतु शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एक ही परिसर में सभी शासकीय विभागों के स्टॉल होने से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की न केवल जानकारी मिल रही है, बल्कि मौके पर ही लाभ लेने का सुगम अवसर भी मिल रहा है।
श्री ओमप्रकाश ने आम जनता और श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता देने तथा ‘सरकार आपके द्वार’ की सोच के साथ योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की यह संवेदनशील पहल दूरदराज के ग्रामीणों और मेहनतकश श्रमिकों के जीवन में नया विश्वास और संबल लेकर आई है।















Leave A Comment