ब्रेकिंग न्यूज़

नेहरू नगर सियान सदन बनेगा सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम, पीवीआर जैसी मिलेंगी सुविधाएं

 पार्किंग में पेवर ब्लॉक भी लगेंगे, अगस्त तक ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने का लक्ष्य

टी सहदेव
भिलाई नगर। नेहरू नगर स्थित सियान सदन का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। इसे अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम का स्वरूप देने के साथ यहां पीवीआर जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सदन के पार्किंग स्थल पर पेवर ब्लॉक भी लगाए जाएंगे। यह घोषणा विधायक रिकेश सेन ने ज्येष्ठ नागरिक मंच के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में की। विधायक सेन ने कहा कि सियान सदन के प्रथम चरण के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की राशि उनके पास रखी हुई है। नगर निगम चुनाव के कारण निर्माण कार्य शुरू होने में कुछ समय लगेगा। चुनाव के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी और अगले वर्ष मार्च-अप्रैल तक निर्माण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। उन्होंने वरिष्ठजनों को भरोसा दिलाया कि अगस्त माह तक ऑडिटोरियम का फीता काटने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे पहले ज्येष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने पदाधिकारियों के साथ विधायक के समक्ष सदन के प्रांगण में एंटी-स्किड चेकर टाइल्स लगाने तथा पार्किंग स्थल पर पेवर ब्लॉक लगाने की मांग रखी थी। विधायक ने इन मांगों को स्वीकार करते हुए एक कदम आगे बढ़कर सियान सदन को सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम में सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाओं के साथ वरिष्ठजनों को पीवीआर जैसा शानदार अनुभव मिलेगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा सकेगा।
*लोहा व स्क्रैप चोरी के प्रामाणिक दस्तावेज* 
कार्यक्रम में विधायक ने भिलाई स्टील प्लांट के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट एशिया के सबसे बड़े संयंत्रों में से एक है और यहां निर्मित रेल पटरियों पर पूरा भारत दौड़ता है। इसी प्लांट के कारण भिलाई की देश में अलग पहचान बनी है। उन्होंने लोहा और स्क्रैप चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल सड़क, नाली और सियान सदन जैसे विकास कार्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा की चिंता करना भी उनका दायित्व है। रिकेश सेन ने दावा किया कि पिछले 40 वर्षों में भिलाई स्टील प्लांट को करीब 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष प्रामाणिक दस्तावेजों के साथ स्क्रैप चोरी के पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग रखी गई, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
*75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजन सम्मानित* 
कार्यक्रम के दौरान 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठजनों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में अवनी भूषण पूरंग, दिलीपकुमार राय, डॉ केके मिश्रा, गिरीश बंसल, गोपाल प्रसाद गुप्ता, हरिकिरण अग्रवाल, कुलभूषण गोसैन, कुलदीप कुमार झा, ललित कुमार साबू, मुकुंद राव, नरेंद्र कुमार टौंक, आरबी रघुवंशी, आरपी मिश्रा, आरपी सिंह, एसएन मुखर्जी, शत्रुघ्न कोडवाणी, डॉ अंजना श्रीवास्तव, सविता व्यास, तृप्ता नारंग, मालती मेहता, मंजू अग्रवाल, शशिकांत भारद्वाज, विजय छाबरिया और विनोद कुमार अरोरा शामिल रहे। कार्यक्रम में बीएसपी के पूर्व प्रबंध निदेशक वीके अरोरा एवं पूर्व उप महाप्रबंधक शिवशंकर साह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सचिव हेमंत कुमार चौहान, विजय क्षीरसागर, एस चंद्रा, डीके राय, प्रवीण गुप्ता, आरआर बाजपेई, आरआर गर्ग, सुनील कुमार सोनी, यतींद्र वारशनेय, आरसी सिंह, एसएन मोदी, ललित पंड्या, एनजी श्रीवास्तव, दीपशिखा प्रसाद, नीना गुप्ता, माधुरी केलकर, सुतापा देबनाथ समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठजन एवं सदस्य मौजूद थे।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english