सेवा संकल्प से संवरती सेहत : धमतरी के कुकरेल में मेगा स्वास्थ्य शिविर
-1,500 से अधिक ग्रामीणों ने लिया लाभ
रायपुर। ग्रामीण अंचल में अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक बड़ी पहल की गई है। जिले के कुकरेल में जिला प्रशासन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल विशेष स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस मेगा कैंप में आसपास की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे 1,500 से अधिक ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श व उपचार सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आने वाली भावी पीढ़ी के पोषण स्तर में सुधार को केंद्र में रखा गया। आसपास के 6 से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा गहन स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने बच्चों और उपस्थित शिक्षकों को संतुलित आहार, पौष्टिक खान-पान के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक टिप्स दिए। शिक्षकों ने भी बच्चों के परीक्षण और सह-गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
जिला कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज की नींव हर नागरिक तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पर टिकी होती है। प्रशासन की प्राथमिकता जनसहभागिता और रोटरी क्लब जैसी सामाजिक संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों में समय पर नि:शुल्क जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद इलाज से वंचित न रहे। शिविर के सफल आयोजन में रोटरी क्लब के प्रतिनिधि श्री सत्येंद्र शर्मा, क्लब के वरिष्ठ सदस्य, चिकित्सा विशेषज्ञ, क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। विभिन्न वर्गों की इस एकजुटता ने सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जन-सहयोग की एक प्रेरक मिसाल पेश की है।













Leave A Comment