निगम के सुध लेने से तालपुरीवासियों को एसटीपी की बदबू से मिलेगी निजात
-सीवरेज को बीएसपी के मौजूदा पंपिंग स्टेशन तक पहुंचाने 2.40 करोड़ की आएगी लागत
टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी में सीवरेज निकासी की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिक निगम रिसाली ने अब जाकर सुध ली है। क्षेत्र के सीवरेज को बीएसपी के मौजूदा पंपिंग स्टेशन तक पहुंचाने के लिए पंपिंग व्यवस्था विकसित करने का कार्यादेश जारी किया गया है। इस कार्य पर करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम ने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित छह माह की अवधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसकी निविदा को महापौर परिषद की बैठक में पिछले माह 24 तारीख को स्वीकृति प्रदान की गई थी।
नगर पालिक निगम रिसाली कार्यालय से जारी कार्यादेश के अनुसार, तालपुरी क्षेत्र के सीवरेज को बीएसपी के मौजूदा पंपिंग स्टेशन तक पंपिंग से पहुंचाने के लिए मेसर्स गोपाल कंस्ट्रक्शन, देवेंद्र नगर सेक्टर-5, रायपुर को कार्य सौंपा गया है। यह कार्य 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराया जाएगा। कार्यादेश में परियोजना की निविदा राशि 185.87 लाख रुपये दर्ज है। वहीं, स्वीकृत दर एसओआर से 29 प्रतिशत अधिक एवं आइटम दर के आधार पर अनुबंध राशि 2 करोड़ 40 लाख 41हजार रुपये निर्धारित की गई है। निगम ने कार्य की समय-सीमा छह माह तय की है।
कार्यादेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित ठेकेदार को सहायक अभियंता के निर्देशानुसार निर्धारित समयावधि में काम पूरा करना होगा। साथ ही, कार्य प्रारंभ होने से पहले और कार्य समाप्त होने के बाद की स्थिति के फोटोग्राफ प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा। तालपुरी क्षेत्र में सीवरेज प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित यह कार्य पूरा होने के बाद सीवरेज की निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसका वास्तविक लाभ कार्य की गुणवत्ता, समय पर पूर्णता और पंपिंग व्यवस्था के प्रभावी संचालन पर निर्भर करेगा। नगर निगम द्वारा जारी कार्यादेश की प्रतिलिपि महापौर, आयुक्त, सभापति सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को भेजी गई है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि निर्धारित छह माह में परियोजना कितनी तेजी से पूरी होती है और क्षेत्रवासियों को सीवरेज संबंधी समस्याओं से कितनी राहत मिलती है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में इस समस्या के स्थायी समाधान नहीं होने की सूरत में तालपुरीवासियों ने आगामी नगर निगम चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। इस खबर को सुर्खियों में प्रकाशित किया गया था। इस संबंध में तालपुरीवासियों ने नगर निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों से कई बार शिकायत की थी। इतना ही नहीं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और केंद्र सरकार के शिकायत पोर्टल सीपीजीआरएएमएस पर भी मामला उठाया गया था, लेकिन स्थायी समाधान न होने से लोगों की सहनशीलता जवाब देने लग गई थी। इसके अलावा तालपुरीवासियों ने एसटीपी के विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी छेड़ दिया था। लेकिन, अब नगर निगम के सुध लेने से तालपुरीवासियों ने राहत की सांस ली है।












.jpg)
Leave A Comment