ब्रेकिंग न्यूज़

 सुकमा में साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान में हल्की बारिश और बादलों के आसार

-किसानों को मौसम के अनुसार बनाएं कृषि रणनीति बनाने की सलाह
 सुकमा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, जगदलपुर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, सुकमा जिले में 20 से 24 अक्टूबर 2026 के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा 20 व 21 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की वर्षा (5 मिमी तक) होने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। साथ ही 4 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने का अनुमान है।
  आगामी दिनों में हल्की वर्षा के साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। ऐसे में किसान भाइयों को विशेष परामर्श दिया गया है कि वे बारिश के दौरान फसलों पर किसी भी प्रकार के कीटनाशक या नींदानाशक (खरपतवारनाशक) रसायनों का छिड़काव बिल्कुल न करें। पकी हुई उड़द, कुल्थी, मूंगफली और लघु धान्य फसलों की शीघ्र कटाई व खुदाई कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भंडारित करें।
 धान की फसल में बाली निकलने और दाना भरते समय पानी की कमी न होने दें। धान में हरा माहु, तना छेदक व पैनिकल माइट जैसे कीट-रोगों की सतत निगरानी रखें और लक्षण दिखते ही अनुशंसित दवाओं का छिड़काव करें। मक्का की फसल में मिट्टी चढ़ाने व निराई-गुड़ाई का कार्य करें, साथ ही दूधिया अवस्था में सिंचाई अवश्य सुनिश्चित करें। अरहर की फसल में शाखा निकलने की क्रांतिक अवस्था पर संतुलित उर्वरक दें और आवश्यकतानुसार सिंचाई करें।
  सब्जी उत्पादक किसान टमाटर, बैंगन, मिर्च एवं गोभीवर्गीय सब्जियों की नर्सरी समय पर तैयार करें और आम के बागों की जुताई कर मिली बग पर नियंत्रण रखें। पशुपालक अपने मवेशियों को थनैला रोग से बचाने हेतु दूध निकालने से पहले व बाद में अयन और थनों को पोटेशियम परमैंगनेट के घोल (1रू1000) से साफ करें, लवण-मिश्रण दें तथा गलघोंटू व लंगड़ा बुखार के टीके अवश्य लगवाएं। सटीक मौसम जानकारी के लिए किसान  “मौसम सी जी“ (मेघदूत) ऐप का नियमित उपयोग करें।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english