ब्रेकिंग न्यूज़

 रायपुर में 24 अक्टूबर से ‘आदि बाज़ार 2026’ का आयोजन

 -देशभर के जनजातीय कारीगरों के पारंपरिक शिल्प और उत्पादों का होगा भव्य प्रदर्शन

-ट्राइफेड द्वारा 24 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक रायपुर के टाउन हॉल में किया जा रहा है आयोजन
 रायपुर। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) द्वारा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 24 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक ‘आदि बाज़ार 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपरा एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह 10 दिवसीय प्रदर्शनी रायपुर स्थित घड़ी चौक के समीप, कलेक्ट्रेट परिसर के टाउन हॉल में आयोजित की जाएगी।
 यह आयोजन देश की विविधतापूर्ण जनजातीय विरासत को आम नागरिकों तक पहुँचाने तथा दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले जनजातीय कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन हेतु प्रत्यक्ष मंच उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, जनजातीय आभूषण, मनमोहक चित्रकला, बाँस एवं काष्ठ शिल्प तथा प्राकृतिक व वन-आधारित जैविक उत्पादों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे।ट्राइफेड का प्रमुख ध्येय बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर जनजातीय उद्यमियों और कारीगरों को सीधे राष्ट्रीय बाज़ार व उपभोक्ताओं से जोड़ना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि और सतत आजीविका सुनिश्चित हो सके। ‘आदि बाज़ार’ जैसे मंच न केवल जनजातीय कारीगरों के आर्थिक सशक्तीकरण को गति देते हैं, बल्कि पीढ़ियों से संजोई गई पारंपरिक शिल्पकला एवं ज्ञान को राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान भी दिलाते हैं।
ट्राइफेड क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने रायपुरवासियों, कला प्रेमियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में इस प्रदर्शनी में उपस्थित होकर जनजातीय कारीगरों का उत्साहवर्धन करें और स्वदेशी जनजातीय उत्पादों की खरीदारी कर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण व संवर्धन में अपना योगदान दें।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english