ब्रेकिंग न्यूज़

 सेवा की कहानी : प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से पहारु राम का पक्के घर का सपना हुआ साकार

0- कभी कच्चे मकान में मौसम की मार झेलने को मजबूर था परिवार, अब पक्की छत के नीचे मिल रही सुरक्षा और सुकून
0- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
रायपुर। हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक पक्का घर हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सके। लेकिन आर्थिक अभाव के कारण कई जरूरतमंद परिवारों के लिए यह सपना वर्षों तक अधूरा रह जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम जनमन आवास योजना ऐसे ही परिवारों के सपनों को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में इस योजना का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पंड्रापाठ निवासी श्री पहारु राम की कहानी भी इसी सकारात्मक बदलाव का उदाहरण है।
 श्री पहारु राम वर्षों से अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में जीवनयापन कर रहे थे। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण घर के भीतर रहना मुश्किल हो जाता था। सर्दियों में ठंडी हवाओं और गर्मियों में तेज तपन से परिवार को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे चाहकर भी अपने परिवार के लिए पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे। ऐसे में सुरक्षित घर की उनकी इच्छा केवल एक सपना बनकर रह गई थी।उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत तब हुई, जब वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत उनके आवास की स्वीकृति मिली। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता और निर्माण सामग्री की उपलब्धता से उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया। वर्षों से कच्चे मकान की परेशानियां झेल रहे पहारु राम और उनके परिवार को अब सुरक्षित आशियाना मिल गया है। आज उनका परिवार पक्के घर में सुकून और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है।
श्री पहारु राम बताते हैं कि पक्का मकान बन जाने से उनके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले बारिश शुरू होते ही घर की चिंता सताने लगती थी, लेकिन अब मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का डर नहीं रहता। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित वातावरण में रह रहे हैं। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार मौसम की मार से सुरक्षित है। यह घर उनके लिए केवल चारदीवारी और छत नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुकून और सम्मान की नई पहचान है।अपने पक्के आवास का सपना पूरा होने पर श्री पहारु राम ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना ने उनके परिवार की वर्षों पुरानी चिंता दूर कर दी है और बेहतर जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान की महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। योजना से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास की सुविधा मिल रही है।
जशपुर जैसे जनजातीय बहुल जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगा रही है। पहारु राम का पक्का मकान इस बात का उदाहरण है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बसे परिवारों तक पहुंचने से उनके जीवन में कितना बड़ा परिवर्तन आ सकता है। कभी कच्ची छत के नीचे कठिनाइयों से जूझने वाला यह परिवार आज अपने पक्के आशियाने में सुरक्षित भविष्य के सपने संजो रहा है।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english