धान खरीदी घोटाला, व्यवस्थापक सहित सात लोगों पर जुर्म दर्ज
महासमुंद। जिले की पिरदा सहकारी समिति में किसानों से खरीदे धान, बारदाना के रखरखाव व भंडारण में 4 करोड़ 44 लाख 65 हजार 510 रुपए का घोटाला मामले में 7 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया है।
इस समिति में खरीदी से 17 हजार 210 क्विंटल धान का स्टॉक कम मिला था। साथ ही धान की 65 हजार 467 बोरियां कम पाई गई थी। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ करीब 3 साल बाद बसना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जानकारी मिली है कि न्यायालय के आदेश पर बसना पुलिस ने पिरदा सहकारी समिति में साल 2021 को हुई गड़बड़ी की शिकायत पर धारा 153, 3 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
ऑडिटर्स की जांच में यह पाया गया कि पिरदा सहकारी समिति में 2021 में कुल 68539.20 क्विंटल धान खरीदी गई थी। जिसमें 17 हजार 210 क्विंटल धान की कमी पाई गई। तब राज्य सरकार 2500 रुपए के समर्थन मूल्य पर प्रति क्विंटल धान खरीद रही थी। लिहाजा धान खरीदी, रखरखाव और परिवहन में ही 4 करोड़ 30 लाख 26 हजार 800 रुपए की अनियमितता बरती गई। वहीं समिति में जांच के दौरान 65 हजार 467 बारदाने की कमी पाई गई। इस बारदाने की कीमत 14 लाख 38 हजार 710 रुपए है। यानी धान खरीदी और बारदाने में 4 करोड़ 44 लाख 65 हजार 510 रुपए का घपला किया गया।
Leave A Comment