''मैं वापस आऊंगा'' को मिल रहे प्यार से अभिभूत हूं : इम्तियाज अली
नयी दिल्ली. फिल्मकार इम्तियाज अली इस बात से बहुत खुश हैं कि दर्शक "मैं वापस आऊंगा" को पसंद कर रहे हैं। बंटवारे की कहानी पर आधारित यह फिल्म दूसरे हफ़्ते में थियेटर में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अली फिल्म पर प्रतिक्रिया जानने के लिए विभिन्न शहरों का दौरा कर रहे हैं और सिनेमाघरों में जाकर दर्शकों से संवाद कर रहे हैं। बारह जून को रिलीज हुई फिल्म ''मैं वापस आऊंगा'' ने रिलीज के 10वें दिन सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। फिल्मों के व्यवसाय पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'सैकनिल्क' के अनुसार, फिल्म ने उस दिन भारत में 1,971 शो से 5.75 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की। अली ने कहा, ''आखिरकार जनता ही जनार्दन है।
हम अक्सर लोगों की पसंद का अनुमान लगाने की कोशिश करते हैं, उन्हें अलग-अलग वर्गों और सामाजिक-आर्थिक श्रेणियों में बांटते हैं तथा यह रणनीति बनाते हैं कि वे किसी ब्रांड या फिल्म पर कैसी प्रतिक्रिया देंगे। लेकिन मेरा मानना है कि लोग सिनेमा को काफी अच्छी तरह समझते हैं। वास्तव में हमें उनसे यह सीखना चाहिए कि फिल्म कैसे बनाई जाए और उसका प्रचार-प्रसार कैसे किया जाए।'' उन्होंने कहा, " 'मैं वापस आऊंगा' को मिल रही प्रतिक्रिया से मैं बेहद अभिभूत हूं। मैं सिनेमाघरों में जाकर दर्शकों के चेहरों को देखता रहता हूं और उनकी नजरों से फिल्म को समझने की कोशिश करता हूं। मैं अब तक छह शहरों का दौरा कर चुका हूं और आगे भी कई अन्य शहरों में जाने की योजना है।'' फिल्म को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन रिलीज के शुरुआती तीन दिन में बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन अपेक्षाकृत धीमा रहा। 'सैकनिल्क' के अनुसार, फिल्म की अब तक की कुल शुद्ध कमाई 24.25 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है।



.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)

Leave A Comment