ब्रेकिंग न्यूज़

वेस्टइंडीज को हराकर भारत सेमीफाइनल में

कोलकाता/ संजू सैमसन ने 'संकटमोचक' की भूमिका निभाते हुए नाबाद 97 रन बनाये जिसकी मदद से भारत ने 'क्वार्टर फाइनल' की तरह रहे टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में रविवार को वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां पांच मार्च को उसका सामना इंग्लैंड से होगा । दूसरे सेमीफाइनल में चार मार्च को दक्षिण अफ्रीका की टक्कर न्यूजीलैंड से होगी ।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर चार विकेट पर 194 रन बनाये । खचाखच भरे ईडन गार्डंस पर भारत के फॉर्म में चल रहे सभी बल्लेबाज नाकाम रहे लेकिन संजू ने संभवत: अपने कैरियर की सबसे यादगार पारी खेलकर वेस्टइंडीज के जीत के अश्वमेधी अभियान में नकेल कसी । अभिषेक शर्मा ( 11 गेंद में 10 रन) एक बार फिर न सिर्फ बल्ले से नाकाम रहे बल्कि उन्होंने दो कैच भी टपकाये जबकि ईशान किशन भी दस रन बनाकर आउट हो गए । कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद में 18 और तिलक वर्मा ने 15 गेंद में 27 रन बनाये । वहीं हार्दिक पंड्या 14 गेंद में 17 रन ही बना सके । वहीं संजू ने 50 गेंद की पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाये और सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरकर 'फिनिशर' की भूमिका निभाकर लौटे । भारत ने चार गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की । संजू ने 19वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड को स्क्वेयर लेग में छक्का लगाया और अगली गेंद पर चौका जड़ दिया । इसके साथ ही इस मैदान पर 2016 टी20 विश्व कप जीतने वाली कैरेबियाई टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई ।
जीत के बाद स्टैंड से ' मां तुझे सलाम' और 'चक दे इंडिया' जैसे गानों के बीच सैमसन घुटने के बल बैठे, हेलमेट उतारा और ईश्वर को याद किया । भारतीय टीम ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया । संजू ने तीसरे विकेट के लिये सूर्यकुमार के साथ 58 रन की साझेदारी की । इसके बाद तिलक के साथ 26 गेंद में 42 रन जोड़े । संजू के लिये यह काफी भावुक पल रहा होगा जो टीम में भीतर बाहर होते रहे हैं । पहले ईशान किशन की वापसी के कारण वह बाहर हुए । फिर नामीबिया के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा के बीमार होने पर उन्हें जगह मिली । पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अभिषेक की वापसी के बाद संजू फिर बाहर हुए और जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने वापसी की । पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 195 रन बनाये ।
रोस्टन चेस ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 25 गेंद में 40 रन बनाये । उन्होंने शाइ होप के साथ पहले विकेट के लिये 68 रन की साझेदारी की । होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाये । दोनों ने अच्छी शुरूआत करते भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया । भारत ने हालांकि 12वें ओवर में वापसी की जब जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट चटकाये । इसके बाद हालांकि रोवमैन पॉवेल और जैसन होल्डर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिये सिर्फ 35 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की । पॉवेल ने 19 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 34 रन बनाये जबकि होल्डर ने 22 गेंद में 37 रन बनाये जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे । बीच के ओवरों में बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन भारत ने उन्हें डैथ ओवरों के लिये बचाकर रखा जिसका कोई फायदा नहीं हुआ । पॉवेल ने अर्शदीप सिंह को 16वें ओवर में अच्छी खासी नसीहत देते हुए 24 रन निकाले । अर्शदीप ने चार ओवर में 43 रन दिये और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला । बुमराह ने चार ओवर में 36 रन देकर दो विकेट चटकाये । खचाखच भरे ईडन गार्डंस पर भारतीय टीम शुरूआत में दबाव में दिखी जब वेस्टइंडीज ने 53 गेंद में 68 रन जोड़ लिये । पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर कप्तान होप और बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए चेस ने पहले ओवर में सिर्फ तीन रन बनाये । इसके बाद होप ने हार्दिक पंड्या को मिडविकेट पर छक्का लगाया । अक्षर ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन भारत का क्षेत्ररक्षण ढीला था । चेस को जीवनदान भी मिला जब वरूण चक्रवर्ती ने गलत छोर पर थ्रो फेंककर रनआउट का मौका गंवा दिया । इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कवर पर उनका आसान कैच छोड़ा जब वह 14 रन पर थे । वरूण को नौवें ओवर में गेंद सौंपी गई जिन्होंने होप को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा । शिमरोन हेटमायेर ने आते ही पंड्या को छक्का लगाया और उस ओवर में 13 रन बने । इसके बाद उन्होंने वरूण को चौका और छक्का जड़ा । बुमराह ने 12वें ओवर में हेटमायेर और चेस को आउट किया । हेटमायेर ने 12 गेंद में 24 और चेस ने 25 गेंद में 40 रन बनाये ।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english