पब में भीषण आग से 27 लोगों की मौत
63 घायल, 22 की हालत गंभीर
बैंकॉक. थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक पब में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 63 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। शहर प्रशासन के अनुसार, उत्तरी बैंकॉक स्थित 'ना लाडप्राओ' बीयर हॉल में रविवार को मध्यरात्रि से पहले आग लग गई। दमकलकर्मियों ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब से आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। लोग जान बचाने के लिए बाहर भागते नजर आए। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टिपुंत ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जांचकर्ता छत में इस्तेमाल सामग्री के साथ साथ यह भी जांचेंगे कि कहीं आपातकालीन निकास मार्ग अवरुद्ध तो नहीं थे, जिससे लोगों को बाहर निकलने में कठिनाई हुई हो। सोमवार सुबह घटनास्थल को घेर लिया गया और फोरेंसिक विशेषज्ञ आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जले हुए मलबे की जांच में जुट गए। प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने उन्हें बताया कि मंच के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद बिजली चली गई, विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। अनुतिन ने बताया कि मृतकों में से कई लोगों के शव पब के पिछले हिस्से में मिले।
गवर्नर ने बताया कि 63 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 22 की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है और कई लोगों के पास पहचान पत्र नहीं हैं या वह बेहोश हैं। आग से पब के सामने की ओर लगी खिड़कियों के शीशे टूट गए और सड़क पर जले हुए टेलीविजन, स्पीकर तथा इलेक्ट्रिक गिटार सहित अन्य सामान बिखरा मिला। अंदर मेज-कुर्सियां बुरी तरह जल गईं। सोमवार सुबह कुछ बौद्ध भिक्षु मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने घटनास्थल पर पहुंचे। स्वास्थ्यकर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों को धुएं और जहरीले अवशेषों से बचाव के लिए मास्क वितरित किए। प्रशासन ने लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाने और परिजनों की सहायता के लिए घटनास्थल पर एक पंजीकरण केंद्र भी स्थापित किया है। गायिका सुकन्या वोंगवोंगवाई ने बताया कि वह पास में प्रस्तुति दे रही थीं। आग लगने की सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पर पहुंचीं क्योंकि उनके बैंड के कई सदस्य उस पब में प्रस्तुति दे रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके एक साथी की मौत हो गई, तीन अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक अन्य का अब तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा, ''अंदर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगते ही पूरा परिसर अंधेरे में डूब गया। बिजली चली गई थी और चारों ओर धुआं फैल गया था, जिससे लोग एक-दूसरे का पता नहीं लगा सके।'' थाईलैंड में इससे पहले वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में एक म्यूजिक बार में लगी आग में 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, एक जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हादसे का कारण परिसर के भीतर की गई आतिशबाजी को माना गया था।










Leave A Comment