ट्रंप ने चुनावी रैली में 'महंगाई से राहत' पर किया मजाक, भीड़ को आया पसंद
वाशिंगटन. अमेरिका में 5,000 अमेरिकी डॉलर से क्या-क्या हो सकता है? अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मानें तो इतनी राशि में उनके बेहद आलीशान 'मार-ए-लागो' रिसॉर्ट में सिर्फ एक हैमबर्गर खरीदा जा सकता है। अमेरिका में अगले सप्ताह राष्ट्रीय चुनाव होने वाले हैं और इस चुनाव में 'महंगाई' एक बड़ा मुद्दा बन गई है। हालांकि चुनाव के इस मौसम में राष्ट्रपति ट्रंप का यह मजाक राजनीति रूप से जोखिम भरा हो सकता है। देखा जाए तो ट्रंप ने अपने समर्थकों से मजाक में जो बातें कहीं उसका आशय यही है कि अगर वे 'मार-ए-लागो' का खर्च नहीं उठा सकते तो उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए। हालांकि भीड़ में मौजूद कई लोगों को ट्रंप का यह मजाक पसंद आया और वे अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने उनके मजाक पर ठहाके लगाए और इसे बुरा नहीं माना। यह मजाक बढ़ती महंगाई को लेकर था।
महंगाई एक ऐसा मुद्दा बन गया है जिसके बारे में विश्लेषकों का कहना है कि इसकी वजह से ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी कांग्रेस (संसद) पर अपना नियंत्रण खो सकती है। अमेरिका में तीन नवंबर को प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीट और 100 सदस्यीय सीनेट की 35 सीट के लिए चुनाव होंगे। प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों को मिलाकर ही अमेरिकी कांग्रेस बनती है। वर्तमान में रिपब्लिकन पार्टी का दोनों सदनों पर नियंत्रण है। कांग्रेस के चुनाव हर दो साल में होते हैं; इनमें से एक बार ये चुनाव चार साल में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के साथ होते हैं, जबकि बाकी मौकों पर ये राष्ट्रपति के कार्यकाल के बीच में होते हैं। ट्रंप ने वादा किया है कि अगर चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में नियंत्रण बरकरार रखती है, तो वह हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 अमेरिकी डॉलर का चेक देंगे। मंगलवार को टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी में एक चुनावी रैली में ट्रंप ने अपने समर्थकों से आग्रह किया कि वे 5,000 अमेरिकी डॉलर फ्लोरिडा या अमेरिका में कहीं भी खर्च करें, बस इसे देश के बाहर खर्च नहीं करें। ट्रंप ने कहा, ''फ्लोरिडा जाएं या हमारी किसी शानदार जगह पर जाएं। आप मार-ए-लागो भी आ सकते हैं। मैंने एक बार यही कहा था। मार-ए-लागो में आप मेरे मेहमान होंगे।
दिक्कत बस यह है कि 5,000 डॉलर में आप ज्यादा से ज्यादा एक हैमबर्गर और शायद कोई छोटी सी मिठाई ही खरीद पाएंगे। मुझे तो यह भी पक्का नहीं पता कि आप इतना भी खरीद पाएंगे या नहीं। नहीं, वहां मत जाइएगा। अगर आप कीमतों को लेकर सतर्क रहते हैं, तो वह जगह आपके लिए ठीक नहीं है।'' उनकी इस बात से भीड़ हैरान होने के बजाय हंस पड़ी और तालियां बजाने लगी, जो इस बात का संकेत है कि ट्रंप के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (मागा) के समर्थक उनके राष्ट्रपति बने रहने को लेकर कितने प्रतिबद्ध हैं। डेमोक्रेट्स और यहां तक कि कुछ 'मागा' समर्थकों ने भी 5,000 डॉलर की इस पेशकश का मजाक उड़ाया है। उनका कहना है कि यह वोट के लिए दी जाने वाली रिश्वत है। साथ ही, इसे लागू करना भी नामुमकिन है क्योंकि इसमें लगभग 1300 अरब डॉलर का खर्च आएगा और इसके लिए कांग्रेस की मंजूरी की भी जरूरत होगी।









.jpg)
Leave A Comment