म्यूजिक ग्रुप शिलांग चैंबर क्वायर के संस्थापक नील नोंगकिरिन्ह का मुंबई में निधन
शिलांग। म्यूजिक ग्रुप शिलांग चैंबर क्वायर (एससीसी) के संस्थापक और जानेमाने संगीतकार नील नोंगकिरिन्ह का संक्षिप्त बीमारी के बाद बुधवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। एससीसी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई के रिलायंस अस्पताल में उनका निधन हो गया। नोंगकिरिन्ह ने करीब एक दशक पहले एक रियलिटी टीवी शो के बाद एससीसी को राष्ट्रीय ख्याति दिलायी थी।
म्यूजिक ग्रुप के एक प्रवक्ता ने कहा कि नील और उनका दल पिछले तीन महीनों से मुंबई में था। उन्होंने कहा, "उन्हें कल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बुधवार शाम सर्जरी के बाद उनका निधन हो गया।" उन्हें 2015 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। नील ने लंदन के प्रतिष्ठित ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ़ म्यूज़िक एवं गिल्डहॉल स्कूल ऑफ़ म्यूज़िक से पढ़ाई की थी। वह इंग्लैंड में कई वर्षों तक संगीत कार्यक्रम पेश करने और शिक्षण के बाद 2001 में भारत आए तथा एससीसी की स्थापना की। एससीसी ने 2009 में प्रसिद्ध वियना ऑर्केस्ट्रा के साथ मिलकर कई संगीत कार्यक्रम पेश किए। एससीसी को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। 2011 में उनका क्रिसमस एल्बम देश में सबसे अधिक बिकने वाला गैर-फिल्मी एल्बम बन गया। एसीसी ने 2010 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और तत्कालीन प्रथम महिला मिशेल ओबामा के भारत यात्रा के दौरान कार्यक्रम पेश किया। वंदे मातरम के एससीसी संस्करण को भारतीय अंतरिक्ष रॉकेट चंद्रयान-2 के चंद्रमा पर उतरने के लाइव (सीधा) प्रसारण के दौरान बजाया गया था।
Leave A Comment